कुल्हाल सीमा पर उपद्रव: निहंगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा
Breaking border barrier entered In Uttarakhand Unknown Nihang Sikhs booked on serious charges
बैरियर तोड़ उत्तराखंड में किया प्रवेश: अज्ञात निहंग सिखों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोपों में FIR दर्ज
विकासनगर(देहरादून)
Nihang Sikh Dispute: देर रात चंडीगढ़ की तरफ से बड़ी संख्या में निहंग सिख कुल्हाल बॉर्डर पहुंचे थे। यहां उन्होंने बवाल किया और बैरियर तोड़ते हुए दून की तरफ कूच किया था।
बॉर्डर पर निहंगों ने तोड़े बैरिकेड
चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए निहंग सिखों के पहले जत्थे के बृहस्पतिवार रात कुल्हाल बैरियर तोड़कर उत्तराखंड में प्रवेश करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करने, हथियार लहराकर भय फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं हुईं हैं।
पुलिस अधीक्षक देहात पंकज गैरोला ने बताया कि कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर 25 जून को बड़ी संख्या में निहंग सिखों के कर्णप्रयाग पहुंचने की अपील की गई थी। इसके मद्देनजर कुल्हाल बैरियर पर पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी की तैनाती की गई थी। पुलिस ने जत्थे से बिना हथियार और छोटे-छोटे समूहों में यात्रा करने का अनुरोध किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
वार्ता विफल होने के बाद निहंग सिख बैरिकेडिंग तक पहुंचे और तलवार, कृपाण, फरसे, भाले व अन्य हथियार लहराते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए। इस दौरान बैरिकेडिंग के आसपास खड़े वाहनों को भी क्षति पहुंचाई गई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
अज्ञात निहंग सिखों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आपराधिक बल प्रयोग और लोगों में भय का माहौल बनाने जैसे आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
