रवीन्द्र से शादी पर भाई ने गला घोंट दिया नाजिया का
uttar pradeshMathuraMathura Honor Killing Daughter Strangled To Death Over Interfaith Love Marriage Brother Arrested
मथुरा में ऑनर किलिंग: दूसरे धर्म के युवक से प्रेम विवाह पर भड़के परिजन, बेटी की हत्या कर शव दफनाया, भाई गिरफ्तार
मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में दूसरे धर्म के युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर दी और शव को दफना दिया। प्रेमी ने पुलिस से शिकायत तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मथुरा 08 नवंबर 2026 : मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में दूसरे धर्म के युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर दी और शव को दफना दिया। प्रेमी ने पुलिस से शिकायत तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और हत्या के आरोप में युवती के भाई को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मां और मौसी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती की रहने वाली नाजिया उर्फ जन्नत को राजस्थान के झुंझनू जिले के गांव पचेरीकलां के रहने वाले रविंद्र से मोहब्बत हो गई। दोनों दिल्ली में एक स्पोर्ट्स के कपड़े बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। 2 साल तक दोनों एक दूसरे को मोहब्बत करने लगे। शादी करने के लिए परिजनों से बात की। जिस पर रविंद्र के परिजन मान गए लेकिन नाजिया के परिजनों को रिश्ता मंजूर नहीं था।
4 महीने पहले की शादी
नाजिया के परिजन जब इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए तो वह 4 महीने पहले घर छोड़ कर चली गई। जिसके बाद नाजिया ने रविन्द्र से शादी कर ली। 3 महीने तक नाजिया के परिजन उससे रिश्ता तोड़ने के लिए कहते रहे लेकिन नाजिया नहीं मानी। इसके बाद परिजनों ने रिश्ता कबूल होने का दिखावा किया। और 25 सितंबर को नाजिया की मां और मौसी किसी तरह बातों में लगाकर उसे मथुरा ले आईं। यहां कुछ दिन रहने के बाद जब नाजिया ने वापस जाने के लिए कहा तो परिजन विरोध करने लगे।
पति से किया संपर्क खत्म
नाजिया के जाने के 15 दिन बाद तक जब उससे संपर्क नहीं हुआ तो रविंद्र ने उसके परिजनों को फोन किया, पहले तो वह टालमटोल करने लगे और फिर बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। जिसके बाद रविन्द्र को अनहोनी की आशंका होने लगी। रविन्द्र ने पत्नी के अपहरण किए जाने की जीरो FIR झुंझनू में कराई। राजस्थान पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच के लिए मथुरा पुलिस के पास भेज दी।
पुलिस ने भाई से की पूछताछ
मथुरा के थाना गोविंद नगर पुलिस के पास 23 अक्टूबर को मेल के जरिए FIR आई तो पुलिस ने जांच शुरू की। शक के आधार पर नाजिया के भाई अकरम को पुलिस ने शनिवार देर रात हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने जब अकरम से पूछताछ की तो वह पहले तो उसकी मौत करंट लगने से होना बताता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि नाजिया की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर निकलवाया शव
पुलिस ने रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आदेश पर कब्रिस्तान से नाजिया का शव निकलवाया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं भाई अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में साख्य एकत्रित किए जा रहे हैं। झुंझनू पुलिस को उसकी जानकारी दी जाएगी। जब तक साख्य एकत्रित न हो जाएं तब तक कुछ कहना जल्दबाजी होगी।


