जांच को SIT,अस्पताल बेड पर मंत्री रेखा ने खाई गोल्ज्यू देवता की कसम,कहा-‘सच बोला है’
अस्पताल के बेड पर उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने खाई गोल्ज्यू देवता की कसम, बोलीं – ‘मैं सच बोल रही हूं’
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति गिरधारी लाल साहू के गंभीर आरोपों के बीच गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर खुद को सच्चा बताया।
रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर सच बोलने का दावा किया
पति गिरधारी लाल साहू से चल रहा विवाद अब सार्वजनिक हुआ
दोनों ओर से गंभीर आरोप, मामला कानूनी मोड़ पर पहुंचा
देहरादून 17 अक्टूबर 2026 । कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है। पति के लगाए गए गंभीर आरोपों के बीच रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर कहा कि वह सच बोल रही हैं। उनका यह बयान तब आया है,जब दोनों में आरोप युद्ध तेज हो गया है और मामला कानूनी मोड़ ले चुका।
श्रीमती रेखा आर्य ने पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद पर अस्पताल बेड से ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आज सुबह जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि गिरधारी लाल साहू ने उनसे पहली शादी की बात छिपाई थी। शादी और बच्चे होने पर उन्हें इसका पता चला ।
पति के 210 करोड़ रुपए की कथित अवैध संपत्ति के आरोप पर रेखा आर्य ने कहा कि संपत्तियों का विवरण चुनावी शपथ-पत्र में सार्वजनिक होता रहा है।
उन्होंने कहा कि 2003,2012,2014 और 2022 में उनकी संपत्तियों का विवरण दिया गया है। 2027 में भी चुनाव लड़ने का मौका मिला तो संपत्ति विवरण देना होगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को फिर भी संदेह है तो जांच करा ली जाए।

रेखा आर्या ने पति के आरोपों और शिकायत वापस लेने की बात जोड़ते हुए इसे ‘मीठी धमकी’ बताया। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी शिकायत पुलिस को दे दी है । अब पुलिस तथ्य के आधार पर जांच करेगी ।
शादी के समय नहीं पता था कि पति पहले से शादीशुदा हैं
रेखा आर्या से पूछा गया कि अगर उनके पति पहले से शादीशुदा थे तो उन्होंने करीब 22 साल बाद यह मामला क्यों उठाया। इस पर रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने अपनी तहरीर में यह नहीं कहा कि उन्हें शादी के समय पति की पहली शादी के बारे में जानकारी थी। उन्होंने कहा कि उन्हें विवाह से पहले इस बात का पता नहीं था।
रेखा आर्या के मुताबिक, बच्चे होने के बाद उन्हें पति की पहली शादी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पारिवारिक और भावनात्मक स्तर पर कई बार बातचीत हुई और चीजों को संभालने की कोशिश की गई।

UCC के उल्लंघन पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी
रेखा आर्या से उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रावधानों को लेकर सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि अगर पति की पहली शादी का मामला सामने आता है तो क्या वह इसके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करेंगी।
इस पर रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने अपनी शिकायत पुलिस को दे दी है। अब शिकायत में सत्यापित तथ्यों के अनुसार पुलिस जो भी कार्रवाई करेगी, वह उसी प्रक्रिया का हिस्सा होगा। UCC का उल्लंघन हो या किसी अन्य प्रावधान का उल्लंघन, पुलिस को तथ्याधारित निर्णय लेना है।
मंत्री रेखा आर्य ने मीडिया से कहा कि उन्होंने पुलिस को अपनी लिखित शिकायत में बताया है कि ‘शादी से पहले उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनके पति पहले से विवाहित हैं। जब उनके बच्चे हुए तब उन्हें यह पता चला। उसके बाद पारिवारिक समझाने – बुझाने में कुछ बड़ी चीजें आ गईं। उन्होंने कहा कि रिंकू उनके पति के बेटे हैं। क्या दुश्मन हो चुके हैं क्या नहीं? इस बात की जानकारी वह ज्यादा रखते हैं। मेरे पति ऑडियो में ऐसा बोल रहे हैं, जबकि मेरा उनसे ऐसा कोई संवाद नहीं रहता है। मुझे ध्यान नहीं कि मैंने कभी ऐसा कहा है। मैं अपने ईष्ट देव भगवान गोल्ज्यू की कसम खाती हूं कि जो ऑडियो मैंने प्ले किया शत प्रतिशत सच है। उसमें कोई बनावट और मिलावट नहीं है। वह एआई से बना वीडियो नहीं है। उसमें पूरी तरह सत्यता है।’
रेखा आर्या ने इससे पहले पति पर उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इस संबंध में देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। इसके बाद गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर मंत्री पर पलटवार किया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति की जांच कराने की मांग की।
मैं परेशान हो गई थी, इसलिए ये फैसला लिया
रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने पहले सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा था। उनका उद्देश्य निजी जीवन की घटनाओं को सार्वजनिक करना और महिलाओं को घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश देना था।
उन्होंने कहा,
” सारी चीजें, जैसा आपने कहा कि मेरी व्यक्तिगत जिंदगी है और व्यक्तिगत जीवन की घटनाएं थीं, जो आज पब्लिक डोमेन में आ चुकी हैं। उसे पब्लिक डोमेन में लाने के पीछे मेरा उद्देश्य था कि मैं स्वयं भी जनप्रतिनिधि हूं। तीन बार की विधायक और दो बार की मंत्री हूं। कई विभागों का दायित्व देखती हूं।
रेखा आर्या ने कहा कि आम महिलाएं अक्सर समाज और रिश्तेदारों के डर से घर में होने वाली परेशानियों को सहन करती रहती हैं। उन्हें चिंता रहती है कि समाज क्या कहेगा, रिश्तेदार क्या सोचेंगे और परिवार के बारे में लोगों की क्या राय बनेगी।
उन्होंने कहा कि जब खुद उनके सामने ऐसी स्थिति आई तो उनके मन में भी सवाल थे कि लोग क्या कहेंगे, उनका राजनीतिक भविष्य क्या होगा और मीडिया इस मामले को किस तरह उठाएगा। इसके बावजूद उन्होंने शिकायत करने का निर्णय लिया।
पति ने उठाए संपत्ति पर सवाल
गिरधारी लाल साहू ने मंत्री की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री से जांच कराने की मांग की। उन्होंने मंत्री की ओर से साझा किए गए कथित आडियो को भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार बताया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के आरोपों की जांच के लिए SIT गठित, पति के खिलाफ गंभीर मामले की पड़ताल
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा पति गिरधारी लाल साहू पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए देहरादून पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
मंत्री रेखा आर्य। फाइल फोटो
मंत्री रेखा आर्या की ओर से पति गिरधारी लाल साहू पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलोनी की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दिया है।
विशेष अनुसंधान दल में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी सहसपुर अनुज कुमार, कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुंवर व शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट को शामिल किये गये हैं।
शुक्रवार को विशेष अनुसंधान दल डालनवाला स्थित कृष्णा मेडिकल अस्पताल पहुंचा और वहां भर्ती मंत्री रेखा आर्या से बातचीत की। चिकित्सकों ने उन्हें बयान देने को फिट नहीं बताया, ऐसे में टीम वापस लौट गई। जल्द ही दल मंत्री रेखा आर्य, उनके पति गिरधारी लाल साहू व एक महिला के कथित आडियो कब्जे में लेगी। आडियो की फारेंसिक जांच करवाई जाएगी। उसमें देखा जाएगा कि आडियो में जो बातचीत चल रही है, उसमें आवाज गिरधारी लाल साहू की है या नहीं। इसके अलावा विशेष अनुसंधान दल जल्द ही मंत्री रेखा आर्य के बयान भी लिखेगा।
गिरधारी लाल साहू ने भी जारी किया वीडियो
दूसरी ओर गिरधारी लाल साहू ने शुक्रवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया, जिसमें उन्होंने मंत्री की ओर से लगाए गए आरोप गलत बताये। बता दें कि गुरुवार शाम को मंत्री ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा कराया।

इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी तो वह अस्पताल में भर्ती हो गई। शुक्रवार को भी वह अस्पताल में ही भर्ती रही। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक, समाजसेवी व अन्य लोगों ने उनकी कुशलक्षेम पूछी।


