आंदोलनजीवी Vs कंटेंटजीवी… Gen-Z ने प्रोटेस्ट का व्याकरण कैसे अपडेट कर दिया
विचार-विश्लेषण
आंदोलनजीवी Vs कंटेंटजीवी… Gen-Z ने प्रोटेस्ट का सॉफ्टवेयर कैसे अपडेट कर दिया
जुलाई महीने में दो आंदोलनों ने चर्चायें बटोरी- एक NEET पेपर लीक पर CJP प्रोटेस्ट, और दूसरा E20 पेट्रोल को लेकर अभियान. दोनों विषयों पर प्रोटेस्ट जहां पहुंचा है, उसने आंदोलनकारी दो पीढ़ियों का अंतर साफ कर दिया है. और यह बताया गया है कि Gen-Z के तौर-तरीके भले विवादों से भरे हों, लेकिन सरकार झुकाने को उपयोगी भी वही हैं.
CJP के आंदोलन ने विरोध-प्रदर्शन के पुराने तौर-तरीकों को पिछली पीढ़ी का बना दिया.
धीरेंद्र राय
नई दिल्ली,31 जुलाई 2026, तहसीन पूनावाला और उनकी टीम E20 पेट्रोल विषय पर पिछले कई दिनों से वातावरण बनाने में जुटी थी. एक ‘गाड़ी मार्च’ की तैयारी चल रही थी. गुरुवार वे विजय चौक पर मीडिया को जानकारी दे रहे थे कि पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया. शाम तक यह भी बता दिया कि ‘गाड़ी मार्च’ की अनुमति नहीं मिलेगी. तब तहसीन ने सोशल मीडिया पर समर्थकों से अपील की कि कोई अपनी गाड़ी न लाए, क्योंकि पुलिस वाहन पकड़ सकती है. उनके संदेश में पुरानी पीढ़ी के आंदोलनकारियों की जिम्मेदारी और डर साफ दिख रहे थे. आंदोलन हो, लेकिन समर्थक अकारण मुसीबत में न पड़ें.
अब जरा इसी रील को 25 दिन रिवर्स कर देखिए.
NEET पेपर लीक विषय पर CJP आंदोलन के नेता अमेरिका से आ रहे अभिजीत दिपके को दिल्ली एयरपोर्ट से ही पूरा रास्ता मिल गया. जंतर-मंतर तक पहुंचने में कोई रोक नहीं. फिर धर्मेंद्र प्रधान के पद त्याग तक वहां जो हुआ, सबने देखा. सोशल मीडिया पर हर मिनट नया वीडियो, नया चेहरा, नया नारा और नया विवाद उपज रहा था. लग रहा था कि आंदोलन सड़क पर कम और मोबाइल स्क्रीन पर ज्यादा है.
पांच दिन के अंतराल में जंतर-मंतर और विजय चौक पर दो ‘आंदोलनों’ का जो हुआ, उसमें सरकार और प्रदर्शनकारियों का टकराव महत्वपूर्ण नहीं है. यहां दो पीढ़ियों के आंदोलन करने के तरीके आमने-सामने हैं. पुरानी पीढ़ी आंदोलन को अनुशासन, संगठन और जिम्मेदारी से चलाती आई है. दूसरी पीढ़ी को आंदोलन का सबसे बड़ा मंच एल्गोरिदम है और सबसे बड़ा हथियार वायरालिटी.
आज जंतर-मंतर पर सबसे दुखी कोई है, तो वह धरने का पुराना सिलेबस है. वहां पहुंचकर उसे पता चलता है कि उसकी किताब आउट ऑफ कोर्स हो चुकी. अब आंदोलन का पहला नियम यह नहीं है कि ‘मांग क्या है?’ बल्कि यह है कि ‘रील कितनी चली?’
यह किसी आंदोलन का अंत नहीं है. यह आंदोलन के ऑपरेटिंग सिस्टम का अपडेट है. और हर अपडेट की तरह इसमें भी सबसे पहले पुराने ऐप सपोर्ट से बाहर हो गए हैं.
आंदोलन बनाम कंटेंट
कभी जंतर-मंतर पर पहुंचते ही आपको कुछ परिचित चेहरे मिलते थे. कोई गांधी टोपी में, कोई गमछा डाले, कोई हाथ में फाइल लिए. वे कैमरे के इंतजार में रहते. कैमरा आता , माइक लगता, बयान होता. शाम को खबर चलती थी. अगले दिन अखबार में फोटो छपती थी. तब आंदोलन का सपना था कि वह ‘खबर’ बने.
अब सपना बदल गया. अब प्रदर्शनकारी चाहता है कि वह ‘कंटेंट’ बने. दोनों में सिर्फ शब्द का फर्क नहीं है. पूरी राजनीति बदल गई है.
खबर में संपादक तय करता था कि क्या दिखेगा. कंटेंट में एल्गोरिदम तय करता है कि क्या चलेगा. और एल्गोरिदम को भूख सिर्फ एक चीज की है- फोकस. इसलिए आज का आंदोलन नारे से ज्यादा हुक ढूंढ़ता है. भाषण से ज्यादा पंचलाइन. तर्क से ज्यादा वायरल मोमेंट.
मोबाइल कैमरों की दाढ़ में वायरल कंटेंट का खून लग चुका.
भीड़ में मौजूद हर चेहरा नेता है. हर हाथ में कैमरा है. हर कैमरे के पीछे अपना-अपना न्यूजरूम बैठा है. संपादक सिर्फ एक है- स्क्रॉल करते अंगूठे वाला दर्शक.
पुराने आंदोलनकारी शायद इसे देखकर हैरान हों.
अन्ना हजारे का आंदोलन याद कीजिए. महीनों तक एक ही फ्रेम था. मंच पर अन्ना बैठे हैं. पीछे तिरंगा है. सामने हजारों लोग. आंदोलन की ताकत उसकी लगातार मौजूदगी थी. हर शाम टीवी पर वही तस्वीर लौटती थी और धीरे-धीरे पूरे देश की तस्वीर बन जाती थी.
मेधा पाटकर का तरीका बिल्कुल अलग था. सालों तक गांव-गांव जाना, विस्थापितों के बीच रहना, अदालतों में लड़ना,धरना देना. आंदोलन एक मैराथन था, स्प्रिंट नहीं.
अरुणा रॉय के आंदोलन का मतलब था गांव की चौपाल में बैठकर सूचना अधिकार समझाना. लोग अभिलेखछ पढ़ें, सवाल पूछें और सरकार जवाब दे. इसमें कोई वायरल क्लिप नहीं बनती थी.
इरोम शर्मिला ने 16 साल भूख हड़ताल की. आंदोलन में सबसे बड़ी घटना यही थी कि कुछ भी नहीं हो रहा था. वही इंतजार उसकी ताकत था.
आज 16 साल की भूख हड़ताल क्या इंस्टाग्राम की रील में टिक पाएगी? शायद तीसरे दिन कोई पूछ बैठे, ‘नया कंटेंट कब आएगा?’
आंदोलनों का सबसे बड़ा बदलाव
पहले आंदोलन धैर्य मांगता था. अब धैर्य अनावश्यक लगता है. क्योंकि जंतर-मंतर पर इस बार जो नया चेहरा दिखा, वह सिर्फ एक छात्र या प्रदर्शनकारी नहीं था. वह मोबाइल एरा सिटीजन था. उसकी पहली भाषा वीडियो है. दूसरी मीम. तीसरी ग्राफिटी, चौथे पोस्टर्स. और आखिर में जुमले. जिनमें गाली-गलौज भी शामिल है.
पुरानी पीढ़ी इसे अनुशासनहीनता कहेगी. नई पीढ़ी इसे ऑर्गेनिक रीच कहती है.
इसी से सोनम वांगचुक जैसे किसी पुराने अंदाज के आंदोलनकारी की एंट्री होती है, तो उनके चारों तरफ सिर्फ समर्थक नहीं होंगे. पूरा एक कार्निवल होगा. कोई उनकी फोटो से मीम बनायेगा. कोई लाइव स्ट्रीम करेगा. कोई पांच सेकंड की क्लिप काटकर अपलोड करेगा. कोई पोस्टर पर ऐसा व्यंग्य लिखेगा, जिसे पढ़कर आधा देश हंसेगा और आधा नाराज होगा. कोई सरकार को ट्रोल करेगा. कोई विपक्ष को. और कुछ लोग तो सिर्फ इसलिए आएगेें कि अच्छा कंटेंट मिल रहा है.
आंदोलन और कार्निवल के बीच दीवार धीरे-धीरे गायब हो रही है.
सुनने में मजाक लगता है, लेकिन राजनीति को यह बहुत गंभीर बदलाव है. क्योंकि अब लीडरशिप ऊपर से नीचे नहीं आती. वह भीड़ में पैदा होती है. अचानक किसी वायरल वीडियो का निर्माता अगले दिन प्रोटेस्ट चेहरा बन जाता है. फिर दूसरे दिन कोई दूसरा. यह ऐसा आंदोलन है, जिसके नेता परमानेंट नहीं हैं. हां, ट्रेंड जरूर परमानेंट है.
पुराने आंदोलनकारियों की सबसे बड़ी ताकत उनका चेहरा था. नई पीढ़ी की सबसे बड़ी ताकत फीड है.
नए प्रोटेस्ट में पुराने आंदोलनकारियों का रोल क्या बचा?
पुराने आंदोलनकारी धीरे-धीरे ‘मार्गदर्शक मंडल’ में पहुंच रहे हैं. वे अब धरने की पहली पंक्ति में कम और टीवी स्टूडियो में ज्यादा दिखते हैं. वे अखबारों में कॉलम लिखते हैं. यूट्यूब इंटरव्यू देते हैं. पॉडकास्ट में लोकतंत्र बचाते हैं. लेकिन जिस पीढ़ी के लिए वे बोल रहे हैं, उसका बड़ा हिस्सा न टीवी देखता और न अखबार पढ़ता. वह 30 सेकंड के वीडियो में पूरी राजनीति समझ लेना चाहता है.
यह सिर्फ मीडिया का नही, अप्रोच का भी बदलाव है. पुराने आंदोलन इतिहास लिखते थे, नए आंदोलन ट्रेंडिंग टॉपिक. पुराने आंदोलनकारी पुलिस एक्शन से भिड़ते थे, गिरफ्तारी का डर था. नई पीढ़ी को सिर्फ एल्गोरिदम से गायब होने का डर है. पुराने दौर में पुलिस की लाठी शरीर पर लगती थी, अब आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट भी धूनी जाती है. और पुलिस से बच गए तो कमेंट सेक्शन में भी डंडे चलते हैं.
यही 2026 की सबसे बड़ी तस्वीर है. पुरानी पीढ़ी आंदोलन बचाने की चिंता करती है. नई पीढ़ी आंदोलन को वायरल बनाने की. एक की नजर समर्थक की सुरक्षा पर थी. दूसरे की नजर कैमरे के फ्रेम पर. जंतर-मंतर का मंच बदल चुका है. अब वहां सिर्फ धरना नहीं होगा, वहां हर मिनट कंटेंट बनेगा. और शायद इसी से पुराने आंदोलनकारी आज पहली बार आंदोलन के मंच पर नहीं, उसके मार्गदर्शक मंडल में खड़ा पा रहे हैं.
TOPICS:
कॉकरोच जनता पार्टी
ई20 पेट्रोल
जेन जी
जंतर मंतर

