महिला विरोधी टिप्पणियों पर राजेंद्र उत्तराखंडी पर मुकदमा

देहरादून: महिलाओं के विरुद्ध अपशब्द कहने पर राजेंद्र उत्तराखंडी पर मुकदमा

देहरादून में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर ‘पहाड़ी प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी’ के विरुद्ध डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

राजेंद्र उत्तराखंडी पर महिलाओं के विरुद्ध अपशब्द कहने का आरोप

भाजपा महिला प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने दर्ज कराई शिकायत

डालनवाला कोतवाली में आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट पर मुकदमा

देहरादून 19 जुलाई 2026 । महिलाओं के विरुद्ध अपशब्द कहने पर पहाड़ी प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी के विरुद्ध डालनवाला कोतवाली ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी तहरीर में महिला प्रदेश मंत्री भाजपा नेहा शर्मा ने कहा कि इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर पहाड़ी प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी नाम से संचालित एक अकाउंट के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति एवं महिलाओं के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।

इस प्रकार की भाषा न केवल महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सीधा आघात है, बल्कि समाज में वैमनस्य, तनाव एवं महिलाओं के प्रति घृणा का वातावरण उत्पन्न करने का भी प्रयास है।

आरोपित के इंटरनेट मीडिया अकाउंट से यह भी सार्वजनिक रूप से साझा किया गया है कि संबंधित व्यक्ति देहरादून आने वाला है।

यदि यह जानकारी सही पाई जाती है, तो पुलिस प्रशासन आवश्यक सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करे। संबंधित व्यक्ति की वास्तविक पहचान स्थापित कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा स्पष्ट करना चाहता है कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान पर आघात लोकतांत्रिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के सर्वथा विपरीत है।

ऐसे में पुलिस एवं साइबर क्राइम पुलिस इस प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई करे, जिससे समाज में महिलाओं के सम्मान एवं कानून के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।

डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गहलावत ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर पहाड़ी प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून पहुंचने पर भाजपा से जुड़ी महिलाओं ने उनका विरोध किया था। इसी मामले में आरोपित ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *