उप्र से ओऊम पुल हरिद्वार पर 21फुट ऊंची शिवमूर्ति

हरिद्वार में स्थापित हुई 21 फुट ऊंची शिव मूर्ति, क्रेन से उप्र के मंत्री ने किया अनावरण
उत्तर प्रदेश  के सिंचाई  मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हरिद्वार में शिव मूर्ति का अनावरण किया. उन्होंने कहा हरिद्वार धार्मिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है.
HARIDWAR OM BRIDGE SHIVA STATUE
हरिद्वार में स्थापित हुई 21 फुट ऊंची शिव मूर्ति

हरिद्वार 25 अगस्त 2026 : धर्मनगरी हरिद्वार को सावन के महीने में एक नई पहचान मिली है. सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से यहां ओम पुल के पास 21 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है. एफआरपी पत्थर से निर्मित इस प्रतिमा का उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधि विधान के साथ लोकार्पण किया. करीब 100 वर्ष की अनुमानित लाइफ वाली यह प्रतिमा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी. यहां प्रतिदिन पूजा अर्चना भी होगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना की गई. इसके बाद सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने क्रेन में खड़े होकर शिवजी की प्रतिमा का अनावरण किया. उन्होंने कहा भगवान शिव की इस दिव्य प्रतिमा का अनावरण शुभ संकेत है. यहां नियमित रूप से स्तुति और धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे. जिससे क्षेत्र का आध्यात्मिक वातावरण और मजबूत होगा.

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है. ऐसे में यहां होने वाले विकास कार्यों का महत्व और बढ़ जाता है. स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आने वाले कुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड सरकार की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. उत्तर प्रदेश सरकार और सिंचाई विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भीमगोड़ा बैराज से वर्षों से हो रही सीपेज की समस्या का समाधान किया गया है. बैराज के गेट बंद किए बिना गेटों को बदलकर सीपेज को रोकने का काम किया गया. इससे उत्तर प्रदेश के करीब 15 जिलों के किसानों को सिंचाई व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा सिंचाई विभाग की ओर से बंधों को मजबूत करने का काम भी किया गया है. इससे बाढ़ के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी।

राहुल गांधी पर हमला, कहा- ‘विपक्ष को कुछ सूझ नहीं रहा’
उत्तर प्रदेश सरकार में सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को हरिद्वार में ओम पुल के पास 21 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य मूर्ति का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने विरोधी दलों पर भी निशाना साधा.उत्तर प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह राहुल गांधी के मुनस्मृति वाले बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी दलों को अब कुछ भी नहीं सूझ रहा है, इसलिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ का भी विरोध होता रहा।

राहुल गांधी के बयान पर किया पलटवार
इस दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस के शासन में गांव, गरीब और किसान दुखी थे, युवाओं को कोई पूछने वाला नहीं था और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ बोलने पर भी विरोध होता था. देश में आतंकवाद और नक्सलवाद का बोलबाला था.

उन्होंने कहा कि आज श्रीनगर के चौक पर तिरंगा शान से फहरता है, 81 करोड़ लोगों को राशन मिल रहा है, लोगों को पानी के कनेक्शन, आवास, शौचालय और किसान सम्मान निधि जैसी सुविधाएं मिल रही हैं. उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद 126 जिलों से समाप्त हो चुका है और जम्मू-कश्मीर में सेना पर पत्थरबाजी भी खत्म हो गई है. स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की लगातार बढ़ रही लोकप्रियता के कारण विपक्ष को कोई सुझाव दिखाई ही नहीं दे रहा है.

HARIDWAR OM BRIDGE SHIVA STATUE
21 फुट ऊंची शिव मूर्ति
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि ओम पुल हरिद्वार की पहचान बन गया है. हरिद्वार में धार्मिक आस्था के साथ विकास और सौंदर्यीकरण को भी आगे बढ़ाया जा रहा है. ओम पुल के समीप स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. प्रतिमा के स्थापित होने से क्षेत्र की भव्यता बढ़ने के साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह नया आकर्षण बनेगा. निश्चित रूप से ओम पुल के साथ-साथ इस मूर्ति का रखरखाव भी विभाग करेगा।

TAGGED:

हरिद्वार ओम पुल शिव मूर्ति
हरिद्वार 21 फुट शिव मूर्ति
हरिद्वार में विशालकाय शिव मूर्ति
HARIDWAR 21 FOOT SHIVA STATUE
HARIDWAR OM BRIDGE SHIVA STATUE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *