फणीन्द्रनाथ शर्मा महामंत्री संगठन उत्तराखंड,पंकज राणा हरियाणा,रविंद्र राजू असम और त्रिपुरा
उत्तराखंड भाजपा 2027 चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार, फणीन्द्र नाथ शर्मा बने महामंत्री संगठन
उत्तराखंड भाजपा में प्रदेश संगठन महामंत्री का पद जून 2026 से ( पौने चार महीने से) खाली चल रहा था। 1 जून 2026 को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने तत्कालीन संगठन महामंत्री अजेय कुमार का स्थानांतरण करके उन्हें राजस्थान भाजपा का प्रदेश संगठन महामंत्री बना दिया था। तब से यह पद रिक्त था और केंद्रीय नेतृत्व किसी नए चेहरे की तलाश में था। अब सितंबर 2026 में फणीन्द्र नाथ शर्मा की नियुक्ति के साथ ही उत्तराखंड भाजपा को स्थायी प्रदेश संगठन महामंत्री मिल गया है।
उत्तराखंड भाजपा ने प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के बाद फणीन्द्र नाथ शर्मा को प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त कर अपनी संगठनात्मक टीम पूरी कर ली है। यह नियुक्तियां 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने वाली मानी जा रही है।
फणीन्द्र नाथ शर्मा।
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के रण के लिए भाजपा ने संगठन को पूरी तरह तैयार कर दिया है। प्रदेश प्रभारी के रूप में राम माधव और सह प्रभारियों के रूप में बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन की नियुक्ति के बाद पार्टी ने अब प्रदेश महामंत्री संगठन के रिक्त पद पर फणीन्द्र नाथ शर्मा को जिम्मेदारी सौंप दी है। इसके साथ ही प्रदेश संगठन में लंबे समय से रिक्त चल रहे प्रमुख पदों पर नियुक्तियों का क्रम पूरा हो गया है।
भाजपा के लिहाज से इन नियुक्तियों का समय महत्वपूर्ण है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पहले ही संगठनात्मक तैयारियां तेज कर चुकी है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नई टीम तथा संगठन के स्तर पर महामंत्री संगठन की नियुक्ति को चुनावी तैयारी को गति देने वाली कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी नई टीम के सामने संगठन और चुनावी तैयारियों का खाका रखने की बात कह चुके हैं। 25 सितंबर को प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में नई टीम के साथ संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों पर चर्चा प्रस्तावित है।
संगठन की मशीनरी अब पूरी
भाजपा में प्रदेश प्रभारी राजनीतिक-संगठनात्मक समन्वय और केंद्रीय नेतृत्व से संवाद की अहम कड़ी होते हैं, जबकि महामंत्री संगठन की भूमिका संगठन के दैनिक संचालन, कार्यकर्ताओं से संपर्क, बूथ से लेकर मंडल स्तर तक ढांचे को सक्रिय रखने और चुनावी संगठन को जमीन पर उतारने में महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में प्रभारी और सह प्रभारी के बाद संगठन महामंत्री की नियुक्ति से पार्टी के प्रदेश संगठन की शीर्ष व्यवस्था अब स्पष्ट हो गई है।
फणीन्द्र नाथ शर्मा के लिए उत्तराखंड नया संगठनात्मक दायित्व होगा। वह हरियाणा भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में लंबे समय से काम कर रहे हैं। उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों में बूथ सशक्तीकरण, मंडल स्तर की सक्रियता और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर लगातार जोर दिखाई देता है।
बूथ से चुनाव प्रबंधन तक अनुभव
हरियाणा में चुनावी संगठन के दौरान शर्मा ने बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र और माइक्रो बूथ मैनेजमेंट जैसे विषयों पर काम किया है। 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय करने और विधानसभा स्तर पर चुनाव प्रबंधन की समीक्षा पर जोर दिया था।
उत्तराखंड में उनके सामने भी सबसे बड़ा संगठनात्मक काम बूथ स्तर की तैयारियों को चुनावी रणनीति से जोड़ना होगा। पहाड़ और मैदान की अलग-अलग राजनीतिक-सामाजिक परिस्थितियों में संगठन की पहुंच, कार्यकर्ता तंत्र की सक्रियता और सरकार के काम को बूथ तक पहुंचाने की रणनीति उनकी प्राथमिकताओं में रह सकती है।
तीन स्तर पर नई टीम
राम माधव को प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के साथ बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके बाद संगठन महामंत्री की नियुक्ति ने पार्टी की प्रदेश चुनावी टीम को तीन स्तरों पर स्पष्ट कर दिया है। केंद्रीय नेतृत्व की राजनीतिक निगरानी, प्रदेश नेतृत्व के साथ समन्वय और संगठन महामंत्री के जरिए जमीनी संगठन का संचालन। ऐसे में भाजपा अब चुनाव से करीब एक वर्ष पहले संगठनात्मक तैयारी को और तेज करने की स्थिति में है। नियुक्तियों का अगला चरण अब इन नई जिम्मेदारियों को जमीन पर उतारने और विधानसभा स्तर तक चुनावी रोडमैप को क्रियान्वित करने का होगा।
फणीन्द्र नाथ शर्मा : प्रोफाइल
वर्तमान दायित्व: हरियाणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्यरत रहे; 2023 में उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी।
संगठनात्मक अनुभव: इससे पहले असम और त्रिपुरा का संगठनात्मक दायित्व संभाल चुके हैं।
खासियत: बूथ सशक्तीकरण, कार्यकर्ता प्रशिक्षण, मंडल स्तर की सक्रियता और माइक्रो बूथ मैनेजमेंट पर जोर।
चुनावी संगठन का अनुभव: 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और विधानसभा स्तर के चुनाव प्रबंधन की समीक्षा से जुड़े रहे।
कार्यशैली का संकेत: उनके हालिया सार्वजनिक कार्यक्रमों में लगातार यह जोर रहा है कि मजबूत बूथ और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की आधारशिला हैं।
उत्तराखंड के संदर्भ में खास बात: उन्हें ऐसे समय जिम्मेदारी मिल रही है जब भाजपा ने प्रदेश प्रभारी के रूप में राम माधव और सह प्रभारी के रूप में बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन की नई टीम बनाई है।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए पवन राणा को हरियाणा भाजपा का नया संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। इससे पहले वे दिल्ली प्रदेश के संगठन महामंत्री थे।
पवन राणा बने हरियाणा BJP के नए संगठन महामंत्री।
पवन राणा हरियाणा भाजपा के नए संगठन महामंत्री नियुक्त।
फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रविंद्र राजू असम और त्रिपुरा के संगठन महामंत्री बने।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए कई राज्यों के संगठन महामंत्रियों के दायित्वों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत हरियाणा भाजपा के महामंत्री (संगठन) फणीन्द्रनाथ शर्मा को अब उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर पवन राणा को हरियाणा का महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। राणा के पास दिल्ली प्रदेश के महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी भी थी।
पवन राणा इससे पहले हिमाचल प्रदेश भाजपा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अप्रैल 2023 में उन्हें हिमाचल से दिल्ली भेजकर दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री का दायित्व दिया गया था। संगठन महामंत्री का पद भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच समन्वय की दृष्टि से
प्रशिक्षण को लेकर जानकारी दी थी
दिल्ली में रहते हुए पवन राणा संगठनात्मक बैठकों और बूथ स्तर के विस्तार से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रहे। उन्होंने ई-विस्तारक योजना में दिल्ली के शक्ति केंद्रों और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को लेकर पदाधिकारियों को जानकारी दी थी।
वहीं, हरियाणा के पूर्व संगठन महामंत्री रविंद्र राजू को असम और त्रिपुरा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उन्हें कार्यालय निर्माण की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। नए फेरबदल के बाद फणीन्द्रनाथ शर्मा उत्तराखंड, पवन राणा दिल्ली-हरियाणा और रविंद्र राजू असम-त्रिपुरा में संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे।


