सरकारी नौकर और JPSC परीक्षा संचालक कंपनी में जॉब, अभय तिवारी के ‘डबल रोल’ से खुली पोल,छठी गिरफ्तारी

रांची प्रोटेस्ट का असर, JSSC JE का आका अरेस्ट, जिसने सेफ हाउस में रटवाए थे उत्तर!
मुंबई से परीक्षा एजेंसी Bynsis Technology के मुख्य निदेशक अरुण कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. जांच में पता चला कि परीक्षा से पहले पटना के सेफ हाउस में अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाए गए थे. इस मामले में पहले ही पांच आरोपी जेल जा चुके हैं. छात्र आंदोलन जारी है और जांच अब आउटसोर्सिंग कंपनियों के शीर्ष दफ्तरों तक पहुंच चुकी है।

रांची ,11 अगस्त 2026, झारखंड में एक तरफ जहां परीक्षाओं में धांधली और पर्चा लीक को लेकर सड़कों पर भारी छात्र आंदोलन छिड़ा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ 2022 के चर्चित JSSC जूनियर इंजीनियर (JE) पेपर लीक मामले में SIT (विशेष जांच टीम) को बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है.

रांची पुलिस की SIT ने परीक्षा का ठेका लेने वाली नई दिल्ली की एजेंसी Bynsis Technology Pvt Ltd के वांछित डायरेक्टर और मुख्य साजिशकर्ता अरुण कुमार को मुंबई से धर दबोचा है. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश कर 10 अगस्त को न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है.

पटना के सेफ हाउस में अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे प्रश्न-उत्तर
SIT की जांच में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. इसमें एजेंसी और सिंडिकेट की सांठगांठ सामने आई है. 3 जुलाई 2022 को JSSC ने कनीय अभियंता (डिप्लोमा) के 1,279 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की थी. लेकिन पहली पाली का पेपर शुरू होने से पहले ही पूरी उत्तरमाला (आंसर-की) सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.

जांच में सामने आया कि परीक्षा आयोजित कराने वाली दिल्ली की एजेंसी Bynsis Technology ने पेपर लीक कराने वाले सिंडिकेट के साथ मिलकर हाथ मिलाया था. परीक्षा से ठीक पहले अभ्यर्थियों को पटना के एक सेफ हाउस में जुटाया गया और वहां रात भर प्रश्न-उत्तर रटवाए गए थे. छात्र मिथिलेश कुमार महतो की शिकायत पर नामकुम थाने में केस दर्ज किया गया था और आयोग ने परीक्षा निरस्त कर दी थी.

ये 5 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

रंजीत मंडल (परीक्षार्थी सह मुख्य अभियुक्त)
दीपक कुमार (सिंडिकेट सदस्य)
अभिषेक कुमार (सिंडिकेट सदस्य)
दीपक श्रीवास्तव (सिंडिकेट सदस्य)
कृष्ण कुमार (परीक्षा एजेंसी Bynsis Technology का सीनियर मैनेजर)

बिहार के नालंदा (चिक्सौरा) का रहने वाला एजेंसी का मुख्य निदेशक अरुण कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और अपनी लोकेशन बदल रहा था. SIT ने डिजिटल सर्विलांस के जरिए उसे मुंबई से ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया.

झारखंड में एक तरफ JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते की गिरफ्तारी हुई है और दूसरी तरफ JSSC JE पर्चा लीक के इस ‘मास्टरमाइंड’ का हत्थे चढ़ना यह साफ दिखाता है कि जांच का दायरा अब सीधा उन आउटसोर्सिंग कंपनियों के शीर्ष दफ्तरों तक पहुँच चुका है जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही थीं.

 

सरकारी नौकरी के साथ JPSC परीक्षा कराने वाली कंपनी में जॉब, अभय तिवारी के ‘डबल रोल’ ने खोली पोल

झारखंड में पेपर लीक और धांधली के तार अब कई लोगों से जुड़ रहे हैं. इस बीच अभ्यर्थी अभय तिवारी और उसके परिवार के लोगों को मिली नौकरियों की जांच की मांग कर रहे हैं.

झारखंड में पेपर लीक का पूरा नेटवर्क
झारखंड में सरकारी नौकरी की परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है. शुरुआत में छात्रों की मांग सिर्फ परीक्षा निरस्त करने की थी, लेकिन CID की जांच आगे बढ़ने के साथ मामला अब बड़ा होता जा रहा है. जांच में आयोग के अधिकारियों, परीक्षा कराने वाली निजी कंपनी, उसके कर्मचारियों, बिचौलियों और कुछ अभ्यर्थियों की भूमिका सामने आई है. सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की हो रही है वो है अभय तिवारी, जिसने कुछ ही साल में एक साथ कई सरकारी नौकरियां निकालीं और अब सीआईडी के रडार पर आ गया है. अभय तिवारी के परिवार से कई लोगों के सरकारी नौकरी में होने की भी बात सामने आ रही है, जिसे लेकर जांच शुरू हो चुकी है.

परीक्षा संचालक कंपनी से अभय तिवारी का लिंक
अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी का नाम प्रदर्शन और जांच में लगातार सामने आ रहा है. तिवारी गोड्डा में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर सरकारी नौकरी कर रहा था. इसके साथ ही उसका संबंध परीक्षा कराने वाली निजी कंपनी TSR Data Processing Private Limited यानी TDPL से भी बताया गया है. वह कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर था.

परिवार के लोगों को भी मिली सरकारी नौकरी
एक ही व्यक्ति का सरकारी नौकरी में होने के साथ परीक्षा कराने वाली कंपनी से जुड़ा होना CID की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि तिवारी के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और परीक्षा की प्रक्रिया में उसकी क्या भूमिका थी. जांच से जुड़ी रिपोर्टों के अनुसार अभय तिवारी ने JSSC-CGL परीक्षा में 48वीं रैंक पाई थी. उसके भाई अक्षय तिवारी और भाई की पत्नी सुष्मा कुमारी के भी इसी परीक्षा में चयनित होने की बात सामने आई है. इसके बाद छात्रों ने CGL परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की है.

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी भी अभय तिवारी के पोस्टर लेकर खड़े दिख रहे हैं. उनके हाथ में मौजूद पोस्टरों में अभय तिवारी के साथ उन तमाम लोगों का नाम लिखा गया है, जो उसके रिश्तेदार या फिर परिवार से बताए जा रहे हैं.

अभ्यर्थियों से लिए गए लाखों रुपये
मामले में पेपर लीक और पैसे के लेन-देन के आरोप भी सामने आए हैं. CID की पूछताछ से जुड़ी रिपोर्टों के अनुसार बोकारो में करीब 15 अभ्यर्थियों से परीक्षा से पहले प्रश्न और उत्तर देने के नाम पर लगभग 12-12 लाख रुपये लिए गए. इस हिसाब से करीब 1.80 करोड़ रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है. ये भी आरोप है कि परीक्षा से पहले करीब 65 सवाल और उनके जवाब कुछ अभ्यर्थियों को दिए गए और उन्हें याद कराया गया. अगर जांच में ये आरोप सही साबित होते हैं तो मामला सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक बड़े नेटवर्क के तौर पर देखा जा सकता है. हालांकि, इन आरोपों की अभी अदालत में पुष्टि नहीं हुई है.

परीक्षा कराने वाली कंपनी पर भी उठे सवाल
परीक्षा कराने वाली कंपनी TDPL की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने 20 मई 2025 को TDPL को ब्लैकलिस्ट और डी-लिस्ट किया था. इसके बावजूद बाद में JPSC में कंपनी को काम मिलने की प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई. आरोप है कि खुली निविदा के बजाय नामांकन के आधार पर कंपनी को काम दिया गया. उस समय JPSC की परीक्षा नियंत्रक की ओर से इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताए जाने की बात भी सामने आई है.

लगातार हो रहीं गिरफ्तारियां
इसी मामले में JPSC की तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है. TDPL के निदेशक रामवीर सिंह भी गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं. CID ने TDPL के रांची और लखनऊ स्थित कार्यालयों को सील कर वहां मौजूद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच शुरू की है. मामले में CID ने लगातार गिरफ्तारियां की हैं. शुरुआती दौर में श्वेता गुप्ता, रामवीर सिंह, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद एबाद और अभय तिवारी को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद अरविंद मंडल समेत कई अन्य लोग भी जांच के घेरे में आए.

4 अगस्त को उमेश कुमार, बुद्धेश्वर भगत और रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया. इसके अगले दिन 5 अगस्त को पांच और लोग पकड़े गये. इनमें JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते के कंप्यूटर ऑपरेटर, तीन छात्र और एक अन्य आरोपित हैं. इसके बाद 10 अगस्त को CID ने JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को पकड़ लिया. इससे पहले उनसे कई बार पूछताछ हो चुकी थी. उनके सरकारी आवास और JPSC कार्यालय समेत कई जगहों पर छापेमारी भी की गई थी. अब तक कुल 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

अभय तिवारी ने लगाए खियांग्ते पर आरोप
पूछताछ से जुड़ी एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अभय तिवारी ने JPSC के चेयरमैन पद पर रहे एल खियांग्ते पर TDPL को काम दिलाने के बदले करीब दो करोड़ रुपये लेने और 20 प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाया है. हालांकि खियांग्ते पहले यह कह चुके हैं कि TDPL को ब्लैकलिस्ट किए जाने की जानकारी उन्हें कंपनी के चयन के समय नहीं थी.

अभय तिवारी और TDPL की भूमिका सामने आने के बाद अब JSSC-CGL परीक्षा भी सवालों के घेरे में है. छात्रों का कहना है कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए. छात्र परीक्षा निरस्त कर दोबारा कराने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं. हालांकि सरकार फिलहाल JSSC-CGL परीक्षा निरस्त करने के पक्ष में नहीं है. सरकार का कहना है कि परीक्षा की प्रक्रिया अदालतों की निगरानी में हुई थी और कई चयनित अभ्यर्थी अभी नौकरी कर रहे हैं. ऐसे में पूरी परीक्षा को रद्द करना कानूनी रूप से आसान नहीं होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *