बाईक रैली से 3 दिवसीय गुरमत समागम प्रारंभ,
देहरादून 03 सितंबर 2026 । बाईक रैली के साथ तीन दिवसीय श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के देहरादून आगमन दिवस को समर्पित गुरमत समागम प्रारंभ हो गया है। यह महाआयोजन गुरू नानक पब्लिक ग्राउंड में भव्य स्वरुप में किया जा रहा है।
बता दें , कार्यक्रमानुसार सबसे पहले गुरु पंथ के आगमन के स्वागत में शांतिपूर्वक विशाल बाइक रैली निकाली गयी। रैली आशा रोड़ी फ्लाईओवर से आरंभ होकर देहरादून शहर के बीच होते हुए गुरु नानक ग्राउंड, रेस कोर्स पहुंची। रैली का मुख्य उद्देश्य गुरु पंथ का भव्य स्वागत करना था।
उसके पश्चात गुरु नानक ग्राउंड में विशाल धार्मिक दीवान सजाये गए। इनमें शिरोमणि पंथिक हस्तियां और रागी जत्थे रहे जिनमें ज्ञानी शेर सिंह बुड्ढा दल, भाई हरविंदरपाल सिंह (लिटिल वीरजी), भाई गुरमीत सिंह शांत, बाबा गदगज सिंह , कविशर सुखबीर सिंह , ज्ञानी जंग सिंह , बीबी दलेर कौर , ज्ञानी बलविंदर सिंह (पांवटा साहिब), भाई सहजदीप सिंह (दिल्ली), भाई नवजोत सिंह (जगाधरी), बीबी सिमरन कौर , बीबी रवनीत कौर , भाई हर्षदीप सिंह (अंबाला), भाई रविंदर सिंह (अंबाला), भाई बलविंदर सिंह , भाई अवतार सिंह , भाई जनक सिंह , और भाई मनप्रीत सिंह (देहरादून) के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। धार्मिक दीवान कल रविवार भी होगा।
इसके अलावा रविवार को 12 बजे से गुरु पंथ खालसा की रीत अनुसार खालसाई महल्ला निकाला जाएगा। महल्ला गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड (प्रारंभ) ➔ रेस कोर्स चौक ➔ प्रिंस चौक ➔ रेलवे स्टेशन ➔ दर्शनी गेट ➔ कोतवाली ➔ मोती बाजार ➔ मछली बाजार ➔ बिंदाल चौक ➔ तिलक रोड ➔ झंडा बाजार ➔ सहारनपुर चौक ➔ गुरुद्वारा सिंह सभा ➔ प्रिंस चौक ➔रेस्ट कैंप चौक ➔ त्यागी रोड ➔ ➔ गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड जाकर समापन किया जायेगा।
इस समागम का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के देहरादून आगमन की उस ऐतिहासिक शोभा और तरीके को पुनः जीवंत करना है। निहंग सिंह फौजों का जाहो-जलाल, घोड़े, निशान-नगाडे, शस्त्रविद्या (गतका) और पुरानी खालसाई मर्यादा को संगत के सामने दर्शाना है, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी विरासत से जुड़ सके और समाज में एकता का संदेश जाए।
जत्था अकाली बाबा फतेह सिंह और समूह साध-संगत देहरादून ने सभी धर्मों की संगत को इस पावन समागम में परिवार समेत पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


