सबसे ज्यादा विमर्श भाजपा आईटी प्रमुख अमित मालवीय के हटने पर

सबसे अधिक विमर्श अमित मालवीय को भाजपा आईटी सेल इंचार्ज से हटाने पर

अमित मालवीय 11 साल भाजपा आईटी सेल इंचार्ज रहे
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम को पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग में बड़ा परिवर्तन किया है. अमित मालवीय को इस पद से हटा कर उनकी जगह छत्तीसगढ़ से दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.

हालांकि, भाजपा ने अमित मालवीय को हटाने की कोई वजह सार्वजनिक नहीं की है. पार्टी ने इसे नियमित संगठन परिवर्तन ही बताया है.

मालवीय की जगह आये दीपक म्हस्के की पहचान अकादमिक और चुनावी डेटा जानकार की रही है.

म्हस्के केमिस्ट्री के प्रोफेसर रहे हैं और भाजपा संगठन में भी काम कर चुके हैं. उनकी नियुक्ति को पार्टी के डिजिटल अभियान में डेटा और चुनावी रणनीति पर ज्यादा जोर देने की कोशिश देखी जा रही है.

क्या जेन-ज़ी प्रोटेस्ट का असर पड़ा?
छत्तीसगढ़ स्टूडेंट  प्रोटेस्ट

कई विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा, हाल ही में हुए स्टूडेंट प्रोटेस्ट में युवाओं से जुड़ने में विफल रही
मालवीय को हटाए जाने की टाइमिंग पर खास ध्यान दिया जा रहा है. यह परिवर्तन ऐसे समय हुआ जब हाल के छात्र और युवा प्रदर्शनों में सोशल मीडिया की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही.

रॉयटर्स ने भी भाजपा के इस बदलाव को हालिया युवा प्रदर्शनों बाद पार्टी की डिजिटल रणनीति में बदलाव से जोड़ा है.

जंतर-मंतर समेत देश के कई हिस्सों में हुए स्टूडेंट और जेन ज़ी प्रोटेस्ट में सोशल मीडिया मुख्य रूप से प्रदर्शनकारियों के एकजुट होने का बड़ा माध्यम बन गया. उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल रैप, गानों और वीडियो से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार का मज़ाक उड़ाने को किया. दिलचस्प बात यह है कि इन्हीं प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भाजपा लंबे समय से अपने समर्थकों तक पहुंचने और अपने राजनीतिक संदेश को आकार देने को करती रही है.

जुलाई में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े विचारक रतन शारदा ने भाजपा की मीडिया और आईटी टीम की आलोचना की थी. उन्होंने कहा था कि पार्टी का आईटी सेल अब खुद नैरेटिव बनाने के बजाय दूसरे लोगों के बनाए नैरेटिव पर प्रतिक्रिया देता है. उन्होंने खास तौर पर जंतर-मंतर के छात्र आंदोलन को लेकर पार्टी की सोशल मीडिया रणनीति पर सवाल उठाए थे.

रतन शारदा का क़ोट

रतन शारदा ने एक्स पर लिखा था, “#CockroachProtests के बीच हम #BJP की मीडिया टीम, जिसमें आईटी सेल भी शामिल है, की शानदार नाकामी पर ध्यान ही नहीं दे पाए. लेफ्ट इकोसिस्टम ने एक नफ़रत भरा, लेकिन बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया नैरेटिव खड़ा किया और उसे काउंटर करने में बीजेपी पूरी तरह नाकाम रही. बीजेपी की तरफ़ से बात मीम्स या Whataboutery (आरोप-प्रत्यारोप) से आगे नहीं बढ़ी.”

रतन शारदा ने लिखा, “मोदी जी को हालात संभालने को अपनी पूरी ताक़त लगानी पड़ी, यहां तक कि आधी रात को एक रील भी बनानी पड़ी. ये भाजपा के कम्युनिकेशन को अच्छा नहीं है. मेरा दिल टूटता है. इसलिए ये कड़वी पोस्ट लिख रहा हूं.”

शारदा की यह आलोचना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले वह अमित मालवीय के सोशल मीडिया पोस्ट के तरीके पर भी सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने कहा था कि नागरिकों की चिंताओं का जवाब देने के बजाय उन्हें ट्रोल करना समस्या पैदा करता है.

यूट्यूब चैनल से जुड़े आंकड़े जारी करने वाली संस्था डेटाबीइंग्स के 1 से 7 अगस्त के बीच जारी आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस का चैनल 2 करोड़ 19 लाख व्यूज़ के साथ राजनीतिक पार्टियों और नेताओं के चैनलों की लिस्ट में पहले नंबर पर था. कांग्रेस का व्यूज़ शेयर 33 प्रतिशत था. जबकि इंडियन यूथ कांग्रेस का चैनल एक 1 करोड़ 39 लाख व्यूज़ और 21 प्रतिशत व्यूज़ शेयर के साथ दूसरे नंबर पर था. वहीं राहुल गांधी का चैनल 1 करोड़ 14 लाख व्यूज़ के साथ तीसरे नंबर पर था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यूट्यूब चैनल सिर्फ़ 62 लाख व्यूज़ के साथ चौथे नंबर पर था.

