बारावफात पर गाजियाबाद में भी धमकी,दो बंदी
ghaziabad Loni Eid Miladunnabi Julus Objectionable Song Reel Case Two Arrested
‘तेरी हस्ती न मिटा दूं’ गाने पर रील बनाना पड़ गया भारी; गाजियाबाद में दो गिरफ्तार, गरमाया था विवाद
गाजियाबाद में आपत्तिजनक गाने पर रील बनाना दो लोगों पर भारी पड़ गया। गाजियाबाद पुलिस ने मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान बनाई गई थी रील
हनुमान जी की प्रतिमा के सामने वीडियो किया शूट
रील के बैकग्राउंड में बजने वाले गीत पर गहरी आपत्ति
लोनी में आपत्तिजनक रील मामले में दो आरोपी गिरफ्तार (फोटो: सोशल मीडिया)
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान आपत्तिजनक गाने पर रील बनाने का मामला सामने आया। सोशल मीडिया पर रील अपलोड होते ही विवाद भड़का। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है। इस रील को लेकर लोगों का गुस्सा भड़कने और पुलिस से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अब कार्रवाई की है।
क्या है मामला?
मामला लोनी थाना क्षेत्र का है। यहां ईद मिलादुन्नबी के जुलूस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दिखता है कि जुलूस एक हनुमान मंदिर के सामने से गुजरता है। वहां बजरंगबली की विशाल प्रतिमा लगी हुई है। जुलूस में शामिल दो युवक इसी दौरान रील बनाते हैं। रील में हनुमान जी प्रतिमा को भी रिकॉर्ड किया गया है। इस रील वीडियो के बैकग्राउंड में बज रहे गाने पर आपत्ति जताई जा रही है।
दरअसल, वीडियो में बजरंगबली की प्रतिमा के साथ गाना बजता है, ‘तेरी हस्ती ना मिटा दूं तो मैं मुसलमान नहीं’। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने गाने के बोल के साथ वीडियो दृश्य पर आपत्ति जताई। आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग होने लगी।
पुलिस ने की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर मामला गरमाने के बाद यह पुलिस प्रशासन तक भी पहुंचा। इसके बाद वीडियो की जांच शुरू की गई। वीडियो से जुड़े दो युवकों की पहचान भी सामने आई। मामले में पुलिस ने मुस्तफाबाद निवासी समीर पुत्र अरशद अली और जैद पुत्र मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और किस परिस्थिति में बनाया गया था।
पुलिस इसके साथ-साथ वीडियो में इस्तेमाल किए गए ऑडियो और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की भी जांच की जा रही है। मामले में दावा किया जा रहा है कि समीर और जैद ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया एकाउंट से पोस्ट किया था। इसके बाद यह तेजी से फैलने लगा। पुलिस ने लोगों से भड़काऊ वीडियो बिना पुष्टि शेयर न करने की अपील की है।


