नगरासू गुरुद्वारा गतिरोध: पुलिस पर पथराव, एक निहंग पकड़ा, हेलीकॉप्टर से पंजाब भेजने की मांग
नगरासू गुरुद्वारा गतिरोध: पुलिस पर पथराव, एक निहंग पकड़ा, हेलीकॉप्टर से पंजाब भेजने की मांग
नगरासू के गुरुद्वारा दमदमा साहिब पर निहंगों के कब्जे का विवाद तीसरे दिन भी नहीं सुलझा, जहां वे हेलीकॉप्टर से पंजाब भेजे जाने की मांग पर अड़े हैं।
नगरासू स्थित गुरुद्वारे में निहंगों के कब्जे के चलते पैदा हुआ विवाद अभी नहीं सुलझ पाया है।
नगरासू गुरुद्वारा पर निहंगों का कब्जा तीसरे दिन भी जारी
पुलिस ने एक निहंग को हिरासत में लिया, पथराव भी हुआ
निहंग हेलीकॉप्टर से पंजाब भेजने की मांग पर अड़े हैं
रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में निहंगों के कब्जे के चलते पैदा हुआ विवाद तीसरे दिन भी नहीं सुलझ पाया।
प्रशासन, पुलिस व आइटीबीपी की तमाम कोशिशों के बावजूद चार निहंग सोमवार को भी गुरुद्वारे की छत पर डटे रहे।
इस बीच पुलिस ने एक निहंग को तब हिरासत में लेने में सफलता हासिल की, जब वह भोजन लेने के लिए नीचे आया हुआ था। दूसरा निहंग भागने में सफल रहा, क्योंकि इस दौरान छत पर मौजूद निहंगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
बताया जा रहा कि निहंग हेलीकाप्टर से उन्हें पंजाब भेजने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले रविवार देर रात दो निहंग स्वयं नीचे आकर पुलिस से माफी मांगने के बाद पंजाब के लिए रवाना हो चुके हैं।
बीते 16 जून को कर्णप्रयाग में पार्किंग को लेकर स्थानीय निवासियों व निहंगों के बीच हुए विवाद में निहंगों ने तलवारों से स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए थे।
निहंगों का आरोप है कि इस प्रकरण में स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई, जिससे वे असंतुष्ट हैं।
इसके चलते शनिवार दोपहर सात निहंग गुरुद्वारा पहुंचे और सेवादारों से हाथापाई के बाद ऊपरी मंजिल पर कब्जा कर लिया। वे छत पर चढ़कर तलवारें भी लहराने लगे। रविवार को भी निहंग गुरुद्वारे में ही डटे रहे। वे कर्णप्रयाग की घटना के बाद गिरफ्तार किए गए निहंगों को रिहा करने की मांग कर रहे हैं।
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक निहंग जैसे ही शस्त्र के साथ भोजन लेने नीचे आया, पुलिस ने उसे पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भागकर दोबारा छत पर पहुंच गया।
गुरुद्वारे में मौजूद निहंगों ने चेतावनी दी है कि मांगें न माने जाने तक वे नीचे नहीं उतरेंगे। इसके चलते गुरुद्वारा परिसर में दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल और आइटीबीपी के जवान तैनात रहे।
प्रशासन दिनभर निहंगों से संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास करता रहा, लेकिन इसका उन पर कोई असर नहीं पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में एक निहंग ने छत से तलवार लहराई और कुछ पत्थर व ईंटें भी नीचे फेंकीं।
निहंगों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने छत पर चढ़ने का प्रयास किया गया तो स्थिति बिगड़ सकती है। इसी कारण पुलिस-प्रशासन सख्ती करने से बच रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता बातचीत से मामले का समाधान निकालने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने की है।
बहस, डर और फिर छत पर डेरा… उत्तराखंड के नगरासू गुरुद्वारे मामले में निहंगों का यू-टर्न, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में निहंग सिखों और सेवादारों के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न तो गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा किया गया है और न ही किसी को बंधक बनाया गया है. हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है.
प्रशासन का कहना है कि चारधाम और हेमकुंड यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ा है
नगरासू,उत्तराखंड,22 जून 2026,उत्तराखंड के नगरासू गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुई घटना के संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए सामान्य और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 जून को अपराह्न 3:40 बजे पुलिस कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और कहासुनी हो रही है. सूचना प्राप्त होते ही घोलतीर चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया.
उन्होंने बताया कि मौके पर गुरुद्वारे के सेवादारों और वहां आए कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी विषय को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी. पुलिस द्वारा तत्काल कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की गई तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई. इस दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए तथा उन्होंने छत तक पहुंचने वाले मार्ग को बंद कर दिया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस, जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा लगातार निहंग सिखों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उनकी समस्याओं को समझने और समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है. वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा एक निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासन और पुलिस के साथ बातचीत कर रहा है. शेष व्यक्तियों से भी लगातार संवाद जारी है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कई जानकारियां भ्रामक और तथ्यहीन हैं. गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है तथा न ही किसी को बंधक बनाया गया है. गुरुद्वारे में लंगर व्यवस्था पूर्ववत सुचारू रूप से संचालित हो रही है. श्रद्धालु और यात्री सामान्य रूप से गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं, ठहर रहे हैं तथा अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं. इसके अतिरिक्त गुरुद्वारे में अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित हो रही हैं.
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है. यात्रा मार्गों पर कहीं भी किसी प्रकार का ट्रैफिक अवरोध या व्यवधान नहीं है तथा सभी श्रद्धालु सहज और सुरक्षित रूप से आवागमन कर रहे हैं. सड़क मार्ग भी पूर्ण रूप से संचालित हैं और यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं.
जिलाधिकारी मिश्रा ने कहा कि कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिनका वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन एवं पुलिस की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बिना किसी चिंता के श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा में सम्मिलित होने का आह्वान किया.
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने भी कहा कि चारधाम यात्रा और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पूर्णतः सामान्य रूप से संचालित हो रही है.यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा प्रमुख स्थलों और संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है.यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू है और सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं.
प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से सभी नागरिकों, स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा न करने की अपील की है.
प्रशासन का पक्ष
प्रशासन के अनुसार 7 निहंग सिखों में से एक नीचे उतरकर प्रशासन से बातचीत कर रहा है. प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि बातचीत के सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं और जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.
प्रशासन का कहना है कि गुरुद्वारे पर कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी को बंधक बनाया गया है. सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों से बचने की अपील की गई है.
निहंग सिख का बयान
7 निहंगों में से एक ने नीचे आकर बयान दिया कि, “हम ऋषिकेश से कर्णप्रयाग जा रहे थे और यात्रा कर रहे थे. नगरासू गुरुद्वारे में खाने के लिए रुके थे. जब अंदर पहुंचे तो वहां सेवादारों ने हमारे साथ बदतमीजी की. जब हम बाहर निकले तो पुलिस को देखकर हमें लगा कि गुरुद्वारा प्रबंधन ने हमारे लिए पुलिस बुला ली है. इसी डर की वजह से हम छत पर चले गए. मैं बिल्कुल ठीक हूं और अपने घर जाना चाहता हूं.”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीहारिका ने क्या बताया?
रुद्रप्रयाग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने फोन पर बताया कि अब तक की जांच और बातचीत में सामने आया है कि निहंगों का विवाद नगरासू गुरुद्वारा के सेवादारों से हुआ था.कर्णप्रयाग के किसी मामले का निहंगों की बातचीत में कहीं भी जिक्र नहीं किया गया है.
उन्होंने बताया कि सेवादारों से विवाद बाद गुस्से में कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए थे.उनमें से एक नीचे उतरकर प्रशासन से बातचीत कर रहा है.वह सुरक्षित है और प्रशासन को उम्मीद है कि बाकी निहंग भी मान जाएंगे.गुरुद्वारे में अरदास और लंगर की व्यवस्था पूर्णरूपेण सुचारू चल रही है.
