दहेजलोभी शहबाज ने शादी के चार माह बाद ही कंबल से मुंह दबाकर मार डाली पत्नी कहकशां

दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, शादी के चार माह बाद ही पति ने कंबल से मुंह दबाकर की हत्या
देहरादून में दहेज के लिए एक नवविवाहिता कहकशां आलम की उसके पति शहबाज आलम ने कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी।

आरोपित शहवाज आलम व मृतका कहकशां।

देहरादून 05 मार्च 2026। दहेज के लोभी पति ने बीमार नवविवाहित का कंबल से मुंह दबाकर हत्या कर दी। मामले में पर्दा डालने के लिए उसने पत्नी को अस्पताल में भी दाखिल कराया।

चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया और मामला संवेदनशील देख पुलिस को सूचना दी। इस पर आरोपित पति मृत पत्नी को छोड़कर फरार हो गया।

इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित पति शहबाज आलम के अलावा सास, ससुर, देवर सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया है।

रुद्रप्रयाग के अपर बाजार निवासी सलमान आसिफ ने बताया कि उनकी बहन कहकशां आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम निवासी रिस्पना नगर, नेहरू कालोनी मूल निवासी ग्राम दिनौड़ा, थाना नांगल, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से हुई थी।

शादी के बाद से ही पति व अन्य स्वजन उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। तीन अप्रैल की रात उसके ससुराल वाले कहकशां को मृत अवस्था में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद आरोपित पति वहां से फरार हो गया।

इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित पति सहित पांच के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया।

विवाह को मात्र चार माह ही हुए थे, जिस पर संबंधित मजिस्ट्रेट की ओर से मृतका का पंचायतनामा भरा गया। मृतका के पोस्टमार्टम की कार्रवाई चिकित्सक के पैनल द्वारा की गई और विवेचना क्षेत्राधिकारी मसूरी के सिपुर्द की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गुरुवार को आरोपित पति शहवाज आलम को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि विवाह उसकी मर्जी के विरुद्ध कराया गया था। कहकशां कम पढ़ी-लिखी थी। स्वजन की इज्जत के खातिर उसने शादी के लिए हामी की। कम दहेज लाने के कारण उसका व उसके स्वजन का उसकी पत्नी के प्रति व्यवहार बदल गया।

एक सप्ताह पहले बनाई थी रास्ते से हटाने की योजना
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने कहकशां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

आरोपित की योजना थी कि कहकशां को मारने के बाद वह दूसरी जगह किसी पढ़ी-लिखी महिला से शादी कर लेगा, जहां से उसे अच्छा दहेज मिल जाएगा।

इस बीच कहकशां की तबीयत खराब होने पर उसने उसका इलाज श्री महंत इंदिरेश अस्पताल से करवाना शुरू कर दिया।

योजना के मुताबिक, आरोपित तीन मार्च को कहकशां के नींद आने का इंतजार करने लगा। जब वह सो गई तो आरोपित ने कंबल से उसका मुंह दबा दिया।

दम घुटने के कारण कहकशां की मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपित ने अपने घरवालों को घटना के संबंध में बताते हुए कहकशां को अस्पताल लेकर गया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मायके वालों की आंखों में धूल झोंकने की थी योजना
आरोपित शहबाज आलम ने कहकशां के मायके वालों को भी उसकी हालत गंभीर होने तथा उसे इलाज के लिए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल लेकर जाने की बात बताई थी।

उसकी योजना थी कि कहकशां के स्वजन व अन्य सभी को वह बीमारी के कारण उसकी मृत्यु होने का विश्वास दिला देगा, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी मृत्यु की पुलिस को सूचना दे दी। इसकी भनक लगने पर मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *