भाजपा के महेश जगूड़ी कांंग्रेस में
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा को लगा झटका,महेश जगूड़ी ने थामा कांग्रेस का हाथ
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 जैसे-जैसे नजदीक आ रहे है,नेताओं के दल-बदल का खेल भी शुरू हो गया है.
uttarakhand-assembly-elections-2027
अमित जोशी और महेश जगूड़ी कांंग्रेस में शामिल हुए.
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और बीजेपी अपना कुनबा बढ़ाने में लगे हुए है. इसी क्रम में आज गुरुवार 26 नवंबर को उत्तराखंड के कई नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा है. एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मीडिया प्रभारी अमित जोशी ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की तो वहीं डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और मोथरोवाला धर्मपुर विधानसभा के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश जगूड़ी भी कांग्रेस में चले गए.
गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय देहरादून में सभी नेताओं की ज्वाइनिंग कराई गई. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी की मौजूदगी में अमित जोशी ने कांग्रेस का दामन थामा है.
पार्टी कार्यालय की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विफल साबित हुई है. उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन शहीद आंदोलनकारियों के सपनों और आकांक्षाओं को लेकर हुई थी, उन सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए वर्तमान सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलाने और उत्तराखंड को विकास एवं जनहित की राह पर आगे ले जाने में केवल कांग्रेस ही सक्षम है. उन्होंने कहा कि वो पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ काम करेंगे. विशेष रूप से अल्मोड़ा के स्थानीय विधायक मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में अल्मोड़ा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से काम किया जाएगा.
महेश जगूड़ी ने भी थामा कांग्रेस का हाथ: डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और मोथरोवाला धर्मपुर विधानसभा के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश जगूड़ी ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है. कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी ज्वाइन करवाई.
महेश जगूड़ी राष्ट्रीय स्वयंसेवक और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लंबे समय तक जुड़े रहे है. महेश जगूड़ी मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के रहने वाले हैं. महेश जगूड़ी ने 2007 में डीएवी महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जुड़े थे. इसके बाद एबीवीपी से कॉलेज कार्यकारिणी सदस्य भी रहे. साल 2009 में कॉलेज इकाई मंत्री और 2010 में महानगर सह मंत्री की जिम्मेदारी संभाली.
2011 में वो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से महानगर महामंत्री नियुक्त किए गए. जबकि 2012 में विद्यार्थी संगठन से सदस्यता प्रमुख महानगर के अलावा इसी साल डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष रहे. 2014 में महेश जगूड़ी 851 मतों से विजय प्राप्त करके मोथरोवाला से क्षेत्र पंचायत सदस्य बने. 2015 में भारतीय जनता युवा मोर्चा से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, 2016 में उन्हें युवा मोर्चा का गढ़वाल संयोजक बनाया गया. इसी तरह 2017 में उन्होंने युवा मोर्चा के उत्तरकाशी जिला प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभाई. कुछ दिन पहले उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करनी थी, लेकिन किसी कारणवश जॉइनिंग टल गई थी. आज देहरादून स्थित राजीव भवन में भारतीय जनता पार्टी छोड़कर उन्होंने आधिकारिक रूप से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है.
TAGGED:
UTTARAKHAND ASSEMBLY ELECTIONS 2027
MAHESH JAGUDI JOIN CONGRESS
AMIT JOSHI JOIN CONGRESS
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027
बीजेपी नेता कांग्रेस में गए

