असम की नगांव लोस सीट भाजपा को,कांग्रेस 5.5 लाख के अंतर से तीसरे स्थान पर
Bypoll results2026: बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर सीट BJP ने जीती, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीट पर TVK व पुडुचेरी में AINRC का कब्जा, नगांव लोकसभा सीट भाजपा के खाते में
BYPOLL 2026 RESULTS LIVE UPDATES
प्रतीकात्मक फोटो (IANS)
देश की विभिन्न राज्यों की पांच विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए. पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर में भाजपा, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीट टीवीके और असम की नगांव लोकसभा सीट भाजपा ने जीती. वहीं पुडुचेरी की थट्टनचावडी से एआईएनआरसी उम्मीदवार ने चुनाव जीता. सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट डाले गए थे.
बंगाल में भगवा लहराया- पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की। पार्टी ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नंदीग्राम में रिकॉर्ड मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराया, जबकि मुस्लिम बहुल रेजीनगर में अप्रत्याशित जीत हासिल की. निर्वाचन आयोग के अनुसार, नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार हसिरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को रिकॉर्ड 1,22,753 मतों के अंतर से हराया. वहीं भाजपा ने मुर्शिदाबाद जिले के मुस्लिम बहुल रेजीनगर निर्वाचन क्षेत्र में भी बड़ी सफलता हासिल की। यहां पार्टी के उम्मीदवार शंकरव सरकार ने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रत्याशी गुलाम नबी आजाद को 75,816 मतों से हराया. शंकरव सरकार को 1,29,914 वोट मिले, जबकि आजाद को 54,098 मत प्राप्त हुए.
तमिलनाडु में टीवीके का जलवा- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत दर्ज की. मदुरंतकम में टीवीके उम्मीदवार मरगाथम कुमारवेल ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी. हर दौर की मतगणना के साथ उनके और प्रतिद्वंद्वियों के बीच मतों का अंतर बढ़ता गया, जिससे उनकी स्थिति मजबूत होती गई. कुमारवेल को कुल 74,048 वोट मिले. उन्होंने 20,040 वोट के अंतर से जीत हासिल की और द्रमुक के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आई परंथामेन को हराया, जिन्हें 54,008 वोट मिले. अन्नाद्रमुक उम्मीदवार एस कनिता संपत 47,450 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. माकपा उम्मीदवार पी सुगंधि को 1,986 वोट और एनटीके के जी जनकीरामन को 2,709 वोट मिले.
इसी प्रकार धारापुरम में टीवीके उम्मीदवार पी सत्यबामा के लिए शुरुआत में मुकाबला उतार-चढ़ाव भरा रहा. कई दौर की मतगणना के बाद अन्नाद्रमुक पहले स्थान पर पहुंच गई थी, लेकिन बाद में सत्यबामा ने स्पष्ट बढ़त बना ली. उन्हें कुल 66,841 वोट मिले. उन्होंने द्रमुक की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एस सुगन्या को 9,471 वोट के अंतर से हराया. अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के. बनुमति को 45,280 वोट मिले. भाकपा उम्मीदवार पी लक्ष्मणन को 1,157 वोट और एनटीके उम्मीदवार एम कार्तिका को 5,268 वोट मिले.
पुडुचेरी में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी की जीत- पुडुचेरी में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी ने थट्टानचावाडी उपचुनाव में जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा. पार्टी ने इस विधानसभा सीट को बरकरार रखा. यह सीट पार्टी के संस्थापक और मुख्यमंत्री एन रंगासामी का गढ़ मानी जाती है. नौ अप्रैल को केंद्रशासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के बाद रंगासामी ने यह सीट खाली कर दी थी. इस जीत के साथ एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन ने लोकप्रियता की पहली परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया. पार्टी उम्मीदवार अशोक आनंद ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ई विनयगम को 8,400 से अधिक वोट से हराया.
असम: नगांव लोकसभा उपचुनाव भाजपा के देवाशीष शर्मा ने 1,40,275 मतों से जीता
असम की नगांव लोकसभा सीट के उपचुनाव के नतीजे आ गए. भाजपा उम्मीदवार देबाशीष शर्मा 1,40,257 लाख वोटों के अंतर से जीते. इसके साथ ही भाजपा ने वह सीट वापस पा ली जो वह पहले हार गई थी. खास बात यह है कि यह सीट, जो 2019 और 2024 में कांग्रेस के पास थी, भाजपा के पास वापस आ गई है. चुनाव आयोग के डेटा के मुताबिक, देबाशीष शर्मा को 7,11,912 वोट मिले. वहीं, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) उम्मीदवार बदरुद्दीन अजमल 5,71,637 वोटों के साथ दूसरे और कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा 1,29,136 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर 1,40,275 जीत हासिल की. कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा 1,29,136 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
फराहुल गांधी के दुष्प्रचार के बावजूद BJP एक के बाद एक चुनाव जीत रही: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा नेता अमित शाह उप चुनावों के परिणाम आने के बाद कहा कि भाजपा एक के बाद एक चुनाव जीत रही है. एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और इंडी अलायंस के झूठ, भ्रम व दुष्प्रचार के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा एक के बाद एक चुनाव जीत रही है. पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी के उपचुनावों और हाल ही में हुए राजस्थान व त्रिपुरा के निकाय चुनावों में एनडीए को मिली जीत बताती है कि जनता ने इंडी अलायंस को पूरी तरह नकार दिया है.
