No फिल्टर, No लिमिट! व्यूज के चक्कर में ‘विष’ बन रहा सोशल मीडिया कंटेंट

No फिल्टर, No लिमिट! व्यूज के चक्कर में ‘क्रिमिनल’ बनता सोशल मीडिया कंटेंट
Deepali Porwal

370 Rs Biryani Controversy: हिमांशु जांगड़ा, प्रणित मोरे और डॉ. सेजल पवार का मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता और सहमति के उल्लंघन को परोसने वाले इन चेहरों पर अब पुलिस और महिला आयोग का शिकंजा कस गया है. लेकिन क्या यह मामला बस इतना सा ही है?
सोशल मीडिया पर जो आज वायरल है, कल उसे कोई पूछता भी नहीं है
नई दिल्ली. 370 रुपये वाली बिरयानी, हिमांशु जांगड़ा, प्रणित मोरे और सेजल पवार.. सोशल मीडिया से लेकर न्यूज़ वेबसाइट्स और रील्स की दुनिया से लेकर यूट्यूब वीडियोज़ तक, हर जगह इन्हीं की चर्चा हो रही है. अगर आप अभी तक इस पूरे मामले से अनजान हैं तो आप वाकई बहुत सुखद ज़िंदगी जी रहे हैं. खैर, ट्रेंडिंग न्यूज़ से खुद को अवगत रखने के लिए आप यहां संक्षेप में पूरा मामला समझ सकते हैं.

370 रुपये की बिरयानी या रिश्ते की डील?

बात कुछ यूं थी कि गुरुग्राम निवासी हिमांशु जांगड़ा नामक युवक किसी लड़की के साथ डेट पर गया. दोनों डेट पर गए थे या सिंपल मीट अप था, यह तो हिमांशु ही बता सकता है. वहां उसने लड़की को 370 रुपये की चिकन बिरयानी खिलाई. फिर उसके बदले में लड़की से कुछ ‘एक्सपेक्ट’ करने लगा. इसको लगा कि अपनी अथाह संपत्ति में से उस लड़की पर 370 रुपये ख़र्च कर दिए हैं तो अब यह उसके साथ कुछ भी कर सकता है. लेकिन लड़की ने साफ़ मना कर दिया. भाई का ego हर्ट हो गया और उसने प्रणित मोरे के ‘कॉमेडी’ शो में हंस-हंसकर यह क़िस्सा कह सुनाया.. पर इसका यह बेतुका क़िस्सा जनता को ज़रा भी पसंद नहीं आया.

क्या आगे बढ़ना इतना मुश्किल है?

पहले मैं सोच रही थी कि यह बहुत आम बात है. ज़्यादातर लड़के किसी लड़की के साथ कॉफी पीने भी इसी सोच के साथ जाते हैं. इसलिए मैं इस पर कुछ लिखने से कतरा रही थी. फिर सोशल मीडिया पर हिमांशु के कुछ और वीडियोज़ नज़र आए. एक में यह कह रहा था कि इसके घर में महिलाओं को बेल्ट ट्रीटमेंट मिलता था. बस यहीं मैं थोड़ा सा किलस गई. यह आज की जनरेशन का लड़का है. इसके घर के मर्दों ने महिलाओं के साथ जैसा भी व्यवहार किया हो, क्या इसे उन चीज़ों को पीछे छोड़कर आगे नहीं बढ़ना चाहिए? पढ़ाई लिखाई, अच्छी नौकरी और एक्सपोज़र का क्या ही फ़ायदा, अगर आप अपने बड़ों की इन ग़लतियों को unlearn नहीं कर सकते? अब इसने अपना सोशल मीडिया अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है, इसकी नौकरी भी जा चुकी है.. लेकिन हमारे आस-पास यह अकेला हिमांशु नहीं है. इस सोच वाले न जानें कितने ही होंगे!

फिर पर्दे पर आई सेजल पवार

दुनिया अभी हिमांशु जांगड़ा और उसकी सोच पर ही अटकी हुई थी कि तभी केईएम हॉस्पिटल मुंबई से MBBS कर रही सेजल पवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इन मोहतरमा ने भी कभी किसी ‘कॉमेडी’ शो में हॉस्पिटल वर्क से जुड़े कुछ बेहूदा वाकये शेयर किए थे. सेजल ने कॉमेडी शो में बताया कि मेडिकल रिसर्च के लिए दान किए गए पुरुषों के शवों के प्राइवेट पार्ट्स के साइज़ का मज़ाक उड़ाया जाता है. इस इंस्टाग्राम वीडियो ने न सिर्फ डॉक्टरों, बल्कि आम जनता को भी आक्रोशित कर दिया है. हॉस्पिटल प्रशासन ने जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए कमेटी बना दी है. इसी बीच सेजल पवार के सोशल मीडिया फॉलोअर्स बढ़कर 2 लाख से ज़्यादा हो गए. सोशल मीडिया के दौर में लोग सेजल का 12वीं और नीट का रिज़ल्ट भी ढूंढ लाए. इसके बाद सेजल ने पब्लिक माफ़ी मांगी और अपना सोशल मीडिया अकाउंट प्राइवेट कर दिया.

क्या दोनों मामले एक हैं?

हिमांशु जांगड़ा हो, सेजल पवार या प्रणित मोरे.. इन तीनों ने ही भद्दे मज़ाक करने में किसी सीमा का मान नहीं रखा. सेजल पवार ने जो मज़ाक किया, वो दरअसल मज़ाक की श्रेणी में आता भी नहीं है. फ्यूचर डॉक्टर होने के नाते यह करना शोभा नहीं देता है. वहीं, हिमांशु जांगड़ा ने एक लड़की के साथ की गई ज़बरदस्ती का पब्लिक वर्णन किया है. उसे लगता है कि उसने लड़की को 370 रुपये की बिरयानी खिलाई थी तो अब वह उसके साथ कुछ भी कर सकता है. ये दोनों मामले ग़लत हैं लेकिन फिर भी इनमें ज़मीन-आसमान का अंतर है. प्रणित मोरे के कॉमेडी शो में मौजूद ऑडियंस ने हिमांशु जांगड़ा का भद्दा मज़ाक खूब एंजॉय किया. बैकग्राउंड में लड़कों और लड़कियों की हंसी साफ़ सुनाई दे रही है. अब ज़रा इस जगह पर खुद को रखकर देखिए. आप ऑफिस के बाद किसी टीममेट के साथ लंच, डिनर या कॉफी पर जाती हैं. पेमेंट सामने वाला बंदा करता है और उसके बाद वो आपके साथ बदतमीज़ी करने लगे तो क्या आप हंस पाएंगी?

कॉमेडी शो में यौन उत्पीड़न के लिए कौन ज़िम्मेदार है?

किसी भी कॉमेडी शो में यौन उत्पीड़न या ज़बरदस्ती जैसे गंभीर अपराध को मज़ाक बनाकर परोसने के लिए सिर्फ वह व्यक्ति ज़िम्मेदार नहीं है, जो ऐसी घटिया सोच रखता है. ऐसे मामले में वह कॉमेडियन और शो का प्लेटफॉर्म भी बराबर के भागीदार हैं, जो व्यूज़ और लाइक्स के चक्कर में इसे बढ़ावा देते हैं. लाइव शो के दौरान होस्ट या कॉमेडियन के हाथ में कमान होती है. ऐसे में किसी की मर्ज़ी के बिना शारीरिक संबंध बनाने जैसी संवेदनशील बात को तुरंत टोकने के बजाय उस पर हंसना, उसे ‘कंटेंट’ बताना और फिर सोशल मीडिया पर वायरल करना अपराधी मानसिकता को जायज़ ठहराने जैसा है. जब मनोरंजन के नाम पर सहमति के उल्लंघन का मज़ाक उड़ाया जाता है तो यह समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता को खत्म करता है. इसलिए ऐसी हरकतों को मूक सहमति देने वाला और उसे रील्स या वीडियो के ज़रिए भुनाने वाला हर शख्स इस अपराध के लिए समान रूप से जवाबदेह है.

क़ानून की नज़र में सब अपराधी!

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने कॉमेडियन प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार के ख़िलाफ नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर उन्हें समन जारी किया है. इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS, 2023) और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई हो रही है:

 

BNS की धारा 75 (यौन उत्पीड़न): हिमांशु की तरफ़ से महिला की सहमति का मज़ाक उड़ाने और ज़बरदस्ती की बात कबूलने पर लगी है.

BNS की धारा 294 और 353(2): इंटरनेट पर अश्लीलता फैलाने और सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करने के लिए.

आईटी एक्ट की धारा 67: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स को अपलोड और प्रमोट करने के लिए.

शवों की गरिमा का अपमान: डॉ. सेजल पवार की मेडिकल कॉलेज के कैडवेर (शव) पर की गई भद्दी टिप्पणी को मृतकों की गरिमा के ख़िलाफ कानूनी अपराध माना गया है.

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का रुख

हिमांशु जांगड़ा के ‘370 रुपये की बिरयानी के बदले शारीरिक सुख’ वाले बयान पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ख़ुद संज्ञान (Suo Moto) लिया है:

 

आयोग ने इसे महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला बताते हुए प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा को 22 जून 2026 को पेश होने का नोटिस थमाया है.

हरियाणा के डीजीपी (DGP) से इस मामले में की गई कानूनी कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट 7 दिनों के अंदर मांगी है.

कॉलेज और कॉर्पोरेट स्तर पर भी हुई कार्रवाई

विवाद बढ़ने के बाद दोनों ही आरोपियों को अपने करियर और सामाजिक स्तर पर भारी नुकसान उठाना पड़ा है:

 

हिमांशु जांगड़ा की नौकरी गई: गुरुग्राम की जिस ब्रांडिंग कंपनी में हिमांशु काम करता था, उसने जन-आक्रोश को देखते हुए उसे नौकरी से तुरंत निकाल दिया है.

डॉ. सेजल पर बिठाई गई जांच: पुरुषों की लाशों पर की गई टिप्पणी के कारण डॉ. सेजल पवार को 15 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है.

डिलीट हुए अकाउंट्स: हर तरफ़ से घिरने के बाद दोनों ही आरोपियों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स डीएक्टिवेट कर दिए हैं और लिखित में माफी मांगी है.

पुराने वाकयों से नहीं ले रहे सबक

संस्थान और समाज ने अपनी-अपनी तरफ़ से हिमांशु जांगड़ा, प्रणित मोरे और डॉ. सेजल पवार पर राय रखी है और जो सही लगा, वो एक्शन लिया है. लेकिन क्या इसके बाद ऐसा नहीं होगा? फरवरी 2025 में समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में रणवीर अल्लाहबादिया ने एक कंटेस्टेंट से माता-पिता और उनके निजी जीवन को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील सवाल पूछ लिया था. शो में अपूर्वा मखीजा भी थीं. इस भद्दे मज़ाक को बढ़ावा देने के कारण लोग भड़क गए थे. अश्लीलता फैलाने के आरोप में असम (गुवाहाटी) और दिल्ली पुलिस में FIR दर्ज की गई थी और शो के उस एपिसोड को यूट्यूब से हटाना पड़ा था. सिर्फ यही नहीं, इन इंफ्लुएंसर्स के हाथ से कई ब्रैंड डील्स भी छिन गई थीं.

अब आगे क्या?

यह सोशल मीडिया का दौर है. पल-पल में ख़बरें, ऑडियो-वीडियो वायरल हो जाते हैं. एक साल पहले लोग समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा मखीजा के ख़िलाफ मुहिम छेड़ रहे थे.. अभी हिमांशु जांगड़ा, प्रणित मोरे और सेजल पवार उनके लिए ‘कंटेंट’ हैं. कल किसी और का घेराव हो जाएगा. डिजिटल युग में कोई भी बात या व्यक्ति जितनी जल्दी चर्चा में आता है, उतनी ही जल्दी उसे रिप्लेस भी कर दिया जाता है. जो आज वायरल है, कल कोई उसे याद भी नहीं रखेगा. लोग आगे बढ़ जाएंगे. व्यूज़ और ट्रेंड के लिए कुछ और ढूंढ लाएंगे. लेकिन समाज के एक हिस्से के तौर पर आपकी ज़िम्मेदारी कुछ और भी है.

इस पर भी ध्यान दीजिएगा कि जो शख़्स हमारे घर में या हमारे दायरे में अच्छा-भला प्रतीत होता है, वो बाहर जाकर हिमांशु जांगड़ा या सेजल पवार जैसा चोला भी ओढ़ सकता है! कितनी बार होता है न कि हम किसी शख़्स की सिर्फ़ अच्छाइयां ही देख रहे होते हैं क्योंकि वो हमारे सामने वैसा होता है. लेकिन वही शख़्स किसी और की ज़िंदगी के पन्नों में हिमांशु जांगड़ा जैसा भी हो सकता है.

(डिस्क्लेमर: ये लेखक के निजी विचार हैं. लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता/सटीकता के प्रति लेखक स्वयं जवाबदेह है. इसके लिए हरिनायक उत्तरदायी नहीं है.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *