CJP Protest: हिंसा में थे तो निरस्त हो सकता है पासपोर्ट, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Delhi Police May Cancel Passports Of Cjp Protesters Involved In Violence
CJP Protest: हिंसा में शामिल लोगों का निरस्त हो सकता है पासपोर्ट, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीजेपी के प्रदर्शन (CJP Protest) में शामिल हिंसा को अंजाम देने वालों की पहचान करनी दिल्ली पुलिस ने शुरू कर दी है। इन लोगों की पहचान करने के बाद इनके पासपोर्ट निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल प्रदर्शनकारियों के पासपोर्ट रद्द किए जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस हिंसा से जुड़े वीडियो के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकी ऐसे प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा सके। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक हिंसा को अंजाम देने वाले या उसमें सीधे तौर पर शामिल होने वालों पर एक्शन लेने की तैयारी है।

पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा
न्यूज एजेंसी को सूत्रों ने बताया कि कानूनी प्रावधानों के तहत हिंसा में सक्रिय रूप से शामिल लोगों के पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। पुलिस की तरफ से यह ताजा अपडेट जंतर-मंतर के पास NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा के बाद आया है। दिल्ली पुलिस का दावा है कि कई पुलिसकर्मी जंतर-मंतर के पास ड्यूटी के समय प्रदर्शनकारियों के हमले में घायल हो गए।

इंस्पेक्टर का दावा- वहां 5000 लोग जमा थे
दिल्ली पुलिस इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह के मुताबिक वह जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों के हमले में घायल हो गए। वह गाड़ी से ड्यूटी पॉइंट तक जा रहे, तभी प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया। नंद किशोर ने दावा किया कि वहां करीब 4,000 से 5,000 लोग जमा थे। वे पुलिस और सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। नंद किशोर ने दावा किया कि उन पर लाठियों, डंडों, पत्थरों और धारदार चीजों से हमला किया गया।

पुलिस ने सभी की पहचान करनी शुरू की
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने अधिकारियों पर हमले और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *