ईद उल जुहा
ईद की नमाज के बाद वृद्ध की हत्या, बच्चों की लड़ाई में खूनी संघर्ष; पांच के खिलाफ FIR
Minor Dispute Among Children Turns Fatal After Eid Prayers in Kosikalan Youth Killed in Clash
मथुरा/वाराणसी 29 मई 2026 । मथुरा के कोसीकलां के नगला मेव गांव में ईद की नमाज के बाद बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर मामले की जांच की जा रही है।
मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव नगला मेव में ईद की नमाज अदा करके लौट रहे बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक बुजुर्ग समेत महिला घायल हो गई। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना की प्राथमिकी पांच जनों के खिलाफ हुई है।
गांव निवासी नवाब और पड़ोस में रहने वाले इदरीश के मध्य पुरानी रंजिश चल रही है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 8 बजे नवाब के बच्चे गांव में नमाज अदा करके वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में इदरीश के बच्चों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के बच्चों ने घर पहुंचकर अपने-अपने परिजन को घटनाक्रम की जानकारी दी।
आरोप है इदरीश पक्ष के आमिर, इदरिश, अलीशेर, अजरुद्दीन, बिलाल अपने 10-15 साथियों समेत नवाब के घर पर आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हो गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए झगड़े से गांव में अफरातफरी मच गई।
आरोप है कि मारपीट के दौरान नवाब के सिर में लाठी लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान 64 वर्षीय नवाब ने दम तोड़ दिया।
वहीं तस्लीमा कान में चोट लगने से घायल हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट इजाजुल ने पांच नामजदों के खिलाफ दर्ज कराई है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाराणसी के मदनपुरा में कुर्बानी के अवशेष का वीडियो वायरल, नगर निगम की व्यवस्था पर उठे सवाल
वाराणसी के मदनपुरा में बकरीद के बाद कुर्बानी के अवशेषों का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सड़क किनारे बड़े-बड़े ढेर दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो ने नगर में बवाल कर दिया।
वीडियो से वाराणसी नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठे।
अधिकारी बोले, अवशेषों का समय पर निस्तारण किया जा रहा।
बकरीद के बाद शहर के मदनपुरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में सड़क किनारे बड़े-बड़े गठ्ठरों में कुर्बानी के अवशेष दिखाई दे रहे हैं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो उस मार्ग का है जो लंका से गोदौलिया (नंदी चौक) होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-4 की ओर जाता है। वीडियो बनाने वाले इन्फ्लुएंसर का कहना है कि यह स्थान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
हालांकि, वीडियो को ध्यान से देखने पर यह भी स्पष्ट हो रहा है कि नगर निगम के कर्मचारी इन अवशेषों को एकत्रित करते हुए नजर आ रहे हैं। हर वर्ष बकरीद के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से कुर्बानी के अवशेषों को नगर निगम द्वारा इसी तरह इकट्ठा कर बड़े वाहनों के माध्यम से शहर से बाहर डिस्पोज किया जाता है।
वायरल वीडियो के बाद एक ओर जहां लोगों ने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अधूरी जानकारी के साथ वीडियो प्रसारित किए जाने से भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।
इस वीडियो के चलते नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कुछ नागरिकों का मानना है कि इस प्रकार के दृश्य शहर की छवि को प्रभावित करते हैं और नगर निगम को इस पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि वे कुर्बानी के अवशेषों को समय पर इकट्ठा करने का कार्य कर रहे हैं और इस प्रक्रिया में कोई कमी नहीं है।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग इस पर अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि इस प्रकार के वीडियो को बिना पूरी जानकारी के साझा करना उचित नहीं है, क्योंकि इससे गलतफहमियां उत्पन्न हो सकती हैं। इस मामले में नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लेंगे और आवश्यक कदम उठाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
