सबकी सहमति से सानिया बानो और अमन कुमार का हो गया विवाह

प्रतापगढ़ में 4 साल से प्रेम संबंध में रहे सानिया बानो और अमन कुमार ने 6 घंटे चली पुलिस पंचायत और पिता की सहमति से मंदिर में शादी कर ली. यह विवाह इलाके में प्रेम और सौहार्द का उदाहरण बन गया है.

पिता का आशीर्वाद लेते हुए बेटी सानिया और दामाद अमन.(Photo:Screengrab)

प्रतापगढ़,21 जून 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से मोहब्बत और सौहार्द की अनूठी मिसाल सामने आई है. यहां सानिया बानो और अमन कुमार ने 6 घंटे चली पुलिस पंचायत और पिता की सहमति के बाद मंदिर में शादी कर ली. सामाजिक बाधाओं को पार कर हुआ यह विवाह अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

मामला दाऊदपुर गांव का है. यहां रहने वाली सानिया बानो और अमन कुमार के घरों के बीच दूरी सिर्फ 300 मीटर है. दोनों पिछले 4 साल से एक-दूसरे को चाहते थे. जब रिश्ते की बात युवती के पिता खुर्शीद आलम तक पहुंची तो उन्होंने विरोध करते हुए शनिवार को पट्टी थाने में शिकायत दर्ज करा दी. इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया.

थाने में करीब 6 घंटे तक ‘पुलिस पंचायत’ चली. पुलिस अधिकारियों ने धैर्य से दोनों पक्षों को समझाया और मामले को सुलझाने की कोशिश की.लंबी बातचीत के बाद दोपहर 4 बजे सानिया के पिता ने बेटी की खुशी को तरजीह देते हुए इस रिश्ते को सहमति दे दी. पिता की सहमति मिलते ही तनाव खुशी में बदल गया.

सहमति मिलते ही सानिया और अमन का विवाह पूरे विधि-विधान से मंदिर में संपन्न कराया गया. दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज अपनाए और माता-पिता से आशीर्वाद लिया.

युवती ने शपथ पत्र देकर स्वेच्छा से अमन को जीवनसाथी चुना. किसी विवाद से बचने के लिए जोड़े ने नोटरी से हलफनामा भी बनवाया. गांव के खुर्शीद आलम और अमर बहादुर गवाह बने.

ये शादी सिर्फ दो दिलों का मिलन नहीं, बल्कि ‘प्यार की जीत’ और ‘साम्प्रदायिक सौहार्द’ की मिसाल बन गई है. 6 घंटे की पंचायत ने एक परिवार को तोड़ा नहीं, बल्कि दो परिवारों को जोड़ दिया. प्रतापगढ़ से प्यार का ये पैगाम पूरे प्रदेश के लिए एक सीख है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *