THDC चमोली टनल में दो अभी भी लापता,मृतक संख्या 8,12 बचाये

टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू अभियान तेज, हर संभावित स्थान पर बारीकी से खोजबीन

पंपों से पानी निकालने, मलबा हटाने और टनल में फंसी मशीनों को बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी

हर चुनौती को पार कर आगे बढ़ रहा रेस्क्यू अभियान, लापता दो लोगों की तलाश जारी

चमोली 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की खोज को जिला प्रशासन ने रविवार को रेस्क्यू अभियान और तेज किया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा रेस्क्यू में जुटी सभी टीमों से समन्वय करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

लापता दोनों लोगों की तलाश को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल में पानी का स्तर कम करने को पंपों से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। पानी की निकासी से टनल में रेस्क्यू टीमों के आगे बढ़ने और प्रभावित हिस्सों में गहन खोजबीन करने को रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

रेस्क्यू अभियान में टनल में फंसी मशीनों एवं अन्य भारी अवरोध हटाने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों एवं उपलब्ध तकनीकी संसाधनों से फंसी मशीनें बाहर निकालने का प्रयास तेजी से चल रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों को टनल में आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो सके। मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाते हुए संभावित सभी स्थानों पर बारीकी से खोजबीन हो रही है।

रेस्क्यू टीमें टनल में प्रत्येक संभावित स्थान को चिन्हित कर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। मलबे में छोटी से छोटी जगह और ऐसे सभी हिस्सों की भी गहन जांच की जा रही है, जहां लापता लोगों के होने की संभावना है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर टीमें लगातार आगे बढ़कर खोजबीन कर रही है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच से दुर्घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोग बाहर निकाले गये हैं। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार को भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश को रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से की बातचीत

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य सरकार टीएचडीसी टनल दुर्घटना से प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। इसी क्रम में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री, उत्तराखंड सरकार मदन कौशिक ने हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी ई लिमिटेड, विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना, पीपलकोटी श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। प्रतिनिधिमंडल ने टनल दुर्घटना के बाद श्रमिकों एवं उनके परिवारों के समक्ष उत्पन्न परिस्थितियों से मंत्री को अवगत कराया तथा प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता एवं दीर्घकालिक राहत की मांग रखी।

श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने आर्थिक सहायता के साथ, आजीविका की दीर्घकालिक व्यवस्था, घायल श्रमिकों को आर्थिक सहायता देने के साथ निःशुल्क उपचार की मांग के साथ प्रतिनिधिमंडल ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी है।

मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल की सभी बातें गंभीरता से सुनी और कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा एवं उनके हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से श्रमिकों की मांगों एवं वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

मंत्री कौशिक ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से समन्वय तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे।

इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, महामंत्री भाजपा विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी व प्रतिनिधि मण्डल के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *