पूर्व मुख्यमंत्री जन. खंडूड़ी को मुमं धामी ने दिया कंधा,उप-राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजली

Tributes Paid to B.C. Khanduri; CM Dhami Vice President Rajnath Singh and Nitin Gadkari Express Condolences
अंतिम यात्रा में भावुक पल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिया पार्थिव शरीर को कंधा, पुष्पचक्र अर्पित, केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधि हुए शामिल

देहरादून/हरिद्वार 20 मई 2026। उत्तराखंड राज्य के दो बार मुख्यमंत्री रहे मेजर जनरल (सेवानिवृत्त ) भुवन चंद्र खंडूड़ी का व्यक्तित्व और कृतित्व प्रेरणादायक रहा है। पहले 38 वर्षों तक देश सेवा और उसके बाद ढाई दशक तक जनसेवा के माध्यम से आम लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी सादगी, अनुशासन, स्पष्टवादिता और ईमानदारी ने उन्हें आम नेताओं से अलग पहचान दिलाई।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने इस दुनिया को विदा कह दिया। उनके निधन की खबर ने पूरा देश भावुक है। देहरादून आवास से निकली अंतिम यात्रा में लोगों की आंखें नम दिखीं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामान्य जन ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर विदाई दी, जबकि उपराष्ट्रपति सहित कई दिग्गज नेताओं ने पुष्प चक्र अर्पित कर शोक व्यक्त किया।

वसंत विहार स्थित निजी आवास से सुबह 10 बजे स्वर्गीय खंडूड़ी की सात किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा  सुबह 10:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंच जहां पार्टीजनों ने अंतिम दर्शन किए। 11 बजे अंत्येष्टि को हरिद्वार प्रस्थान हुआ। दोपहर 12 बजे खड़खड़ी में अंत्येष्टि हुई। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

खंडूड़ी के परिवार में पत्नी अरुणा खंडूड़ी, बेटी ऋतु भूषण खंडूड़ी और बेटा मनीष खंडूड़ी हैं। ऋतु खंडूड़ी इस समय उत्तराखंड की ही विधानसभा अध्यक्ष हैं। बेटे मनीष भी वर्तमान में भाजपा नेता हैं।

जनरल खंडूड़ी का परिवार – फोटो : सूचना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलवीर रोड, देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नम आंखों से विदाई दी। मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।

पुष्पचक्र अर्पित करते उपराष्ट्रपति –
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास एवं जनसेवा में जो योगदान दिया, उसे यह प्रदेश सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति हुई है।
हरिद्वार में अंतिम संस्कार
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, महामंत्री ( संगठन) अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी श्रद्धांजलि देने आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान मील के पत्थर के रूप में बना रहेगा। उनके निधन से देश एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठ वाले राजनेता को खो दिया है।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसमूह

राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

सेना एवं पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम सलामी

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी  को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूर्ण राजकीय सम्मान से अंतिम विदाई दी गई।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी  की अंतिम यात्रा में जनसमूह उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र श्री मनीष खंडूरी ने मुखाग्नि दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन राज्य और देश को अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता और अनुशासन से उत्कृष्ट कार्य किए। उन्होंने कहा कि वह हम सभी को सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेनाधिकारी के रूप में हर दायित्व पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखंड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचार आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र/पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा , डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सांसद अनिल बलूनी व अजय भट्ट , कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, डॉक्टर धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, खजान दास, विधायकगण, संतगण मौजूद थे।

अंतिम दर्शन के लिए ये नेता पहुंचे

अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, सांसद अनिल बलूनी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सतपाल महाराज और मदन कौशिक पहुंचे। इसके अलावा निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि, मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व मंत्री यतीश्वरानंद, विधायक संजय गुप्ता, विकास तिवारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड में रहा सार्वजनिक अवकाश

खंडूरी का मंगलवार सुबह 11:10 बजे निधन हो गया था। वह 91 वर्ष के थे और पिछले करीब 50 दिनों से देहरादून के मैक्स सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती थे। लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन के बाद पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने 19 से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *