चकराता के कांग्रेस नेताओं पर धमकी देने का आरोप,पुलिस को शिकायत

बालकराम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

देहरादून 24 अक्टूबर 2026 । त्यूनी विद्युत उपखंड में कार्यरत लाइनमैन बालक राम चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को प्रार्थना पत्र देकर कांग्रेस के दो नेताओं पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रार्थी ग्राम छुमरा खत देवगार, तहसील त्यूनी का निवासी है और विद्युत विभाग उपखंड चकराता, सब-स्टेशन त्यूनी में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। प्रार्थी का कहना है कि उसकी दो पुत्रियां कुमारी दीक्षा और कुमारी साक्षी पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय त्यूनी में बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत हैं। दीक्षा ने महाविद्यालय के वर्तमान चुनाव में सचिव पद और साक्षी ने सहसचिव पद पर चुनाव लड़ा था।
शिकायत के अनुसार  07 अक्टूबर 2026 को शाम 8.23 बजे, 9.00 बजे और 9.15 बजे कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देहरादून चमन सिंह और उनके भाई राजपाल सिंह (निवासी ग्राम बिरनाड, तहसील त्यूनी) ने  प्रार्थी को फोन किया । आरोप है कि फोन पर धमकाया गया कि वें अपनी दोनों पुत्रियों की जॉइनिंग कांग्रेस पार्टी में करा दें, नहीं तो अच्छा नहीं होगा। फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां और अमर्यादित व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।
बालकराम का कहना है कि उसने इस पूरे वार्तालाप की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में सुरक्षित रखी है। जब चमन सिंह और राजपाल सिंह को रिकॉर्डिंग की जानकारी मिली तो वे और आक्रोशित हो गए और परिवार को देख लेने की धमकी देने लगे। उसी दिन असामाजिक तत्वों के साथ बिजली घर तक पहुंच गए। वहां मौजूद कर्मचारी देवेश बिजल्वाण ने बताया कि बालकराम बिजली घर से जा चुका है, तब आरोपितों ने बिजली घर में भी गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी।
बालकराम ने कहा कि इस घटना और उसका परिवार गहरे अवसाद में है और भयभीत है। प्रार्थी ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए जान-माल की सुरक्षा और आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देने में उनके साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष मूरत राम शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह रावत, जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रभाकर जोशी, पूर्व ब्लाक प्रमुख मठौर सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *