UKSSSC ने टालीं 25 अक्टूबर और 01 नवंबर की भर्ती परीक्षायें

नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को झटका! UKSSSC ने टालीं दो भर्ती परीक्षाएं
उत्तराखंड में समूह ग की दो भर्ती परीक्षाएं स्थगित, जल्द घोषित की जाएंगी नई तिथियां, जानिए कौन सी परीक्षाएं टली

Uttarakhand Subordinate Services Selection Commission

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग

देहरादून 19 अक्टूबर 2026: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह ग की दो भर्ती परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. 25 अक्टूबर को प्रस्तावित कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड 1 और वैयक्तिक सहायक परीक्षा के साथ एक नवंबर की सहायक लेखाकार परीक्षा भी टाल दी गई है. आयोग की मानें तो नई तिथियां अलग से घोषित होंगी. हालांकि लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक और अनुदेशक की परीक्षा 25 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी.

दो भर्ती परीक्षाएं स्थगित: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह ग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित दो लिखित परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं. इनमें 25 अक्टूबर को होने वाली कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड 1 और वैयक्तिक सहायक की परीक्षा के साथ ही एक नवंबर को प्रस्तावित सहायक लेखाकार व अन्य पदों की परीक्षा शामिल है. आयोग ने दोनों परीक्षाओं को अपरिहार्य कारणों से स्थगित करने का निर्णय लिया है. इनकी नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी.

आयोग की ओर से 18 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति में परीक्षा स्थगित होने की जानकारी दी गई है.

यूकेएसएसएससी के सचिव एनएस डुंगरियाल की जारी सूचना के  अनुसार विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी. इसमें कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड 1 और वैयक्तिक सहायक के पद शामिल थे. वैयक्तिक सहायक के पद सिविल न्यायालय एवं कुटुंब न्यायालय से संबंधित हैं.

यूकेएसएसएससी से जारी पत्र (फोटो सोर्स- Uttarakhand Subordinate Services Selection Commission)

एक नवंबर को होनी थी लिखित परीक्षा: इसी तरह विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार और अन्य पदों के लिए लिखित परीक्षा एक नवंबर 2026 को आयोजित की जानी थी. आयोग ने इस परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है. ऐसे में दोनों भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब नई परीक्षा तिथियों का इंतजार करना होगा. आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी.

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें. हालांकि, सभी भर्ती परीक्षाएं स्थगित नहीं की गई हैं. लाइनमैन और मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक एवं अनुदेशक के पदों के लिए प्रस्तावित परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर को ही आयोजित होगी. ऐसे में इन पदों के अभ्यर्थियों को अपनी परीक्षा की तैयारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखनी होगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *