मत:इस्लामिक या ईसाई देश क्यों नही बन गया भारत ? वर्णाश्रम,दीनहीन ब्राह्मण बने बाधक?

काफी पहले 15वीं शताब्दी में ही जब फ्रांसिस ज़ेवियर जैसे लोग भारत में आत्माओं की फसल काटने आये तभी उन्हें समझ आ गया था कि कई पर्तों वाले इस समाज को पूरी तरह कुचलना आसान नहीं है। जहाँ बाकी जगह उनकी लड़ाइयों में पूरा-पूरा देश एक बार में अपना पुराना धर्म अपनी संस्कृति छोड़ कर उनके रंग में रंग जाता था, वैसा करना भारत में संभव नहीं हो रहा था। वर्ण व्यवस्था से सब के सब एक बार में बदलते ही नहीं थे ! भारत से जाते तक फ्रांसिस ज़ेवियर हत्याएं करवाता रहा, ब्राह्मणों को गालियाँ देता रहा, लेकिन सफल नहीं हुआ।

करीब 300 साल में सन 1857 का स्वतंत्रता संग्राम  कुचलने के बाद फिरंगियों के सामने कोई बड़ा विरोध नहीं बचा था,जो इक्का दुक्का सरदार बचे भी थे उनकी हत्या के बाद 30 साल में फिरंगी पूरी तरह भारत कब्जा चुके थे। अब उनकी जरूरत किसी विद्रोह को कुचलने की नहीं , वो चाहते थे कि भारत में अगला कोई विद्रोह शुरू ही ना हो सके। इस काम को सबसे पहले तो सांस्कृतिक एकता के स्थलों यानि कि मंदिरों को शक्तिहीन किया गया। उनके आर्थिक स्रोत हथिया लिए गए जिस से वो लड़ने की सोच ना सकें।

जब तक विचार ना कुचले जाते तब तक इसाई मजहब और उससे सांस्कृतिक विरोध दबाना संभव नहीं था। इसी कड़ी में भारत में कई प्रचारकों और प्रशासनिक इकाइयों ने काम शुरू किया। उनका हथियार था साहित्य, जिस से सभ्यता के पुराने रूप को या तो विकृत किया जाना था या नए को पनपने से रोकना था। 1860 के बाद के दौर में अच्छे लेखकों और वक्ताओं को प्रश्रय देना शुरू किया गया। मुग़ल शासन का अंत होने पर मिर्जा ग़ालिब भी कुछ समय अंग्रेजों की सेवा में रहे थे।

सन 1890 के आस पास जब ब्रिटिश भारत में जम चुके थे तो भारत में उनका सिक्का जमाने वालों में से एक जॉन स्ट्राचे (Sir John Strachey) कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में भारत पर लेक्चर दे रहे थे। इन सारे लेक्चर्स को बाद में संकलित कर के एक किताब की शक्ल दी गई जिसका ना था “इंडिया”। ब्रिटिश राज के शुरुआती दौर में उसकी फ़ौज और उसके सिविल सर्विस की जब बात होती है तो ज्यादातर इसी किताब से उदाहरण दिए जाते हैं। हाल में  एक झूठ प्रचारित करने की दोबारा कोशिश की गई थी कि “भारत अंग्रेजों से पहले कोई एक देश नहीं था” वो आईडिया दरअसल जॉन स्ट्राचे की इसी किताब से था।

स्ट्राचे के हिसाब से यूरोप के देशों के आपसी मतभेदों की तुलना में भारत के “देशों” के आपसी मतभेद बहुत ज्यादा थे। उनके हिसाब से स्कॉटलैंड और स्पेन में कुछ चीज़ें मिलती- जुलती हो सकती हैं, लेकिन बंगाल और पंजाब बिलकुल अलग- अलग हैं। उनके हिसाब से भारत के अलग-अलग हिस्सों में कभी-कभी “राष्ट्रवाद” पनप सकता था, लेकिन वो सिर्फ एक छोटे से हिस्से में होगा, मद्रास, पंजाब, बंगाल और उत्तर-पश्चिम के प्रान्त सब एक साथ एक राष्ट्रवाद की बात करें, ऐसा नहीं हो सकता। जब स्ट्राचे ये बातें कर रहे थे ठीक उसी समय भारत में एक फिरंगी ए.ओ.ह्यूम्स की सहायता से भारतीय कांग्रेस नाम का एक संगठन बना रहे थे।

सभी हिन्दुस्तानियों की एक साथ बात करने वाले एक डिबेट क्लब से फिर लाल, बाल, पाल के दौर तक आने और अंत में गाँधी के शामिल होने और उनके छोड़ने तक कांग्रेस का अपना ही इतिहास रहा है। लेकिन सन 1890 से लकर 1940 हो जाने के और पचास लम्बे सालों में भी भारत के शत्रुओं ने कभी भारत को एक राष्ट्र स्वीकार नहीं किया। सन 1930-31 के बीच के अपने भाषणों में विंस्टन चर्चिल (थोड़ी सी सभ्य भाषा में) करीब – करीब वही दोहराता रहा जो पहले ही फ्रांसिस ज़ेवियर काफी पहले कह गया था।

“आवर ड्यूटी टू इंडिया” में अल्बर्ट हॉल के अपने भाषण में 1931 की शुरुआत में चर्चिल का कहना था कि वो भारत को ब्राह्मणों के शासन को नहीं छोड़ सकता। ये एक भारतीय जनता के प्रति अपराधिक और क्रूर उपेक्षा होगी। उसके हिसाब से अंग्रेजों के जाते ही अंग्रेजों के स्थापित, न्यायिक, रेलवे, चिकित्सा जैसे सारे तंत्र ख़त्म हो जाते और भारत वापस मध्ययुगीन बर्बरता के समय में पहुँच जाता। इस दौर के “नमक सत्याग्रह” में जब भारत को उपनिवेश बनाने की चर्चा चल रही थी तो चर्चिल इसे कपोल कल्पना और कपट भरी साजिश बता रहा था। सन 1947 के बाद भी ऐसी चर्चा बंद हो गई हो ऐसा बिलकुल भी नहीं हुआ। फ्रांसिस ज़ेवियर की परंपरा का निर्वाह करते हुए रोबर्ट डाह्ल भारतीय गणतंत्र के लम्बे समय टिकने को संदिग्ध बताता है। भारत में लोकतंत्र के दो दशक बीतने के बाद एक भारत के प्रति “सहानुभूति” रखने वाले ब्रिटिश पत्रकार डॉन टेलर का सवाल था कि क्या भारत एक रह पायेगा ? 524 मिलियन लोगों और पंद्रह प्रमुख भाषाओँ वाला देश टूटेगा कब इस इंतजार में 1970 के दशक का डॉन टेलर भी रहा।

अपने सांस्कृतिक नजरिये से आक्रमणकारियों को भारत हमेशा अप्राकृतिक लगता रहा।

आश्चर्य की बात थी कि सर सोच सकता है, हाथ सोच नहीं सकता फिर दोनों ही एक शरीर क्यों हैं ? दिमाग हाथ को अलग क्यों नहीं करता ? हाथ के किसी काम से पैर का कोई फायदा होता भी नहीं दिखता था। पैर को पूरे शरीर का वजन भी उठाना पड़ता, गंदगी में भी चलने के लिए पैर इस्तेमाल होता था, फिर भी वो हाथ को अपने से अलग करने की जिद नहीं मचा रहा था। जब स्वाद का सुख सारा मूंह को मिल रहा था तो फिर उसके खाए को पेट क्यों पचाए ? एक दूसरे के लिए, मुफ्त की मेहनत करने वाले शरीर के हिस्से, एक साथ क्यों हैं, ये आक्रमणकारी सभ्यता को समझ में ही नहीं आ पा रहा था। ये सवाल अब भी बाकी है।

ऐसा ही एक बड़ा सा सवाल है कि राष्ट्र पर, लम्बे समय के वैचारिक हमले पर ये लेख लिखा कैसे गया ? इस दूसरे साधारण से सवाल का जवाब हम दे सकते हैं। हमने रामचंद्र गुहा की लिखी इंडिया आफ्टर गांधी से कुछ जानकारी उठाई है, (करीब करीब हुबहू नक़ल है!) उसमें अपनी धूर्तता मिलाई है और सामने रख दिया है। आम तौर पर पूछने से रामचंद्र गुहा कोई राष्ट्रवादी नहीं माने जायेंगे। आम भारतीय जो सोचता है, उस हिसाब से वो कुछ भी बोल या लिख नहीं रहे होते।

तो सवाल है उनके ही लिखे को ये भगवा कैसे रंग दिया ? आसान है। भारत में हमेशा से नीर-क्षीर विवेक की बात की जाती है। भावना में बहे जाते मूर्ख लोग उसे भक्ति से जोड़ते हैं। हमने बिलकुल वही उठा कर गुहा के लिखे में से तथ्य निकाले, और फिर उन्हें उनके निकाले हुए अर्थ को हटा कर अपने हिसाब के अर्थ के साथ एक जगह कर डाला है। ये काम बिलकुल आसान है और ये किसी भी किताब पर किया जा सकता है। क्या पढ़ना जरूरी है, क्या सच है, और किसे पढ़े बिना छोड़ देना चाहिए, कौन सा इंटरप्रिटेशन है वो तय किया जा सकता है।

