सोने में मिलावट क्यों नही आ रही पकड़ में? 0 मेकिंग चार्ज में आभूषण मंहगा क्यों?
हाल के दिनों में सोने में भारी धातुओं—खासकर रेनियम (Rhenium), इरिडियम (Iridium), रूथेनियम (Ruthenium) और ऑस्मियम (Osmium)—के पाउडर की मिलावट करके गहनों का वजन बढ़ाने का मामला सामने आया है। इस तरीके से 20 कैरेट के बराबर शुद्धता (लगभग 81.7%) वाले सोने को भी जांच में 22 कैरेट दिखाकर ग्राहकों को धोखा दिए जाने की चिंता जताई गई है।
मिलावट कैसे काम करती है?
• वजन और घनत्व: रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं का घनत्व सोने के लगभग बराबर या उससे अधिक होता है। थोड़ी मात्रा में पाउडर मिलाने से ही कुल वजन बढ़ जाता है।
• पिघलने का अंतर: इन भारी धातुओं का गलनांक (melting point) सोने से बहुत अधिक होता है, जिससे सोने को गलाने पर भी ये पूरी तरह नहीं घुलतीं और सामान्य एसिड या कसौटी टेस्ट में धोखा दे सकती हैं।
• हॉलमार्किंग पर चिंता: रिपोर्टों के अनुसार, कुछ मामलों में मिलावटी गहने भी जांच मशीनों और हॉलमार्किंग प्रक्रिया को चकमा दे गए, जिसके चलते IBJA और GJC जैसे संगठनों ने BIS से सख्त जांच और निगरानी की मांग की है। जैसा कि Livemint की रिपोर्ट में बताया गया है, भारी धातुओं से होने वाली यह मिलावट पारंपरिक कसौटी और एसिड जांच को चुनौती दे रही है।
बचाव के तरीके
• भरोसेमंद विक्रेता: केवल प्रतिष्ठित और विश्वसनीय ज्वैलर्स से ही सोना खरीदें।
• HUID और बिल: गहने पर 6 अंकों का BIS HUID कोड जांचें और खरीद की पक्की रसीद (बिल) अवश्य लें, जिस पर कैरेट, वजन और मेकिंग चार्ज स्पष्ट दर्ज हो।
• गलाने पर जांच: बड़े या पुराने गहनों को गलाकर (melt करके) शुद्धता की पुष्टि करना अधिक भरोसेमंद माना जाता है, क्योंकि गलाने पर वजन में अंतर दिख सकता है।
स्वर्णाभूषण में रेनियम पाउडर की मिलावट, खरीदने से पहले हो जाएं सावधान,ध्यान रखें 5 बातें
हाल ही में सोने में मिलावट का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है. इसमें सोने के साथ रेनियम नाम के एक खास धातु के पाउडर का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है. आइए जानते हैं डिटेल्स.
सोने के गहने खरीदते समय ज्यादातर लोग हॉलमार्क देखकर संतुष्ट हो जाते हैं. अगर गहने पर 22 कैरेट लिखा है और बिल भी उसी हिसाब से बना है, तो ग्राहक को लगता है कि उसे शुद्ध सोना ही मिला है लेकिन क्या होगा अगर आप 22 कैरेट सोने की कीमत चुकाएं और बदले में आपको 20 कैरेट का सोना मिले तो? हैरानी की बात यह है कि गहने पर हॉलमार्क होने के बावजूद भी आपके साथ ऐसा हो सकता है.
Rhenium powder gold scam
रेनियम पाउडर से सोने में मिलावट
दरअसल, हाल ही में सोने में मिलावट का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है. इसमें सोने के साथ रेनियम नाम के एक खास धातु के पाउडर का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है. इस मिलावट से गहनों का वजन तो बढ़ जाता है, लेकिन उनमें असली सोने की मात्रा कम रह सकती है.
रेनियम पाउडर से सोने में मिलावट
बता दें कि रेनियम एक दुर्लभ धातु है, जिसका रंग चांदी जैसा होता है. इसका इस्तेमाल जेट इंजन और कई औद्योगिक कामों में किया जाता है. इसकी खास बात यह है कि इसका घनत्व सोने से भी ज्यादा होता है. जहां शुद्ध सोने का घनत्व करीब 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, वहीं रेनियम का घनत्व लगभग 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है. यही वजह है कि सोने में रेनियम मिलाने से मिश्रण का वजन बढ़ाया जा सकता है, जबकि उसमें सोने की मात्रा उतनी नहीं बढ़ती है यानी ग्राहक को वजन के हिसाब से ज्यादा सोना मिलने का भ्रम हो सकता है, जबकि असल में गहने की शुद्धता कम होती है.
हॉलमार्क होने के बाद भी कैसे हो सकती है धोखाधड़ी?
आमतौर पर ग्राहक हॉलमार्क को सोने की शुद्धता की गारंटी मानते हैं लेकिन केवल हॉलमार्क या सामान्य मशीन से हुई जांच पर पूरी तरह निर्भर रहना ठीक नहीं है. सोने की शुद्धता जांचने के लिए इस्तेमाल होने वाली XRF मशीन गहने की बाहरी सतह की जांच करती है. अगर गहने की ऊपरी परत और अंदर इस्तेमाल की गई धातुओं की संरचना अलग है, तो मशीन की रिपोर्ट पूरे गहने की सही तस्वीर नहीं दिखा सकती है. इसी तरह पत्थर पर रगड़कर की जाने वाली जांच और एसिड टेस्ट से भी हर तरह की मिलावट पकड़ना संभव नहीं होता है. अगर किसी गहने में रेनियम जैसी धातु मिलाए जाने का शक है, तो उसकी सही जांच के लिए विशेष प्रयोगशाला में धातुओं की पहचान करने वाले परीक्षण या फायर अस्से जैसी जांच की जरूरत पड़ सकती है.
सोना खरीदते समय 5 बातों पर दें ध्यान
हॉलमार्क और HUID नंबर जरूर देखें- सोना खरीदते समय गहने पर BIS का निशान, शुद्धता का अंक और छह अंकों वाला HUID नंबर जरूर जांचें. यह नंबर गहने की पहचान से जुड़ा होता है.
BIS Care ऐप पर नंबर जांचें- गहने पर दिए गए HUID नंबर को BIS Care ऐप के जरिए आप जांच सकते हैं. इससे आपको हॉलमार्क और गहने से जुड़ी जानकारी मिल सकती है.
पक्का और पूरा बिल लें- खरीदारी के समय ऐसा बिल जरूर लें, जिसमें सोने की शुद्धता, कुल वजन, सोने का वास्तविक वजन, उस दिन का भाव, मेकिंग चार्ज, पत्थरों का वजन और टैक्स अलग-अलग लिखे हों.
जांच के तरीके के बारे में पूछें- ज्वेलर से पूछें कि वह सोने की शुद्धता जांचने के लिए कौन-सा तरीका अपनाता है. अगर गहने की शुद्धता को लेकर कोई संदेह है, तो स्वतंत्र जांच कराने का विकल्प भी रखें.
जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह जांच कराएं- अगर आपको लगता है कि गहने की शुद्धता बताई गई मात्रा से कम है, तो BIS से मान्यता प्राप्त जांच केंद्र पर उसकी जांच कराएं. किसी खास धातु की मिलावट का शक होने पर सामान्य मशीन की जगह उपयुक्त प्रयोगशाला जांच के बारे में पूछें.
दीपा पाल ‘द इकनॉमिक टाइम्स हिंदी’ में डिजिटल कंटेंट राइटर हैं. वे इंडस्ट्री और बिजनेस से जुड़े अपडेट, ऑटो, बैंकिंग, टेलीकॉम, ट्रैवेल सेक्टर और पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं. दीपा फाइनेंशियल जर्नलिज्म में पिछले 2 साल से एक्टिव हैं.
सोना सस्ता होने पर ज्वेलरी खरीदने की तैयारी? 0% मेकिंग चार्ज के ऑफर में छिपा हो सकता है बड़ा जोखिम, एक्सपर्ट ने चेताया
सोने की कीमतों में गिरावट बीच ज्वेलरी खरीदने वालों को 0% मेकिंग चार्ज और बड़े डिस्काउंट के ऑफर मिल सकते हैं। हालांकि, वेल्थ एडवाइजर ने कुछ ज्वेलरी कंपनियों पर वित्तीय दबाव की आशंका जताई है। उन्होंने भारतीय ज्वेलर्स की स्थिति को ‘टिकिंग टाइम बम’ बताते हुए ग्राहकों को सावधान रहने की सलाह दी है।
सोने की कीमतों में तेजी के बीच ज्वेलरी खरीदने वालों को भविष्य में कई अट्रैक्टिव ऑफर मिल सकते हैं। ज्वेलर्स मेकिंग चार्ज पर छूट देने के साथ 0% मेकिंग चार्ज तक का ऑफर दे सकते हैं। लेकिन इन ऑफर्स के पीछे की वजह उतनी अच्छी नहीं हो सकती, जितनी पहली नजर में दिखती है। एक वेल्थ एडवाइजर ने आशंका जताई है कि ज्वेलरी इंडस्ट्री की कुछ कंपनियां वित्तीय दबाव में हैं और भविष्य में ग्राहक लुभाने को बड़े डिस्काउंट दे सकती हैं। एडवाइजर के अनुसार, सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से ज्वेलरी कंपनियों का कारोबार रुपए में बढ़ता दिख सकता है। लेकिन अगर बिक्री का आकलन रुपए की वैल्यू के बजाय बेचे गए सोने की वास्तविक मात्रा के आधार पर करें, तो तस्वीर अलग हो सकती है। उनका मानना है कि सोने की कीमतें घटने या लंबे समय तक स्थिर रहने पर कुछ ज्वेलरी कंपनियों के बिजनेस मॉडल की कमजोरियां सामने आ सकती हैं।
यह जोखिम विशेषत: उन ज्वेलरी कंपनियों को ज्यादा हो सकता है, जिन्होंने तेजी से अपना कारोबार बढाया है। इनमें वे कंपनियां भी शामिल हैं, जिन्होंने सोने का स्टॉक बढ़ाने को भारी कर्ज लिया और कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। वेल्थ एडवाइजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में भारतीय ज्वेलर्स की इस स्थिति को ‘टिकिंग टाइम बम’ बताया है। उनका अनुमान है कि अगले छह महीनों में ग्राहकों को ज्वेलरी पर पहले से ज्यादा अट्रैक्टिव डिस्काउंट ऑफर देखने को मिल सकते हैं।
सोने की कीमतों में गिरावट से ज्वेलरी कंपनियों की मुश्किलें क्यों बढ़ सकती हैं?
सोने की कीमतों में तेजी आने पर ज्वेलरी कंपनियों का कारोबार रुपए के हिसाब से बढ़ा हुआ दिखाई दे सकता है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि कंपनियां पहले से ज्यादा सोना बेच रही हैं या उनके शोरूम में ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है। कई बार सोने की कीमत बढ़ने की वजह से कम मात्रा में ज्वेलरी बेचने पर भी कंपनियों की कुल कमाई ज्यादा दिखाई देती है। वेल्थ एडवाइजर के मुताबिक, ज्वेलरी कंपनियों के कारोबार की असली स्थिति समझने के लिए केवल उनकी कुल कमाई देखना पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि उन्होंने वास्तव में कितने किलोग्राम सोने की बिक्री की है।
एडवाइजर का मानना है कि अगर सोने की कीमतें गिरने लगती हैं या लंबे समय तक एक ही स्तर पर बनी रहती हैं, तो कुछ ज्वेलरी कंपनियों की असली स्थिति सामने आ सकती है। जिन कंपनियों की कमाई में बढ़ोतरी मुख्य रूप से सोने की कीमतें बढ़ने की वजह से हुई है, उनके लिए आगे भी इसी तरह की ग्रोथ बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। इसका असर मेकिंग चार्ज से होने वाली कमाई पर भी पड़ सकता है। ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज आमतौर पर उसकी कीमत के प्रतिशत या प्रति ग्राम के हिसाब से लिया जाता है। ऐसे में अगर सोने की कीमत घटती है, तो रुपए के हिसाब से मिलने वाला मेकिंग चार्ज भी कम हो सकता है। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि किसी ज्वेलरी कंपनी के कारोबार में वास्तव में ग्राहकों की मांग बढ़ रही थी या उसकी कमाई केवल सोने की कीमतों में तेजी के कारण बढ़ रही थी।
भारी कर्ज लेकर शोरूम खोलना ज्वेलर्स को बन सकता है परेशानी
वेल्थ एडवाइजर ने उन ज्वेलरी कंपनियों को लेकर भी चिंता जताई है, जिन्होंने कारोबार बढ़ाने के लिए भारी कर्ज लिया है। नए शोरूम खोलने के लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ता है। इसके अलावा, हर शोरूम में ग्राहकों की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त मात्रा में सोने की ज्वेलरी और अन्य सामान का स्टॉक रखना भी जरूरी होता है। जब सोने की कीमतें बढ़ती हैं, तो ज्वेलर्स के पास रखे सोने के स्टॉक की मार्केट प्राइस भी बढ़ जाती है। इससे कंपनी की इन्वेंट्री की वैल्यू ज्यादा दिखाई देती है। लेकिन अगर सोने की कीमतें गिरने लगती हैं, तो इसी स्टॉक की कीमत कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में कंपनी के लिए यह स्टॉक वित्तीय बोझ बन सकता है।
0% मेकिंग चार्ज के ऑफर के पीछे क्या हो सकती है वजह?
वेल्थ एडवाइजर का अनुमान है कि जिन ज्वेलरी कंपनियों पर कैश फ्लो का दबाव बढ़ रहा है, वे ग्राहकों को अट्रैक्ट करने को ज्यादा डिस्काउंट ऑफर दे सकती हैं। इनमें 0% मेकिंग चार्ज जैसे ऑफर भी शामिल हो सकते हैं। ज्वेलर्स आमतौर पर ग्राहकों को ज्वेलरी खरीदने को प्रोत्साहित करने को मेकिंग चार्ज पर छूट देते हैं। लेकिन एडवाइजर ने ग्राहकों को सावधान किया है कि 0% मेकिंग चार्ज का ऑफर देखकर यह मान लेना सही नहीं है कि ज्वेलरी की कुल कीमत भी कम होगी।
संभव है कि ज्वेलर मेकिंग चार्ज पर दी गई छूट की भरपाई बिल के दूसरे हिस्सों से कर ले। उदाहरण को, सोने का प्राइस ज्यादा लगाया जा सकता है या बिल में दूसरे अतिरिक्त चार्ज जोड़े जा सकते हैं। कीमत तय करने के दूसरे तरीकों से भी छूट का असर कम किया जा सकता है। इसलिए ग्राहकों को केवल 0% मेकिंग चार्ज का विज्ञापन देखकर खरीदारी का फैसला नहीं करना चाहिए। उन्हें यह देखना चाहिए कि सभी चार्ज जोड़ने के बाद ज्वेलरी की अंतिम कीमत कितनी बन रही है।
डिस्काउंट देकर सेल्स और कैश फ्लो बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं ज्वेलर्स
एडवाइजर का मानना है कि वित्तीय दबाव झेल रहे कुछ ज्वेलर्स बड़े डिस्काउंट देकर तुरंत बिक्री बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं। इससे उन्हें कारोबार में नकदी का प्रवाह यानी कैश फ्लो सुधारने में मदद मिल सकती है। हालांकि, यह एक संभावित स्थिति को लेकर जताई गई चिंता है। इसका यह मतलब नहीं है कि ज्वेलरी इंडस्ट्री की सभी कंपनियां वित्तीय दबाव में हैं या हर ज्वेलरी डिस्काउंट ऑफर के पीछे किसी तरह की परेशानी छिपी हुई है।
किन ज्वेलरी कंपनियों की स्थिति रह सकती है बेहतर?
वेल्थ एडवाइजर के अनुसार, जिन ज्वेलरी कंपनियों का स्टॉक मैनेजमेंट बेहतर है और जो सोने की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से बचने को सही स्ट्रैटेजी अपनाती हैं, उनकी स्थिति दूसरी कंपनियों के मुकाबले बेहतर रह सकती है। ज्वेलर्स के लिए जरूरी है कि वे सोने की खरीद और बिक्री के बीच संतुलन बनाए रखें। यानी जितना सोना बेच रहे हैं, उसके हिसाब से अपने स्टॉक को नियमित रूप से बदलते रहें। इसके साथ ही, सोने की कीमतों में होने वाले बदलाव से अपने कारोबार पर पड़ने वाले असर को भी नियंत्रित करें।
जो ज्वेलर्स नियमित रूप से बेचे गए सोने की जगह नया सोना खरीदते हैं और कीमतों से जुड़े जोखिम को सही तरीके से मैनेज करते हैं, उन्हें मार्केट में अचानक होने वाले बदलावों से कम नुकसान हो सकता है। एडवाइजर ने यह भी कहा कि ज्वेलरी कंपनियों को केवल रुपए में बढ़ती बिक्री और कमाई पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्हें यह भी देखना चाहिए कि वास्तव में कितनी मात्रा में सोने की बिक्री हो रही है।
ग्राहकों को ज्वेलरी कंपनी की वित्तीय स्थिति समझना क्यों जरूरी?
ज्वेलरी खरीदते समय ग्राहक आमतौर पर डिजाइन, कीमत, मेकिंग चार्ज और डिस्काउंट पर ध्यान देते हैं। लेकिन ज्वेलरी कंपनी की वित्तीय स्थिति भी महत्वपूर्ण होती है। किसी कंपनी की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर उसके कारोबार को जारी रखने और ग्राहकों से किए गए वादों को पूरा करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इसका असर ग्राहकों को मिलने वाली बायबैक सर्विस पर भी पड़ सकता है। इसलिए ज्वेलरी खरीदते समय केवल अट्रैक्टिव ऑफर देखकर फैसला करना सही नहीं है। ग्राहकों के लिए यह समझना भी जरूरी है कि जिस ज्वेलर से वे खरीदारी कर रहे हैं, वह लंबे समय तक अपनी सर्विस देने और अपने वादों को पूरा करने की स्थिति में है या नहीं।
अस्वीकरण: यह आर्टिकल Abhishek Tripathi ने लिखा है, जो सेबी-रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट या इन्वेस्टमेंट एडवाइजर नहीं हैं। आर्टिकल के पब्लिश की तारीख तक Abhishek Tripathi और उनके ‘रिश्तेदार’ (जैसा कि कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 2(77) के तहत परिभाषित है) इस आर्टिकल में उल्लिखित कंपनियों में कोई वित्तीय हित नहीं रखते हैं। इस आर्टिकल में जहां भी लागू हो, मेंशन किए व्यूज/ रिकमेंडेशन्स संबंधित सेबी-रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट/ब्रोकरेज या एक्सपर्ट के हैं और उन्हें उचित सोर्स का उल्लेख करते हुए प्रस्तुत किया गया है। इन्हें हरिनायक या पत्रकार के विचार या सिफारिश के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे मूल रिसर्च रिपोर्ट पर विचार करें और अपना निवेश संबंधी निर्णय स्वयं के आकलन पर लें।
अभिषेक त्रिपाठी के बारे में
अभिषेक त्रिपाठी ‘द इकनॉमिक टाइम्स हिंदी’ में कॉपी एडिटर हैं. वे म्यूचुअल फंड, पर्सनल फाइनेंस, लोन, टैक्स, निवेश, यूटीलिटी, स्टॉक मार्केट, ब्रोकरेज रिपोर्ट और कारोबार से जुड़ी खबरें लिखते हैं. अभिषेक को डिजिटल जर्नलिज्म में चार साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है.