जनाधार खो चुके ये दल हर हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, पर जनता इनका यह चरित्र पहचान चुकी है. इसीलिए एक बार फिर प्रचंड जनादेश देकर भाजपा पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है.
इस जीत के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा व पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी सहित सभी प्रदेश अध्यक्षों और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई.
फफलोकतंत्र की जीत हुई, भीड़तंत्र की हार: स्मृति ईरानी
भाजपा ने शुक्रवार को नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत पर कहा कि यह क्षेत्र कभी वामपंथी विचारधारा, हिंसा और विकास विरोधी गतिविधियों के लिए जाना जाता था. पार्टी ने रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भी जीत पर प्रसन्नता जाहिर किया, जहां 71 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक समुदाय से हैं.
इसके अलावा भाजपा ने असम की नगांव सीट से भी उत्साहजनक रुझान आने की बात कही जबकि पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का भी स्वागत किया. पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में विधानसभा उपचुनाव वाले राज्यों के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि नतीजों ने साबित कर दिया है कि लोकतंत्र की जीत और भीड़तंत्र की हार हुई है.
उन्होंने कहा, ”लोकतंत्र ने भीड़ को एक बार फिर जोरदार संदेश दिया है.” ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे अपने सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है.
उन्होंने जेएनयू के बर्खास्त प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम का जिक्र करते हुए कहा, ”कांग्रेस पितृसत्ता को खत्म करने की बात करती है, लेकिन यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे अपने ही सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.”
प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा व एनडीए उम्मीदवारों की जीत पर उन्हें बधाई दी
प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा व एनडीए उम्मीदवारों के जीतने पर बधाई दी है. इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “लोगों के लगातार आशीर्वाद के लिए उनका आभार. नगांव (असम) के लोकसभा नतीजे और नंदीग्राम व रेजीनगर (पश्चिम बंगाल) के विधानसभा नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि लोगों का भाजपा-एनडीए के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है. मैं जीत हासिल करने वाले भाजपा उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं. मैं पुडुचेरी के थट्टनचावडी में जीत के लिए अपने अहम एनडीए सहयोगी, एआईएनआरसी को भी बधाई देता हूं. यह जनादेश हमें और मज़बूती देगा क्योंकि हम लोगों की भलाई और उनके बेहतर व समृद्ध भविष्य की उम्मीदों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.”
पश्चिम बंगाल : मुस्लिम बहुल रेजीनगर सीट भाजपा ने 75 हजार से अधिक वोट से जीती
पश्चिम बंगाल के मुस्लिम-बहुल रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने 75,816 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. बता दें कि कुछ ही महीने पहले यहां हुए विधानसभा चुनाव में बंगाल के बड़े मुस्लिम नेता हुमायूं कबीर ने जीत हासिल की थी. विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर नउदा और रेजीनगर दोनों ही सीट से चुनाव लड़े और दोनों ही जगहों से जीत हासिल की. इसके बाद उन्होंने रेजीनगर सीट से इस्तीफा दे दिया था.
तमिलनाडु उपचुनाव: मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि टीवीके की जीत लोकतंत्र, जनता और राजनीतिक शालीनता की जीत
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने शुक्रवार को मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनावों में पार्टी की जीत को लोकतंत्र और जनता की जीत बताया. उन्होंने कहा कि इन नतीजों से साबित होता है कि पार्टी को जनता का समर्थन मिला है और इसके लिए न तो पैसे बांटे गए और न ही कोई जबरदस्ती वाला तरीका अपनाया गया.
अपने एक्स पोस्ट में एक बयान के जरिए विजय ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने टीवीके के उम्मीदवारों – के. मरगथम कुमारवेल और पी. सत्यभामा – को चुना और साथ ही उम्मीदवारों को उनकी जीत पर बधाई भी दी.
उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने मतदाताओं को पैसे बांटे बिना या उन्हें कहीं कैद करके अपमानित किए बिना जीत हासिल की है. साथ ही, उन्होंने कहा कि इसके लिए “तिरुमंगलम” और “इरोड ईस्ट” जैसे चुनावी फॉर्मूलों का भी सहारा नहीं लिया गया. उन्होंने कहा, “ये जीत स्नेह, रिश्तों और लोकतंत्र की रक्षा के फॉर्मूले से मिली है. तमिलनाडु भ्रष्ट ताकतों का गढ़ नहीं, बल्कि जनता की शक्ति का गढ़ है.”
विजय ने आरोप लगाया कि विरोधियों ने अपमानजनक टिप्पणियों और राजनीतिक सौदेबाजी के दावों के जरिए टीवीके की छवि खराब करने की कोशिश की और कहा कि मतदाताओं ने अपने फैसले से ऐसे आरोपों का जवाब दिया है.
उन्होंने उन लोगों की भी आलोचना की जिन्होंने निर्वाचन क्षेत्रों में केवल दो दिन प्रचार करने के लिए पार्टी का मजाक उड़ाया था. उन्होंने कहा कि नतीजों से पता चलता है कि टीवीके को जनता का कितना समर्थन मिला है. मुख्यमंत्री विजय ने आगे कहा, “अच्छी चीजें होंगी। जीत पक्की है.”
बंगाल: बीजेपी उम्मीदवार ने नंदीग्राम उपचुनाव रिकॉर्ड 1,22,753 वोटों के अंतर से जीता
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार हसीरानी रथ को 1,22,753 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से विजेता घोषित किया गया. रथ को 1,64,427 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मिलन प्रधान 41,674 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. CPI के शांति गोपाल गिरी 5,779 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, और उनके बाद ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (AISF) के अली मोहम्मद साबे मिराज खान 1,607 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे.
तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर टीवीके आगे
तमिलनाडु के धारापुरम सीट पर टीवीके की उम्मीदवार सत्यभामा.पी 18वें राउंड की काउंटिंग के बाद 9011 वोट से आगे चल रहीं हैं. उन्हें 54099 वोट मिले. यहां 23 राउंट की काउंटिंग
बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा, बीजेपी कार्यकर्ताओं के जश्न के मूड
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार हसीरानी रथ के आगे चलने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं के जश्न के मूड में दिखे.
तमिलनाडु काउंटिंग: धारापुरम में AIADMK 958 वोटों से आगे
तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर चौथे राउंड की वोट काउंटिंग के बाद ट्रेंड्स में AIADMK 958 वोटों से आगे चल रही है.
टीवीके: 9815
डीएमके: 8906
एआईएडीएमके : 10773
एटीके : 693
सीपीआई: 178
रेजीनगर में BJP 6500 वोटों से आगे
पश्चिम बंगाल के रेजीनगर में पहले राउंड की वोटिंग के बाद बीजेपी 6500 वोटों से आगे चल रही है. कांग्रेस दूसरे नंबर पर है. नंदीग्राम में बीजेपी उम्मीदवार हसीरानी रथ ने शुरुआती रुझानों के अनुसार विपक्ष को पीछे छोड़ दिया है.
असम के नागांव में BJP की बढ़त
बीजेपी उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अब असम के नागांव में अपनी बढ़त बनाई. चुनाव आयोग की वेबसाइट पर लेटेस्ट ट्रेंड्स के अनुसार, वह अभी 26,000 से ज़्यादा वोटों से आगे हैं. AIUDF चीफ बदरुद्दीन अजमल दूसरे नंबर पर हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार और बटाड्रोबा के पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा तीसरे नंबर पर
तमिलनाडु के धारापुरम में एआईएडीएमके उम्मीदवार ट्रेंड में आगे
चुनाव आयोग के ऑफिशियल ट्रेंड्स के अनुसार तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के लिए एआईएडीएमके की भानुमति. के आगे चल रही हैं. टीवीके की पी सत्यभामा और डीएमके की सुगन्या. एस पीछे चल रही हैं.
असली बदलाव एनटीके से आएगा, टीवीके से नहीं, जानकीरमन ने कहा
मदुरंतकम विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच चल रही है. एनटीके मदुरंतकम उम्मीदवार जानकीरमन ने कहा, “असली बदलाव एनटीके से आएगा, टीवीके से नहीं. हमें लोगों पर भरोसा है.”
8:12 AM, 9 Oct 2026 (IST)
पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए
देश की पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए. पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी और असम की नगांव लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती हो रही है.
8:05 AM, 9 Oct 2026 (IST)
पुडुचेरी सीट के लिए काउंटिंग सेटर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुडुचेरी में विधानसभा उपचुनाव की मतगणना से पहले थट्टांचावडी निर्वाचन क्षेत्र में मोतीलाल नेहरू सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुरक्षा कड़ी कर दी गई. आयोजन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
TAGGED:
उपचुनाव 2026 नतीजे लाइव अपडेट
बायपोल रिजल्ट
बंगाल नंदीग्राम रेजीनगर विधानसभा
असम नगांव लोकसभा सीट
BYPOLL 2026 RESULTS

