बाघ शिकार के मुख्य आरोपित आमिर हमजा पकडने में वन विभाग फेल,चकमा दे कोर्ट में आत्मसमर्पण

बाघ शिकार मामले के मुख्य आरोपित आमिर हमजा ने कोर्ट में किया सरेंडर, हंगामे के बाद रिमांड पर लेने की तैयारी.

हरिद्वार 25 मई 2026 : बाघ शिकार मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित आमिर हमजा उर्फ मियां कोर्ट में आत्मसमर्पण करने में कामयाब हो गया है. सोमवार 25 मई सुबह करीब साढ़े दस बजे आरोपित आमिर हमजा ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया. हालांकि, वन विभाग की टीम ने उसे वकील के चैंबर में पकड़ना चाहा लेकिन वकीलों ने टीम को रोक दिया. हंगामे के बाद आमिर हमजा ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. अब वन विभाग के अधिकारी आमिर हमजा की रिमांड लेने की तैयारी कर रहे हैं.

18 मई से चकमा दे रहा था आमिर हमजा: हरिद्वार वन विभाग की श्यामपुर रेंज स्थित सजनपुर बीट में दो बाघों को जहरीला पदार्थ देकर मारा गया था और जंगल से उनके शव बरामद हुए थे. इस मामले में वन विभाग की टीम ने आलम उर्फ फम्मी (पुत्र शमशेर), आशिक (पुत्र गामा), जुप्पी(पुत्र अल्लू) और यूसुफ (पुत्र कालू ) को पकड़कर जेल भेज दिया था. लेकिन मुख्य आरोपित आमिर हमजा उर्फ मियां वन विभाग की पकड़ से बाहर चल रहा था.पकडे जाने के डर से उसने अपने वकील सज्जाद अहमद द्वारा सीजेएम कोर्ट में समर्पण आवेदन दिया।
मामल में अभी तक 4 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं.
पिछले तीन दिन से वन विभाग की टीम उसकी घेराबंदी में जुटी थी. कोर्ट परिसर में सादे कपड़ों में वनकर्मी थे. सोमवार को कोर्ट में आमिर हमजा पहुंचा और वकील के चैंबर में बैठ गया. इस बीच वनकर्मियों को उसकी भनक लग गई. वनकर्मियों ने उसे पकडना चाहा लेकिन वकीलों ने ऐसा होने नहीं दिया. इस तरह उसने कोर्ट में समर्पण कर दिया और वन विभाग की टीम को आखिरी मौके पर भी चकमा देने में सफल रहा.

रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटा वन विभाग: आमिर हमजा उर्फ मियां बाघों के शिकार मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, उसी ने ही मृत भैंस पर जहर छिड़कने की योजना बनाई थी. बाघों की मौत के बाद उसी ने ही उनके पैर काटे थे. आमिर के पास इस मामले के कई राज हैं, जो उसकी गिरफ्तारी के बाद खुल सकते थे क्योंकि अभी तक पैर और धारदार हथियार भी बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल वन विभाग आमिर हमजा को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रहा है. रिमांड मंजूर होने पर हो सकता है, वो सारे राज उगल दे.

क्या बोले अधिकारी: डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि, वन विभाग की टीमें आमिर हमजा उर्फ मियां की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं. आज उसने रोशनाबाद स्थित कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. आमिर हमजा को रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है. रिमांड मिलते ही उससे पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

TAGGED:

हरिद्वार बाघ शिकार मामला
बाघ शिकार मामले का मुख्य आरोपी
PRIME ACCUSED TIGER HUNTING CASE
AAMIR HAMZA SURRENDERS
HARIDWAR TIGER POACHING CASE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *