मामूली विवाद में नशेड़ी ने काटा पत्नी का गला,देहरादून का मामला
मामूली से घरेलू विवाद में नशेडी पति ने खोया आपा, पत्नी की पाटल से की हत्या, देहरादून का मामला
राजधानी देहरादून से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां एक व्यक्ति पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा है.
घटना स्थल की तस्वीर.
देहरादून 27 अगस्त 2026 : उत्तराखंड के देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है. डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की हत्या की सूचना मिली है. आरोप है कि घरेलू विवाद में पति ने ही कथित तौर पर पाटल से पत्नी की हत्या कर दी. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. वहीं आरोपित पति रामजी लाल को पकड पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि आरोपित ने पाटल से अपनी पत्नी के गले पर वार किया था.
मामूली से घरेलू विवाद में पति ने खोया आपा
तीन महीने पहले ही देहरादून आया था परिवार: जानकारी के अनुसार रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है, जो देहरादून में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता है. रामजी लाल काम की तलाश में तीन महीने पहले ही देहरादून आया था. वहीं करीब दस दिन पहले ही उसने डालनवाला क्षेत्र में मोहनी रोड पर एक कमरा किराये पर लिया था.

मामूली से विवाद में कर दी पत्नी की हत्या: बताया जा रहा है कि रामजी लाल राजमिस्त्री हैं और पत्नी घरों में काम करती थी । आज सुबह पति रामजी लाल काम पर नहीं गया तो पत्नी ने उसे काम के लिए जाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. तभी गुस्से में आरोपित रामजी लाल ने अपनी पत्नी पर पाटल से वार कर दिया. पत्नी की वहीं मौत हो गई.
नशे का अभ्यस्त है आरोपित: हत्या करने के बाद आरोपित भाग गया था. आस-पड़ोस के लोगों ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. मृतका की बहन सोनू पाल ने बताया कि दोनों पति-पत्नी के बीच पहले किसी तरह का तनाव नहीं था और न ही पति रामजी लाल के बहन के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी थी. हालांकि रामजी लाल नशे का अभ्यस्त जरूर था.बताया जा रहा है कि आज सुबह भी पति ने नशा किया हुआ था.
पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच के साथ ही हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना की जानकारी जुटा रही है. आरोपित पति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
TAGGED:
DEHRADUN WIFE MURDER CASE
DEHRADUN MURDER CASE
देहरादून में पत्नी की हत्या
पति ने किया पत्नी का मर्डर
HUSBAND KILLED HIS WIFE