डेटा बीइंग

स्क्रॉल के एक लेख के अनुसार भाजपा ने पिछले डेढ़ दशक में एक्स (पहले ट्विटर), फ़ेसबुक और व्हाट्सऐप जैसे टैक्स्ट-बेस्ड प्लेटफ़ॉर्म्स पर जिस तरह का मज़बूत डिजिटल नेटवर्क बनाया था, वही रणनीति इंस्टाग्राम और ख़ासकर रील्स की दुनिया में उतना असर नहीं छोड़ पाई. लेख के अनुसार जेन-ज़ी का सोशल मीडिया इस्तेमाल और राजनीतिक संवाद करने का तरीका पुरानी पीढ़ियों से काफी अलग है.

लेख कहता है कि जेन-ज़ी का का मुख्य प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम है, जबकि एक्स, और फ़ेसबुक को युवा अपेक्षाकृत प्रौढों के प्लेटफॉर्म के तौर पर देखते हैं.

इंस्टाग्राम पर कंटेंट की पहुंच सिर्फ़ फ़ॉलोअर्स की संख्या से तय नहीं होती. एल्गोरिदम यह देखता है कि लोग वीडियो कितनी देर देखते हैं, दोबारा देखते हैं और उसे निजी चैट में दोस्तों के साथ शेयर करते हैं.

लेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 23 जुलाई के इंस्टाग्राम वीडियो का उदाहरण दिया गया है. वीडियो को 24 घंटे में 30 करोड़ से ज़्यादा व्यूज़ मिले. भाजपा ने इसे अपनी डिजिटल सफलता माना, जबकि स्क्रॉल के इस लेख के अनुसार बड़ी संख्या में युवा इसे मज़ाक और मीम के तौर पर शेयर कर रहे थे. यानी बहुत ज्यादा व्यूज़ का मतलब ज़रूरी नहीं कि सकारात्मक राजनीतिक प्रभाव भी हो.

जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट बाद युवा और जेन-ज़ी से जुड़ने को भाजपा ख़ुद कितना महत्वपूर्ण मानती है इसका संकेत नए सोशल मीडिया इंचार्ज दीपक म्हस्के ने ख़ुद दिया.

दीपक म्हस्के को भाजपा का नया सोशल मीडिया इंचार्ज बनाया गया है

दीपक म्हस्के ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा अब युवाओं तक पहुंचने को इंस्टाग्राम, रील्स और प्लेटफ़ॉर्म स्पेसिफ़िक मैसेजिंग पर ज़ोर देगी. उन्होंने यह भी कहा है कि पार्टी मिसइन्फ़ॉर्मेशन का जवाब देने और लोगों की गलत धारणाएं दूर करने पर ध्यान देगी.

म्हस्के का यह कहना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल के जेन-ज़ी आंदोलन में इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही थी.

भाजपा के इस बदलाव का स्वागत करते हुए ‘द प्रिंट’ की पत्रकार रूही तिवारी ने एक्स पर लिखा, कि”यह बदलाव बहुत पहले हो जाना चाहिए था. शायद पार्टी नेतृत्व को अब एहसास हो गया है कि पूरी तरह से प्लांटेड और सुनियोजित ट्रोल आर्मी वाला मॉडल अब उल्टा नुकसान पहुंचा रहा है. यह भी नहीं भूलना चाहिए कि सोशल मीडिया वॉरफेयर का विचार देशभर में लोकप्रिय बनाने की शुरुआत भाजपा ने ही की थी. लेकिन आज उसका सोशल मीडिया अभियान थका हुआ और बनावटी लगता है. वह एक ही तरीके पर निर्भर है-ट्रोल करना और लगातार हमला बोलना. भाजपा को नए सोच वाले लोगों, नए तरीकों और कम आक्रामक रणनीति की ज़रूरत है.”

अमित मालवीय ने क्या कहा?
पद से हटने पर अमित मालवीय ने अपने उत्तराधिकारी दीपक म्हस्के को बधाई दी और कहा कि नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब पार्टी देश के हर हिस्से तक अपना संदेश और संगठन पहुंचाने में लगी है.

उन्होंने सोशल मीडिया पर भाजपा समर्थकों को भी अपने 11 साल के कार्यकाल में समर्थन को धन्यवाद दिया.

उन्होंने लिखा, कि” भाजपा के सभी नए बने पदाधिकारियों को बधाई. उनकी नियुक्ति ऐसे अहम मोड़ पर हुई है, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश और संगठन को देश के कोने-कोने तक ले जाने की तैयारी कर रही है.”

“मैं ख़ासतौर पर दीपक म्हस्के को बधाई देना चाहता हूं, जो मेरी जगह भाजपा के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के हेड का काम संभालेंगें, और सह संयोजकों प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी , आलोक भट्ट और अरुण यादव को.”

अमित मालवीय ने पार्टी के नए सोशल मीडिया इंचार्ज दीपक म्हस्के (दाएं) को बधाई दी
अमित मालवीय का 11 साल का कार्यकाल
अमित मालवीय 11 साल भाजपा की डिजिटल राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे . वह सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं पर हमलों और भाजपा के पक्ष में नैरेटिव बनाने को जाने जाते रहे हैं.

हाल के छात्र आंदोलन में भी वह सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहे. उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो और दावों पर सवाल उठाए और आंदोलन के विषय पर भाजपा का पक्ष रखने की कोशिश की.

मालवीय बैंकिंग क्षेत्र में काम कर चुके हैं. उनकी एक्स प्रोफ़ाइल में उन्हें ‘एक्स-बैंकर’ बताया गया है. उनके अनुसार, उन्होंने 2009 में भाजपा से जुड़े ऑनलाइन मंच ‘फ़्रेंड्स ऑफ़ बीजेपी’ के साथ काम शुरू किया था.

उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि बिज़नेस मैनेजमेंट और फाइनेंस से जुड़ी है. भाजपा डिजिटल टीम में आने पर मालवीय तेजी से पार्टी के सोशल मीडिया अभियान का प्रमुख चेहरा बन गए. 2015 में उन्हें पार्टी के आईटी सेल की जिम्मेदारी मिली.  एक दशक तक वह भाजपा के डिजिटल नैरेटिव और सोशल मीडिया रणनीति से जुड़े रहे.

अब सवाल यह है कि क्या दीपक म्हस्के के आने पर भाजपा अपनी सोशल मीडिया रणनीति बदलेगी? खासकर युवा मतदाताओं में पार्टी की पहुंच बढ़ाना और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी मजबूत करना भविष्य में नई टीम की बड़ी चुनौती हो सकती है.

मालवीय को हटाने पर प्रतिक्रियाएं

कांग्रेस नेता मुमताज़ पटेल ने आरोप लगाया कि अमित मालवीय ने आईटी सेल के ज़रिए कांग्रेस के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाई
अमित मालवीय को भाजपा सोशल मीडिया इंचार्ज  पद से हटाने पर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल और विशेषज्ञ प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

वरिष्ठ वकील और कार्यकर्ता प्रशांत भूषण ने एक्स पर लिखा, कि”तो आखिरकार पोर्न फैलाने और फ़ेक न्यूज़ फैलाने वाले अमित मालवीय को भाजपा आईटी सेल प्रमुख से हटा दिया गया.”

कांग्रेस नेता मुमताज़ पटेल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “सबसे स्वागत योग्य बदलाव अमित मालवीय को हटाया जाना है, जिस नेता ने अकेले अपने दम पर आईटी सेल के ज़रिए देशभर में कांग्रेस के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाई.उन्होंने राहुल गांधी के ख़िलाफ़ प्रोपेगेंडा चलाया और झूठी अफ़वाहें और ग़लत ख़बरें फैलाईं. उनका जाना तो बनता था. हम देख रहे हैं कि इनके आईटी सेल जिनके पीछे करोड़ों रुपये ख़र्च किए गए, उनका पूरा प्रोपेगेंडा हमारे स्टूडेंट्स ने तोड़ दिया.”

फ़ैक्ट चेकर मोहम्मद ज़ुबैर ने लिखा, कि”एक दशक से भी ज़्यादा समय अमित मालवीय भाजपा की प्रोपेगेंडा मशीनरी चलाते रहे. उन पर ग़लत सूचनाएं फैलाने और ऑनलाइन ट्रोल्स की एक बड़ी फ़ौज को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे.”

वरिष्ठ पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी ने लिखा, कि”अमित मालवीय भाजपा आईटी सेल प्रमुख पद से बाहर हो गए. आप लोगों का क्या कहना है? क्या जनरल मोदी के नेतृत्व में यह बदनाम सेल इसी तरह काम करता रहेगा?”

वहीं पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी ने लिखा,कि “अमित मालवीय को लेकर लोग ऐसे लिख रहे हैं, जैसे अमित मालवीय को कोई सज़ा दी गई है. अमित मालवीय ने  एक दशक भाजपा आईटी सेल को बखूबी चलाया. यह सही है कि, पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया पर भाजपा विमर्श में पीछे छूटती दिखी, लेकिन यह सच है कि, किसी भी पद पर किसी व्यक्ति को एक समय के बाद हटना ही उसके और उसके दल के लिए उचित होता है, लेकिन अमित मालवीय ने  लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी का बहुत अच्छा काम किया है. अब भाजपा की नई सोशल मीडिया टीम को उसे आगे ले जाने की बड़ी चुनौती होगी. शुभकामनाएं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *