12 जिलों में पंचायत द्वितीय चरण नामांकन, चार जिपं और 11 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध होंगें घोषित
8 सीटों पर है मुकाबला
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में चार जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं जिनमें रमेश सिंह चौहान जितेंद्र प्रसाद अजय मौर्या और आनंद सिंह अधिकारी शामिल हैं। ये सभी सीटें भाजपा की झोली में गई हैं। 89 क्षेत्र पंचायत प्रमुखों में से 11 पदों पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। शेष पदों के लिए 14 अगस्त को मतदान होगा।
भाजपा के चार जिला पंचायत अध्यक्ष और 11 ब्लाक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित
उत्तरकाशी में रमेश सिंह चौहान, पिथौरागढ़ में जितेंद्र प्रसाद, ऊधम सिंह नगर में अजय मौर्या व चंपावत में आनंद सिंह अधिकारी निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित
शेष आठ जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा और कांग्रेस के मध्य आमने-सामने की है टक्कर
राज्य ब्यूरो, देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम कड़ी में जिला पंचायतों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुखों के चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। सोमवार को नामांकन के साथ चार जिला पंचायतों में अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
ये सीटें भाजपा की झोली में गई हैं। इनमें उत्तरकाशी से रमेश सिंह चौहान, पिथौरागढ़ से जितेंद्र प्रसाद, ऊधम सिंह नगर से अजय मौर्या व चंपावत से आनंद सिंह अधिकारी शामिल हैं। शेष आठ जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के मध्य आमने-सामने की टक्कर है।
इसके अलावा क्षेत्र पंचायतों में भी भाजपा ने जोरदार ढंग से खाता खोला है। 89 क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव में 11 पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की है। जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के जिला पंचायत मुख्यालयों और क्षेत्र पंचायत प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुख पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों में नामांकन दाखिल करने के साथ हुई।
सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन दाखिल करने के चलते वहां गहमागहमी रही। इसके बाद साढ़े तीन बजे से नामांकन पत्रों की जांच की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के चार पदों पर एक-एक प्रत्याशी के नामांकन और उनके पर्चे सही पाए जाने के बाद इन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
शेष आठ पदों के लिए 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। चंपावत में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर पुष्पा विश्वकर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं। ऊधम सिंह नगर जिले में उपाध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ।
शेष जिला पंचायतों में उपाध्यक्ष पद के लिए 24 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख पदों की बात करें तो 89 में से 11 में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इनमें चंपावत से अंचला बोरा, काशीपुर से चंद्रप्रभा, सितारगंज से उपकार सिंह, खटीमा से सरिता राणा, भटवाड़ी से ममता पंवार, डुंडा से राजदीप परमार, जाखणीधार से राजेश नौटियाल, चंबा से सुमन सजवाण, विकासनगर से नारायण ठाकुर, पाबौ से लता देवी व ताकुला से मीनाक्षी आर्य शामिल हैं।
शेष 78 पदों पर कितने प्रत्याशी मैदान में हैं, इसका ब्योरा रात 10 बजे तक राज्य निर्वाचन आयोग को उपलब्ध नहीं हो पाया था। जिपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, ज्येष्ठ व उप प्रमुख पदों के लिए मंगलवार को दोपहर दो बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 14 अगस्त को होगा।

