जैनी मामले ने भाजपा को दिया मौका, अध्यक्ष भट्ट से लेकर महिला अध्यक्ष रुची भट्ट तक हमलावर
न्याय यात्रा का ढोंग करने वाला कांग्रेस नेतृत्व जैनी के सवालों पर चुप क्यों? भट्ट
जैनी मामले मे तथ्यों के आधार पर हो न्याय सुनिश्चित
देहरादून 07 नवंबर 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पर जेनी के लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान, महिला न्याय और अधिकारों की बात करने वाले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को अब अपने ही वरिष्ठ नेता पर लगे गंभीर आरोपों पर जवाब देना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सार्वजनिक मंचों से महिला न्याय की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। राहुल गांधी और गणेश गोदियाल महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, वहीं प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ भी सभी को याद है। लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर उठते हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। जेनी द्वारा आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए गंभीर आरोपों पर कांग्रेस का मौन उसकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि जेनी ने आरोप लगाया है कि 16 वर्ष की उम्र में उनके साथ शोषण और दो महीने तक दुष्कर्म किया गया। आज 23 वर्ष बाद वह न्याय की मांग कर रही हैं। ऐसे गंभीर आरोपों पर कांग्रेस नेतृत्व को संवेदनशीलता और जवाबदेही से अपना पक्ष रखना चाहिए। आखिर महिला न्याय की बात करने वाले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अब जेनी के साथ खड़े होने के लिए क्या कदम उठाएंगे? क्या प्रियंका गांधी अपने ही पार्टी के नेता के खिलाफ आवाज उठाएंगी?
भट्ट ने कहा कि जेनी ने अपने 23 वर्षीय बेटे के DNA टेस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा जांच की मांग भी की है। यह एक महिला और उसके बेटे की पहचान, सम्मान और न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है। भाजपा की मांग है कि इस प्रकरण से जुड़े सभी आरोपों और DNA जांच संबंधी शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि तथ्यों के आधार पर न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि इतने गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद उन्हें चुनाव प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी क्यों सौंपी गई है। गणेश गोदियाल बताएं कि क्या वह हरक सिंह रावत से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण मांगेंगे? क्या निष्पक्ष जांच होने तक उन्हें इस जिम्मेदारी से हटाने और संगठनात्मक स्तर पर उचित कार्रवाई करने पर विचार करेंगे?
भट्ट ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में न्याय यात्रा निकालकर महिला सम्मान और न्याय की बात कर रही थी। अब जब उसकी अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता पर इतने गंभीर आरोप लगे हैं, तो क्या गणेश गोदियाल और कांग्रेस के नेता जेनी को न्याय दिलाने के लिए हरक सिंह रावत के आवास का घेराव करेंगे? क्या कांग्रेस इस मामले को लेकर भी प्रदेशभर में न्याय यात्रा निकालेगी या उसकी न्याय यात्रा केवल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ही होती है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना होगा कि महिला न्याय का उसका पैमाना सभी के लिए समान है या अपने नेताओं के लिए अलग। उत्तराखंड की जनता जानना चाहती है कि कांग्रेस के लिए महिलाओं का सम्मान बड़ा है या चुनावी समीकरण। भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। जेनी की शिकायत और उनके बेटे की पहचान से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व को अपनी चुप्पी तोड़कर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
*हरक पर लगे आरोप गंभीर, भाजपा पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध: दीप्ति रावत*
*कांग्रेस में थोड़ी नैतिकता शेष तो हरक को पद और पार्टी से तत्काल निकाले : भाजपा*
भाजपा ने कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पर बलात्कार के आरोपों को बेहद गंभीर मानते हुए, पीड़िता के साथ पूर्णतया न्याय का भरोसा दिलाया है। प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने कांग्रेस को चुनौती दी कि यदि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के अंदर थोड़ी भी नैतिकता शेष है तो वह तत्काल बेटी के साथ अन्याय करने वाले अपने वरिष्ठ नेता को पद और पार्टी दोनों से बर्खास्त करे।
आज जेनी के लगाए आरोपों पर आधारित मीडिया सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हमारा पहले से ही स्टैंड स्पष्ट था कि जो असल पीड़िता है उसका पक्ष सामने के आने के बाद ही सच पूरी तरह सामने आएगा। उसी क्रम में आज जेनी जी ने पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करते हुए जो सत्य और न्याय का रास्ता चुना है पार्टी उसका स्वागत करती है। हम भी चाहते हैं कि पीड़िता जैनी जी के साथ न्याय हो, हर व्यक्ति को न्याय मांगने का अधिकार है और जो विषय सामने आया है, अगर वो सरकार से सहयोग की अपेक्षा करेंगे तो सरकार अवश्य सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर ऐसे व्यक्ति को बैठाया है जिसपर बलात्कार के गंभीर आरोपों लगे हुए हैं। उन्होंने चुनौती दिखाई यदि थोड़ी सी भी नैतिकता कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में है तो वह अपने आरोपी नेता को तत्काल पद और पार्टी दोनों से बाहर करें। क्योंकि मातृ शक्ति अन्याय को लेकर उनके झूठ की पोल अब पूरी तरह खुल गई है कि किस तरह उनकी पार्टी महिला शोषण के गुनाहगारों से भरी हुई है
हरक पर लगे आरोप, कांग्रेस का असली घृणित महिला विरोधी चेहरा : रुचि भट्ट
भाजपा ने अंकिता के हत्यारों को सजा दिलाई, कांग्रेस ने अपने नेताओं को बचाया : भाजपा
भाजपा ने जेनी के हरक सिंह पर लगाए आरोपों को कांग्रेस की असली घृणित, महिला विरोधी चेहरा बताया है। महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट ने कहा कि जो अंकिता बेटी की दुखद हत्या की आंच सुलगाकर, लगातार अपनी राजनैतिक रोटियां सेकने की कोशिश में थे, आज उनकी पोल पूरी तरह खुल गई है।
मीडिया को दी गई प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि जो कुछ आज पीड़िता जेनी ने कहा, वह बेहद दुखद और पीड़ादायी है। प्रदेश में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में संवेदनशील और मातृ शक्ति के प्रति पूर्णतया गंभीर रुख अपनाने वाली सरकार है। इसलिए, निसंदेह प्रताड़ित बेटी को न्याय अवश्य मिलेगा और कसूरवार अब सलाखों के पीछे होंगे। बेशक सत्ता की हनक और कांग्रेस सरकारों की शह पर तब जेनी से बलात्कार का सच दबा दिया गया। लेकिन सच कभी मरता नहीं है और वह आज फिर से न्याय को खड़ा हुआ है और दोषियों को सजा मिलकर ही रहेगी।
उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर लगे बलात्कार के आरोपों के आधार पर समूची कांग्रेस पार्टी की नीति और नीयत को दोगला करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ भाजपा सरकार ने दिवंगत बेटी अंकित के हत्यारे को उम्र कैद की सजा दिलाई है दूसरी तरफ कांग्रेस ने बलात्कार के आरोपी अपने नेता को बरी करवाया। जो कांग्रेस पार्टी 5 वर्षों से महिला अत्याचारों को लेकर झूठे आरोप लगा रही थी, उसकी पोल जनता तो पहले ही कई बार चुनाव में खोल चुकी है। लेकिन आज पीड़िता के हालिया बयान ने कांग्रेस के महिला विरोधी चेहरे पर काली मोहर लगा दी है। देश प्रदेश ने एक बार फिर से देख लिया कि महिला अपराधों पर न्याय मात्रा निकलने वाली कांग्रेस पार्टी के नेता ही महिलाओं के साथ कितने घिनौना अन्याय के आरोपित हैं।

