दिव्यांशु मर्डर केस, आज तीन अप्रैल आशारोड़ी चेक पोस्ट पहुंचेंगें किसान, लंबे आंदोलन की चेतावनी
देहरादून में छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या मामले पर किसान संगठन आशारोड़ी चेक पोस्ट पर जुटेंगे.
बड़ी संख्या में आशारोड़ी चेक पोस्ट पर जुटेंगे किसान
देहरादून 03 अप्रैल 2026 : प्रेमनगर क्षेत्र में 23 मार्च को छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में मुजफ्फरनगर निवासी छात्र दिव्यांशु जटराना की मौत हो गई थी. इस घटना के विरोध में 3 अप्रैल को देहरादून के आशारोड़ी चेक पोस्ट पर किसान संगठनों ने बड़े विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. जिसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों से किसानों के पहुंचने की संभावना है.
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने वीडियो जारी कर किसान संगठनों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन दिव्यांशु जटराना को न्याय दिलाने के लिए किया जा रहा है और इसमें अधिक से अधिक संख्या में किसानों की भागीदारी जरूरी है. टिकैत ने किसानों से यह भी कहा कि वे अपने साथ खाने-पीने की व्यवस्था करके आएं, क्योंकि धरना कितने समय तक चलेगा, यह अभी तय नहीं है.
देहरादून में छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या मामले पर किसान संगठन आशारोड़ी चेक पोस्ट पर जुटेंगे.
उन्होंने जानकारी दी कि आंदोलन में किसान 3 अप्रैल को सुबह 9 से 9:30 बजे के बीच भगवानपुर टोल प्लाजा के पास एकत्रित होंगे. इसके बाद बिजनौर, सहारनपुर समेत अन्य स्थानों से आए किसान एक साथ जुलूस की तरह देहरादून रवाना होंगे. किसान संगठनों ने इस दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की बात भी कही है. लेकिन बड़ी संख्या में किसानों के जुटने को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है.
इधर, आंदोलन को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं. किसान संगठनों से जुड़े कई कार्यकर्ता गुरुवार को ही आशारोड़ी पहुंच गए. उन्होंने धरना स्थल की साफ-सफाई कर बैठने, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था भी की है. इसके साथ ही सोशल मीडिया और वीडियो संदेशों के जरिए किसानों से लगातार देहरादून पहुंचने की अपील की जा रही है.
बताया जा रहा है कि इस आंदोलन में मेरठ,सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है, जिससे देहरादून-दिल्ली मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है. ऐसे में पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. चेक पोस्ट और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने की संभावना है. किसान संगठनों का कहना है कि जब तक दिव्यांशु जटराना को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
दिव्यांशु हत्याकांड में एक और आरोपित पकड़ा; यूपी-बिहार तक पुलिस की धमक
उत्तराखंड में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड में गुरुवार को प्रेमनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। घटनास्थल से जुड़े बाबा की रसोई रेस्टोरेंट और इसके पास स्थित चंपारण होटल को सील कर दिया गया है। पुलिस की टीमों ने उत्तर प्रदेश और बिहार में भी दबिश दी।
उत्तराखंड में देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड में गुरुवार को प्रेमनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। घटनास्थल से जुड़े बाबा की रसोई रेस्टोरेंट और इसके पास स्थित चंपारण होटल को सील कर दिया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विवाद में हमले की शुरुआत यहीं से हुई थी। इन दोनों के देर रात तक खुलने की शिकायत भी पुलिस को मिल रही थी।
वहीं, इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को आरोपी अंकित भारद्वाज निवासी नूतन नगर थाना सिविल लाइन जिला गया बिहार (19) वर्ष हाल पता जीआरडी के पीछे गहरी गांव को नंदा की चौकी के पास से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इस मामले के अहम आरोपी दून पुलिस की पकड़ से दूर हैं। घटना के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी पुलिस बाकी 11 नामजद और अन्य अज्ञात हत्यारों की तलाश में पसीने बहा रही है।
गुरुवार को एसओजी और प्रेमनगर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देहरादून के साथ उत्तर प्रदेश और बिहार के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसमें आरोपियों को दबोचने में सफलता नहीं मिल पाई है। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं। हत्यारों के यूपी और अपने गृह राज्य बिहार में पनाह लेने की जानकारी के बाद ही टीमें बाहरी राज्यों में रवाना की गई थीं।
गुरुवार दिनभर इन टीमों ने बिहार और यूपी में कई संदिग्ध ठिकानों को खंगाला और आरोपियों के करीबियों से पूछताछ की। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा है। सीओ प्रेमनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। हमारी अलग-अलग टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
विश्वविद्यालय या कॉलेजों में पढ़ने वाले युवकों का रात में अनावश्यक रूप से घूमना पुलिस बर्दाश्त नहीं करेगी। इसके साथ ही हुड़दंग या अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रेमनगर में दिव्यांशु हत्याकांड के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने ऐसे मामलों में सभी थानाध्यक्षों को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि रात में छात्र ग्रुप में घूमते हुए, हुड़दंग या अपराध करते हुए पाया जाए तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ संबंधित कॉलेज या यूनिवर्सिटी से भी उनकी रिपोर्ट भेजकर निकलवा दिया जाए ताकि, छात्रों के बढ़ते आतंक और अपराध पर लगाम लगाई जा सके। बुधवार रात में बेवजह घूम रहे 288 लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। 156 संदिग्धों को थाने लाया गया। इनमें 99 व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर उनसे 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
TAGGED:
देहरादून में किसानों का प्रदर्शन
छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड
STUDENT DIVYANSHU JATRANA MURDER
आशारोड़ी चेक पोस्ट पर प्रदर्शन
FARMERS PROTEST IN DEHRADUN
