वैश्य समाज सनातन संस्कृति ध्वजवाहक,राष्ट्र की आर्थिक व सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक:धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के दीपावली मेले में हुए शामिल,कहा-वैश्य समाज सनातन संस्कृति ध्वजवाहक,राष्ट्र की आर्थिक व सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक

मुख्यमंत्री धामी बोले—‘लोकल फॉर वोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव

स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मिलेगा बल

वैश्य समाज हमेशा सरकार के साथ मिलकर विकास के पथ पर अग्रसर रहेगा: मुख्यमंत्री

देहरादून 12 अक्टूबर 2025। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जीएमएस रोड, देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के दीपावली मेले में सम्मिलित हुए। |इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराजा अग्रसेन को नमन करते हुए उपस्थित जनों को दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली पर्व हम सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का एक विशिष्ट माध्यम है, जो हमें अंधकार से प्रकाश की ओर और बुराई से अच्छाई की ओर जाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वैश्य समाज सदियों से सनातन संस्कृति का ध्वजवाहक बनकर संपूर्ण समाज में सहयोग, सौहार्द और विकास का प्रकाश फैला रहा है। वैश्य समाज हमारे राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है। वैश्य समाज ने हमेशा सनातन धर्म की रक्षा और सामाजिक कार्यों के विस्तार को दिल खोलकर सहयोग किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन इस मेले से न केवल व्यापार को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि सामाजिक एकता, स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन और लोकसंस्कृति संरक्षण भी कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में एक ओर जहां हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं ‘लोकल फॉर वोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर भारत’ के स्वप्न को साकार करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ने राज्य में अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतियों को सफलतापूर्वक लागू किया है, जिससे आज राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। हमने राज्य हित में कई ऐतिहासिक निर्णय भी लिए हैं | हमने देश में सबसे पहले “समान नागरिक संहिता” को लागू करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के प्रति भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है। हमने प्रदेश में इस सुनियोजित लैंड जिहाद पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हजार एकड़ से अधिक की सरकारी भूमि को लैंड जिहादियों से मुक्त कराया है। हमनें 550 के करीब अवैध मजारें ध्वस्त की है वहीं वन भूमि पर अतिक्रमण करके बनाई गई 2 अवैध मस्जिदों को भी हटाया है। इसके अतिरिक्त, हमारी सरकार राज्य में सनातन संस्कृति को बदनाम करने वाले पाखंडियों के विरुद्ध भी ‘ऑपरेशन कालनेमि’ में भी कठोर कार्रवाई कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आप सभी से आग्रह करना चाहता हूँ कि आप सभी प्रधानमंत्री जी के “स्वदेशी अपनाओ देश को मजबूत बनाओ’’ मंत्र को आत्मसात करते हुए अधिकाधिक स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें। यदि हम स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे, तो ये कदम न केवल हमारे कारीगरों, किसानों और उद्यमियों को सशक्त बनाएगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हम उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” को पूर्ण करने हेतु निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे इस संकल्प को पूर्ण करने को वैश्य समाज के मेरे सभी परिवारजन इसी प्रकार हमारी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते रहेंगे और हम सभी मिलकर हमारे इस संकल्प को सिद्ध करने में अवश्य सफल होंगे।

अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि संगठन निरंतर सामाजिक सेवा कार्यों में अग्रसर है और रक्तदान अभियान में अब तक 1 लाख से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित कर समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (IVF) देशभर में अपने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक कार्यों से एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। समाज के हर वर्ग से प्रतिष्ठित व्यक्तित्व इस संगठन से जुड़कर समाजहित में योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम में ड्राइंग प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात दीपावली सांस्कृतिक संध्या में महाराजा अग्रसेन की पावन लीला, श्री राधा-कृष्ण महारास एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत किए गए। सभी उपस्थित जनों ने डांडिया नृत्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जहाँ बाहर से आए कलाकारों ने प्रतिभागियों को डांडिया की विधा भी सिखाई।

कार्यक्रम में विधायकगण सर्वश्री विनोद चमोली, खजान दास, प्रेमचंद अग्रवाल तथा श्रीमती सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, अति विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद  नरेश बंसल, राज्य मंत्री स्तर पुनीत मित्तल, श्याम अग्रवाल ,संरक्षक उमेश सिद्धार्थ अग्रवाल ,   महामंत्री रमेश गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री लच्छू गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष विशाल गुप्ता, निकुंज गुप्ता (महानगर अध्यक्ष), प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन जैन, प्रदेश मीडिया कोऑर्डिनेटर मधु जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, नेहा गुप्ता, रामगोपाल गोयल, अखिलेश अग्रवाल, धन प्रकाश गोयल, प्रदेश महिला विंग अध्यक्ष नीता गर्ग, कार्यकारी अध्यक्ष ऋतु गोयल सहित सभी प्रदेश, महानगर एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा देहरादून के सभी गणमान्य नागरिक एवं वैश्य समाज की विभिन्न संस्थाओं के सम्मानित पदाधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, व्यापारी, स्थानीय लोग उपस्थित रहे |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *