NIA कोर्ट में:भारत में 2047 तक इस्लामिक हुकूमत लाने की थी तैयारी, PFI के बड़े षडयंत्र से उठा पर्दा
NIA का दावा है कि PFI न सिर्फ आतंक फैला रहा था बल्कि भारतीय संविधान और लोकतंत्र खत्म कर नये इस्लामी संविधान में इस्लामी देश बनाने के टारगेट पर काम कर रहा था.
मुकेश सिंह सेंगर
NIA ने बताया कि PFI इस्लामिक शासन लाने के षड्यंत्र में जुटा था.श्रीनिवासन हत्या मामले में PFI की भूमिका का अनावरण हुआ है.NIA के अनुसार, PFI आतंकवादी संगठनों से जुड़ा है.संगठन देश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने की योजना में था.
नई दिल्ली 27 जून 2025। पीएफआई के षड्यंत्र का बड़ा अनावरण हुआ है. NIA ने दावा किया है कि देश में 2047 तक इस्लामिक हुकूमत लाने की बड़ी साजिश रची जा रही थी. जांच एजेंसी ने ये अनावरण आरएसएस कार्यकर्ता श्रीनिवासन की हत्या मामले में अदालत में किया. बता दें कि 11 जून को एनआईए की एर्नाकुलम कोर्ट ने मोहम्मद बिलाल, रियाऊश्दीन और अन्य आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. ये सभी उस केस में आरोपी हैं, जिसमें आरएसएस कार्यकर्ता श्रीनिवासन की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. केस की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कोर्ट में जो बातें रखीं वह बेहद चौंकाने वाली हैं.
PFI की बड़े षडयंत्र का पर्दाफाश
एनआईए ने कोर्ट में कहा कि प्रतिबंधित संगठन PFI (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) के सदस्य और पदाधिकारी पिछले कई सालों से एक बड़ी साजिश में जुटे थे. उनका मकसद देश में दहशत फैलाना, सांप्रदायिक तनाव बढ़ाना और 2047 तक भारत में इस्लामिक शासन लागू करना है. NIA के मुताबिक, PFI के सदस्य पहले भी SIMI जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े रहे हैं . LeT, ISIS और अल-कायदा जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों से भी इनके संबंध हैं. संगठन के कई कैडर ऐसे हैं जो इन आतंकी संगठनों के भी सदस्य रहे हैं.
नया इस्लामिक संविधान लागू करने की योजना
PFI ने केरल समेत देश के कई हिस्सों में हिंसा और हत्यायें की, जिससे जनता में डर बैठ गया है. एनआईए का दावा है कि PFI न सिर्फ आतंक फैलाने की कोशिश कर रहा था, बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर एक नया इस्लामिक संविधान लागू करने की योजना बना रहा था. उसके प्लान के चार फेज थे.
PFI के प्लान के चार फेज
पहले फेज़ में मुस्लिम समुदाय को एक झंडे के नीचे लाना था. फिर SDPI नाम की राजनीतिक पार्टी के ज़रिए दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को जोड़कर चुनाव जीतना था.उसके बाद समाज में फूट डालकर धीरे-धीरे सत्ता में घुसपैठ करनी थी.आखिरी स्टेज में योजना थी कि SDPI को पूरे मुस्लिम समाज का प्रतिनिधि बना दिया जाए, बाकी मुस्लिम संगठनों को किनारे कर दिया जाए.
देश में इस्लामिक कानून लागू करने की थी प्लानिंग
इसके बाद PFI की प्लानिंग न्यायपालिका, सेना और पुलिस में अपने वफादार लोगों को बिठाकर विरोधियों को रास्ते से हटाने और हथियारों का जखीरा तैयार कर देश में इस्लामिक कानून लागू करने की थी. एनआईए ने बताया कि PFI के पास एक खास रिपोर्टर विंग और सर्विस विंग था. रिपोर्टर विंग इलाके के हिंदू नेताओं की रेकी करता था और लिस्ट तैयार करता था, जिनमें से टारगेट चुनकर सर्विस विंग के जरिए हत्या करवाई जाती थी. श्रीनिवासन की हत्या भी इसी साजिश का हिस्सा थी.
श्रीनिवासन की हत्या क्यों हुई, खुल गया राज
NIA के अनुसार, यह कोई अचानक हुआ अपराध नहीं था, बल्कि एक सुनियोजित आतंकवादी हमला था. श्रीनिवासन को इसलिए मारा गया क्योंकि वह उनके निशाने पर था. पूरी तैयारी के बाद उसे मौका देखकर बेरहमी से मार डाला गया. बता दें कि इसी साल मार्च में ईडी ने SDPI के प्रमुख एमके फैज़ी को भी गिरफ्तार किया था, जो इस पूरे षड्यंत्र का महत्वपूर्ण पुर्ज माना जा रहा है । कुल मिलाकर, एनआईए ने कोर्ट में जो तथ्य रखे हैं ,वे प्रमाणित करते हैं कि PFI एक गंभीर आतंकी षड्यंत्रकारी था, जिसका मकसद केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं बल्कि पूरे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करना था।
पीएफ़आई क्या है और कैसे पड़ी थी इस संगठन की नींव
ग्रे जैकेट में पीएफ़आई के अध्यक्ष परवेज़ को गिरफ्तार कर ले जाती दिल्ली

क्यों चर्चा में है पीएफ़आई
- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया परपाँच साल का बैन लगाने की अधिसूचना जारी की है.
- बीते लंबे समय से पीएफ़आई जाँच एजेंसियों के रडार पर रहा है.
- प्रतिबंध से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने संगठन के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी.
- केंद्र सरकार का कहना है कि पीएफ़आई का संबंध आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश और प्रतिबंधित संगठन सिमी से रहा है.
- केंद्र सरकार के अनुसार पीएफ़आई देश की आतंरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा ख़तरा बन गया है.

केंद्र सरकार ने पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया यानी पीएफ़आई पर पाँच साल के लिए पाबंदी लगा दी है. सरकार ने पीएफ़आई पर ‘गुप्त एजेंडा चलाकर एक वर्ग विशेष को कट्टर बनाने’ और ‘आतंकवादी संगठनों से जुड़े होने’ की बात कही है.
पिछले दिनों राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पॉपुलर फ़्रंट ऑफ़ इंडिया यानी पीएफ़आई के अलग-अलग राज्यों में मौजूद ठिकानों पर कई दिनों तक छापेमारी की थी. संगठन के महासचिव अनीस अहमद सहित बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ़्तारी भी हुई थी.
एनआईए ने भी अपने बयान में गिरफ़्तार गए लोगों पर ‘आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन’ करने के आरोप लगाया था.
हालाँकि उस समय पीएफ़आई ने इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए इसे सनसनीखेज़ और आतंक का माहौल पैदा करने वाला बताया था.
पीएफ़आई लंबे समय से जांच एजेंसियों के रडार पर रहा है.
सरकार ने क्या कहा है?
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पीएफ़आई पर बैन लगाने की अधिसूचना जारी करते हुए कहा है- पीएफ़आई और इसके सहयोगी संगठन या संबद्ध संस्थाएँ या अग्रणी संगठन एक सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक संगठन के रूप में काम करते हैं, लेकिन ये गुप्त एजेंडा के तहत समाज के एक वर्ग विशेष को कट्टर बनाकर लोकतंत्र की अवधारणा को कमज़ोर करने की दिशा में काम करते हैं.
साथ ही ये भी कहा गया है कि “पीएफआई कई आपराधिक और आतंकवादी मामलों में शामिल रहा है और ये देश के संवैधानिक प्राधिकार का अनादर करता है. साथ ही ये बाहर से फंडिंग लेकर देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा ख़तरा बन गया है.”

FACEBOOK@POPULARFRONTOFINDIAOFFICIALपीएफ़आई
कैसे और कब गठन हुआ पीएफ़आई का
1980 के दशक में उग्र हिंदुत्व का प्रसार और 1992 में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद समाजशास्त्री जाविद आलम के शब्दों में ‘भारतीय शासन और राजनीति के प्रति मुसलमानों की सोच में’ बड़ी तब्दीलियों को जन्म दिया था.
दिल्ली की जामा मस्जिद के इमाम अहमद बुख़ारी की ‘आदम सेना’ से लेकर, बिहार की ‘पसमांदा मुस्लिम महाज़’ और मुंबई की ‘भारतीय अल्पसंख्यक सुरक्षा महासंघ’ तक इसी दौर में वजूद में आए.
केरल में ‘नेशनल डेवलेपमेंट फ्रंट’ (एनडीएफ़), तमिलनाडु की ‘मनिथा निथि पसाराई’ और ‘कर्नाटक फ़ोरम फ़ॉर डिग्निटी’ की स्थापना भी इसी दौर में हुई.
ये तीनों संस्थाएँ हालाँकि स्थापना के कुछ सालों बाद साल 2004 से ही तालमेल करने लगी थीं.
22 नवंबर, 2006 में केरल के कोज़िकोड में हुई एक बैठक में तीनों ने विलय कर ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया’ (पीएफ़आई) बनाने का फ़ैसला लिया. आधिकारिक तौर पर पीएफ़आई की स्थापना 17 फ़रवरी, 2007 को हुई.
केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के तीन संगठनों के विलय के दो सालों बाद पश्चिमी भारतीय राज्य गोवा, उत्तर के राजस्थान, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर के पाँच संगठन पीएफ़आई में मिल गए.
ख़ुद को ‘भारत का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले काडर बेस्ड जन-आंदोलन बताने वाला’ पीएफ़आई 23 राज्यों में फैले होने और चार लाख सदस्यता का दावा करता है.
ऑक्सफोर्ड स्कॉलर वाल्टर एमरिक ने अपनी किताब में पीएफ़आई की स्थापना को अहम बताया था, उनके अनुसार ये पहली बार था कि मुस्लिम राजनीति का संचालन दक्षिण भारत से करने की कोशिश की गई थी.
उनके अनुसार ये एक काडर-बेस्ड पार्टी थी और इसके नेतागण कामकाजी समूह से संबंध रखते थे.
पीएफ़आई अपनी वेबसाइट पर ख़ुद को एक ऐसी संस्था बताता है, जिसका उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक बराबरी क़ायम करना है, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की बात भी वो करता रहा है, हालाँकि भारत सरकार ऐसा नहीं सोचती थी.
संस्था के ख़िलाफ़ राजद्रोह, ग़ैर-क़ानूनी कामों में संलग्न होने, समुदायों के बीच नफ़रत फैलाने, और भारत की अखंडता को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश और आतंकवाद फैलाने जैसे संगीन आरोप सुरक्षा एजेंसियों की ओर से एक के बाद दूसरे मुक़दमों में लगाए जाते रहे थे.
सिमी से संबंध का आरोप

राजस्थान में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या के मामले में भी पीएफ़आई का नाम लिया गया था.
पटना में पुलिस ने इस तरह के दस्तावेज़ छापे के दौरान पाए जाने का दावा किया था, जिनमें साल 2047 तक इस्लामी राज्य के गठन का रोडमैप था.
संगठन ने तब पुलिस की ओर से ज़ब्त किए गए दस्तावेज़ को फ़र्ज़ी बताया था.
हालाँकि पीएफ़आई पर पिछले हफ़्ते भर में सैकड़ों छापे पड़े और संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, लेकिन वो साल 2007 में अपनी स्थापना के बाद से ही लगातार सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर रहा है.
साल 2008 से एनआईए ने उस पर नज़र बनाकर रखा था.
प्रोफेसर टीजे जोसफ़ का मामला मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल में ही केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया गया था.
इस मामले में अदालत में संगठन से जुड़े कुछ लोगों को सज़ा भी हुई है.
मलयालम के प्रोफ़ेसर जोसफ़ पर हमला इस नाम पर किया गया था कि उन्होंने पैगंबर मोहम्मद के साथ बेअदबी की थी.
संगठन बनने के बाद से ही ये आरोप लगते रहे हैं कि पीएफ़आई प्रतिबंधित कट्टरपंथी इस्लामी संगठन ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ़ इंडिया’ (सिमी) का ही दूसरा रूप है.
भारत सरकार ने जिन संगठनों को ‘आतंकवादी’ घोषित करते हुए प्रतिबंधित कर रखा है उनमें सिमी का नाम है. सिमी पर प्रतिबंध साल 2001 में लगाया गया.
सिमी के रिश्ते एक अन्य इस्लामी चरमपंथी संगठन ‘इंडियन मुजाहिदीन’ से होने की बातें भी कही जाती रही हैं. भारत सरकार ने इंडियन मुजाहिदीन पर भी ग़ैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में प्रतिबंध लगा रखा है.
पीएफ़आई और सिमी के संबंध होने की बात ख़ास तौर पर इसलिए उठती रही है, क्योंकि सिमी के कई पूर्व सदस्य पीएफ़आई में सक्रिय रहे हैं.
एक आरोप ये भी है कि ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया’ की स्थापना ही इसलिए हुई क्योंकि सरकार ने सिमी पर प्रतिबंध लगा दिया और इस कारण कुछ पूर्व सिमी सदस्यों ने दूसरे नाम से एक संस्था शुरू कर दी.
पीएफ़आई का गठन सिमी पर प्रतिबंध लगने के छह साल बाद 2007 में हुआ था.

हालांकि संस्था के संस्थापकों में से एक प्रोफेसर पी कोया ने बीबीसी से एक पुरानी बातचीत में इस संबंध को नकारते हुए कहा था कि एनडीएफ़ 1993 में वना जबकि सिमी से उनके संबंध 1981 में समाप्त हो गए थे.
एनडीएफ़ उन तीन संस्थाओं में से एक थी जिनके विलय से पीएफ़आई बना था.
लंबी-चौड़ी सदस्यता और संगठन शक्ति के दावे के बावजूद संगठन को राजनीतिक तौर पर केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मामूली सफलताएँ ही अब तक हासिल हो पाई थीं.
कर्नाटक में स्कूल में हिजाब पहनने के अधिकार मामले में सरकारी वकील ने अदालत के समक्ष दावा किया था कि हिजाब के मामले को पीएफ़आई बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है.
कहा गया कि वो मुस्लिम महिलाओं को इस बात के लिए मानसिक तौर पर तैयार करने की कोशिश करता है कि वो हिजाब का इस्तेमाल करें.
इस मामले में कैंपस फ्रंट ऑफ़ इंडिया और नेशनल वीमेंस फ्रंट का नाम भी आया था. ये संस्थाएं भी प्रतिबंधित कर दी गई हैं.
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ़ इंडिया पीएफ़आई का राजनीतिक धड़ा रहा है. हालाँकि पीएफ़आई के लोग दोनों में सीधे संबंध की बात से इनकार करते रहे हैं.
कर्नाटक में जहाँ अगले साल चुनाव होने हैं, उसके तटवर्ती क्षेत्रों में पीएफ़आई का प्रभाव बढ़ता बताया जाता रहा है.
केरल में राजनीतिक हिंसा की वारदातों में पुलिस संगठन का नाम लेती रही है।
पीएफ़आई का घोषित एजेंडा
संस्था के अनुसार उसका मिशन, एक भेदभावहीन समाज की स्थापना है, जिसमें सभी को आज़ादी, न्याय और सुरक्षा मिल सके और इसमें बदलाव के लिए वो वर्तमान सामाजिक और आर्थिक पॉलिसियों में बदलाव लाना चाहती है ताकि दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों को उनका हक़ मिल सके.
अपना उद्देश्य वो देश की अखंडता, सामुदायिक भाईचारा और सामाजिक सदभाव बताती है. साथ ही लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता की पॉलिसी और न्याय व्यवस्था को क़ायम रखने की बात करती है.
भारत सरकार ऐसा नहीं मानती. संस्था के विरुद्ध दाख़िल एक के बाद दूसरे मामलों में राजद्रोह, ग़ैर-क़ानूनी गतिविधियों में शामिल होने (यूएपीए), समुदायों में नफ़रत फैलाने, विदेशी फंड से देश की अखंडता नष्ट करने और अशांति फैलाने का आरोप लगता रहा है.