सालों पे गौर कीजिये तो दिखेगा की 1890 से 1947 सिर्फ पांच दशक ही हैं। पचास साल भी इतिहास होता है। अपना इतिहास खुद लिखना सीखिए। तथ्य आपको अख़बारों में मिलते हैं, मोबाइल के कैमरे में ले सकते हैं। कोई और आकर नहीं करने वाला है, ये आपका काम है। आपका इतिहास कोई और आकर क्यों लिखेगा भला ? कामचोरी छोड़कर खुद को कष्ट दीजिये। सावरकर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम पर लिख कर जा चुके। इस दौर का आपको खुद ही लिखना होगा। आह वाह करते सर हिलाने के बदले हाथ पैर हिलाइए।

जैसे “सम्पूर्ण स्वराज्य” कांग्रेस का नारा नहीं था, ये उन्होंने सरदार भगत सिंह के भाषणों से चुरा कर हथिया लिया था वैसे ही संविधान बनाने की योजना भी कांग्रेसियों की नहीं थी। भारत का अपना संविधान हो ये बात 1936 के दौर में सबसे पहले कम्युनिस्ट नेता एम.एन.रॉय ने उठाई थी। बाद में कांग्रेस ने इसे भी हथिया लिया। कुछ साल बाद 1940 में ब्रिटिश उपनिवेशवादियों ने ये मांग मान ली। भारतीय लोगों को अपना संविधान बनने की इजाजत “अगस्त ऑफर” से मिली।

कांग्रेस के 208 और मुस्लिम लीग के 73 सदस्य इस सभा में चुनकर आ गए। संविधान सभा की पहली बैठक अखंड भारत में 9 दिसम्बर, 1946 को हुई थी। जैसा कि अंदाजा लगाया जा सकता है मुस्लिम लीग को कांग्रेस और भारत का साथ रास नहीं आ रहा था तो उन्होंने अपने लिए अलग सभा बनाने की मांग शुरू कर दी। ये करीब करीब भारत की ब्रिटिश उपनिवेशवादियों से आजादी का दौर था। बंटवारे के बाद कई सदस्य भारत के नहीं रहे, उन्हें पाकिस्तान जाना पड़ा। ऐसे में भारत की संविधान सभा के लिए फिर से चुनाव हुए।

✍🏻आनंद कुमार

सर जॉन स्ट्रेची (Sir John Strachey) द्वारा लिखित प्रसिद्ध पुस्तक ‘इंडिया: इट्स एडमिनिस्ट्रेशन एंड प्रोग्रेस’ (India: Its Administration and Progress) है, जो पहली बार 1888 में प्रकाशित हुई थी। यह पुस्तक ब्रिटिश भारत के प्रशासन, अर्थव्यवस्था और नीतियों पर एक आधिकारिक औपनिवेशिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।

पुस्तक के मुख्य बिंदु हैं:
पृष्ठभूमि: जॉन स्ट्रेची एक प्रमुख ब्रिटिश सिविल सेवक और भारत में औपनिवेशिक प्रशासक थे, जो उत्तर-पश्चिमी प्रांतों के लेफ्टिनेंट-गवर्नर रहे।
विषय-वस्तु: इसमें भारत के भूगोल, प्रशासन, राजस्व, कृषि, रेलवे, अकाल राहत और सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों का विस्तृत विश्लेषण किया गया है।
ऐतिहासिक दृष्टिकोण    : पुस्तक ब्रिटिश साम्राज्य का दृष्टिकोण दर्शाती है। इसमें स्ट्रेची ने भारत की विविधता और ब्रिटिश शासन के दौरान हुए ‘प्रशासनिक सुधारों’ का उल्लेख किया है।
स्ट्रेची का प्रसिद्ध कथन: पुस्तक में स्ट्रेची ने एक बहुत ही चर्चित और विवादास्पद टिप्पणी की थी: “भारत नाम का कोई देश नहीं है और न ही कभी कोई ऐसा देश था।” उनके अनुसार, भारत विभिन्न संस्कृतियों, धर्मों और जातियों का एक समूह मात्र था।

यह पुस्तक ब्रिटिश काल में भारत की प्रशासनिक व्यवस्था और साम्राज्यवादी मानसिकता समझने को एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज मानी जाती है। पुस्तक डिजिटल रूप में पढ़ने या डाउनलोड करने को आप Internet Archive की वेबसाइट पर जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *