आस्था परिवर्तन बाद आरक्षण पर क्या है कहता है कानून?

आस्था परिवर्तन बाद आरक्षण पर क्या कहता है कानून, अभी तक कोर्ट के रहे कैसे फैसले, झारखंड से तमिलनाडु तक समझें पूरा विवाद

तमिलनाडु सरकार का आस्था परिवर्तन बाद मुस्लिम कैटेगरी में आरक्षण देने का फैसला मद्रास हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है.इस फैसले के खिलाफ राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची है.यह मामला पूरे देश में आस्था परिवर्तन और आरक्षण की बहस फिर चर्चा में ले आया है.झारखंड,छत्तीसगढ़,आंध्र प्रदेश,केरल,उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी इस विषय पर अलग-अलग न्यायिक फैसले सामने आ चुके हैं.कहीं अदालतों ने संविधान (SC Order,1950) का संदर्भ दिया तो कहीं OBC आरक्षण के सामाजिक आधार पर चर्चा हुई. जानिए विभिन्न राज्यों में अब तक अदालतों ने क्या रुख अपनाया और सुप्रीम कोर्ट का आसन्न फैसला क्यों महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

नई दिल्ली 09 जुलाई 2026 ।: भारत में आरक्षण सिर्फ एक सरकारी नीति नहीं,बल्कि सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा औजार माना जाता है.लेकिन जैसे ही आस्था परिवर्तन यानी कन्वर्जन का सवाल सामने आता है,यह व्यवस्था कानूनी और संवैधानिक बहस का विषय बन जाती है.क्या कोई व्यक्ति आस्था बदलने के बाद भी अपनी पुरानी सामाजिक पहचान के आधार पर आरक्षण का लाभ ले सकता है? क्या सामाजिक पिछड़ापन आस्था बदलते ही खत्म हो जाता है? या फिर संविधान इस मामले में अलग सीमा तय करता है? तमिलनाडु सरकार के इस्लाम अपनाने वालों को Backward Class Muslim (BCM) कैटेगरी में आरक्षण देने की कोशिश और मद्रास हाईकोर्ट के उसे असंवैधानिक ठहराने के बाद यह बहस एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है.अब मामला सुप्रीम कोर्ट के सामने है और इसका असर केवल तमिलनाडु तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि कई राज्यों की नीतियों और भविष्य के मामलों पर भी पड़ सकता है.
आस्था परिवर्तन बाद आरक्षण पर देशभर में क्या हैं नियम?

दरअसल पिछले दो दशकों में झारखंड,छत्तीसगढ़,आंध्र प्रदेश,केरल,उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी आस्था परिवर्तन और आरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले सामने आए हैं.कहीं अदालतों ने संविधान की सीमाओं पर जोर दिया तो कहीं सामाजिक वास्तविकताओं पर चर्चा हुई.अनुसूचित जाति (SC),अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मामलों में कानूनी स्थिति भी अलग-अलग है.इसलिए यह समझना जरूरी है कि आखिर देश के अलग-अलग राज्यों में अदालतों ने अब तक क्या रुख अपनाया है और तमिलनाडु का मामला इस पूरी बहस में क्यों महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तमिलनाडु से फिर गरमाया कन्वर्जन और आरक्षण विषय
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार तमिलनाडु सरकार ने साल 2024 में एक सरकारी आदेश जारी कर कहा था कि जो लोग BC,MBC,DNC या SC समुदाय से इस्लाम स्वीकार करते हैं,उन्हें Backward Class Muslim (BCM) कैटेगरी में आरक्षण का लाभ दिया जा सकेगा.सरकार का तर्क था कि आस्था बदलने से किसी व्यक्ति का सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ापन समाप्त नहीं होता. इसलिए केवल आस्थागत पहचान बदलने से आरक्षण लाभ खत्म करना सामाजिक न्याय के सिद्धांत के खिलाफ होगा. हालांकि मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने इस आदेश को संविधान और पहले के न्यायिक फैसलों के विपरीत मानते हुए निरस्त कर दिया.अब राज्य सरकार इसी फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे रही है.
इस विवाद ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आरक्षण का आधार आस्था हो या सामाजिक पिछड़ापन.अदालतों का कहना है कि कानून में जहां स्पष्ट प्रावधान हैं,वहां सरकारें प्रशासनिक आदेश से बदलाव नहीं कर सकतीं. वहीं सरकारों का तर्क है कि सामाजिक वास्तविकताओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इसी कारण यह मामला पूरे देश को एक महत्वपूर्ण कानूनी परीक्षा बन गया है.
संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश 1950 में अनुसूचित जाति का दर्जा मूलत: केवल हिंदुओं को था.बाद में इसमें संशोधन कर सिख और बौद्ध आस्थाओं को भी शामिल किया गया.लेकिन इस्लाम और ईसाईयत अपनाने वालों को अब भी SC कैटेगरी लाभ नहीं मिलता. यही कारण है कि आस्था परिवर्तन बाद आरक्षण का विवाद सबसे अधिक अनुसूचित जाति से जुड़े मामलों में दिखता है.दूसरी ओर OBC कैटेगरी में राज्यों के पास कुछ हद तक नीति बनाने की गुंजाइश रहती है,लेकिन वहां भी सामाजिक और कानूनी परीक्षण जरूरी माना जाता है।

सुप्रीम कोर्ट की अब तक की सोच क्या रही है?
सुप्रीम कोर्ट ने अलग-अलग मामलों में यह स्पष्ट किया है कि आस्था परिवर्तन अपने आप किसी व्यक्ति को नई जातीय पहचान नहीं देता.अदालत का जोर हमेशा इस बात पर रहा है कि आरक्षण का उद्देश्य ऐतिहासिक और सामाजिक पिछड़ेपन दूर करना है, लेकिन यह लाभ संविधान और संबंधित कानूनों के दायरे में ही दिया जा सकता है.
मार्च 2026 में भी शीर्ष अदालत ने एक मामले में दोहराया कि अनुसूचित जाति का संवैधानिक दर्जा सनातन तक सीमित है जिनका उल्लेख संविधान (SC) आदेश, 1950 में किया गया है. इसलिए यदि कोई व्यक्ति इस्लाम या ईसाईयत स्वीकारता है, तो उसे स्वतः SC कैटेगरी का लाभ नहीं मिल सकता. हालांकि अदालत ने यह भी माना कि सामाजिक भेदभाव का प्रश्न अलग विषय है और उस पर नीति बनाना सरकार तथा संसद का क्षेत्राधिकार है.
आंध्र प्रदेश: SC दर्जे पर स्पष्ट रुख
आंध्र प्रदेश में आस्था परिवर्तन और आरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए हैं. एक चर्चित मामले में मदिगा समुदाय के एक व्यक्ति ने ईसाईयत अपनाने के बाद भी अनुसूचित जाति से जुड़े कानूनी संरक्षण का लाभ लेने की कोशिश की.मामला अदालत तक पहुंचा, जहां स्पष्ट किया गया कि संविधान (SC) आदेश में ईसाईयत स्वीकार करने के बाद अनुसूचित जाति का संवैधानिक दर्जा स्वतः समाप्त हो जाता है.
हालांकि आंध्र प्रदेश में मुस्लिम समुदाय के कुछ सामाजिक पिछड़े वर्गों को OBC कैटेगरी में अलग आरक्षण देने की नीति भी रही है. इस पर भी कानूनी चुनौतियां आईं, लेकिन अदालतों ने स्पष्ट किया कि यदि आरक्षण सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन के आधार पर है तथा किसी विशेष आस्था को केवल पहचान के आधार पर लाभ नहीं दिया जा रहा, तो उसका परीक्षण अलग तरीके से होगा.
केरल: दलित ईसाइयों की मांग और कानूनी स्थिति
केरल में लंबे समय से दलित ईसाई समुदाय अनुसूचित जाति का दर्जे की मांग करता रहा है.उनका तर्क है कि आस्था परिवर्तन के बावजूद सामाजिक भेदभाव पूरी तरह समाप्त नहीं होता.कई आयोगों ने भी इस विषय पर विचार किया,लेकिन अब तक संवैधानिक व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

राज्य में कुछ मुस्लिम और ईसाई समुदाय OBC श्रेणी में हैं और उन्हें आरक्षण का लाभ मिलता है.लेकिन यह लाभ उनकी सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति के आधार पर है,न कि केवल आस्था परिवर्तन के कारण. इसलिए दलित ईसाइयों की SC आरक्षण संबंधी मांग अभी भी कानूनी और राजनीतिक बहस का विषय है.
झारखंड:आस्था परिवर्तन कानून और आरक्षण की बहस साथ-साथ
झारखंड में आस्था परिवर्तन और आरक्षण विषय लंबे समय से संवेदनशील रहा है. राज्य में बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति (ST) और अनुसूचित जाति (SC) समुदाय रहते हैं.यहां Jharkhand Freedom of Religion Act लागू है,इसमें जबरन या प्रलोभन देकर आस्था परिवर्तन कराना दंडनीय अपराध है.अदालतों में कई बार यह सवाल उठा कि आस्था परिवर्तन बाद व्यक्ति अपने पुराने सामाजिक दर्जे के आधार पर आरक्षण का लाभ ले सकता है या नहीं.

झारखंड हाईकोर्ट ने विभिन्न मामलों में यह स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति का कानूनी दर्जा बदलता है,तो संबंधित आरक्षण लाभ का निर्धारण भी संविधान और केंद्र के नियमानुसार होगा.विशेषकर SC आरक्षण के मामलों में अदालतों ने संविधान (Scheduled Castes) Order,1950 का हवाला देते हुए कहा कि यह लाभ आस्था से जुड़ा है.हालांकि OBC श्रेणी में सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन का अलग मूल्यांकन होता है.

छत्तीसगढ़:वनवासी पहचान और आस्था परिवर्तन का विवाद
छत्तीसगढ़ में विवाद मुख्य रूप से आदिवासी क्षेत्रों में आस्था परिवर्तन और उससे जुड़े अधिकारों को लेकर रहा है. कई ग्राम सभाओं ने ईसाईयत अपना चुके वनवासियों के गांव में प्रवेश या कुछ पारंपरिक अधिकारों पर रोक लगाने के प्रस्ताव पारित किए. इन मामलों में हाईकोर्ट तक विवाद पहुंचा.
कुछ मामलों में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्थानीय प्रशासन और ग्राम सभाओं के निर्णयों में सीमित हस्तक्षेप किया. बाद में जब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो शीर्ष अदालत ने भी हर मामले में तत्काल रोक लगाने से मना किया. हालांकि इन फैसलों का सीधा संबंध आरक्षण से नहीं था,लेकिन इसने यह बहस तेज कर दी कि आस्थागत पहचान बदलने पर सामाजिक पहचान कितनी बदलती है.
राज्य में ST दर्जा संविधान में जनजातीय पहचान पर आधारित है,इसलिए केवल आस्था परिवर्तन से जनजातीय पहचान स्वतः समाप्त नहीं होती.लेकिन SC श्रेणी में संवैधानिक प्रावधान अलग हैं.
उत्तर प्रदेश: फर्जी जाति प्रमाणपत्र पर न्यायालय कठोर 
उत्तर प्रदेश में भी आस्था परिवर्तन और आरक्षण से जुड़े कई विवाद हुए. कई मामलों में आरोप लगा कि कुछ लोगों ने  आस्था परिवर्तन के बावजूद पुराने SC प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर सरकारी नौकरी या शिक्षा में आरक्षण लाभ लिया.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ऐसे मामलों में स्पष्ट कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आस्था परिवर्तन के बाद गलत जानकारी देकर जाति प्रमाणपत्र हासिल किया है,तो उसका प्रमाणपत्र निरस्त किया जा सकता है और कानूनी कार्रवाई भी संभव है.अदालत ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था सामाजिक न्याय को बनाई गई है,न कि पहचान बदलकर लाभ लेने को.

महाराष्ट्र और कर्नाटक: OBC सूची पर अलग दृष्टिकोण
महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी आस्था परिवर्तन से जुड़े कई मामले सामने आए, खासकर OBC समुदायों के संदर्भ में. इन राज्यों में अदालतों ने माना कि OBC का निर्धारण केवल आस्था नहीं बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन के आधार पर होता है.यदि कोई समुदाय पहले से OBC सूची में है और उसके सामाजिक हालात नहीं बदले हैं, तो कुछ परिस्थितियों में संबंधित व्यक्ति OBC लाभ पाने का दावा कर सकता है.हालांकि हर मामला अलग तथ्यों और राज्य की अधिसूचना पर निर्भर है.यही कारण है कि पूरे देश में इस विषय पर एक समान स्थिति नहीं बन सकी है.

क्या पूरे देश में एक समान कानून की जरूरत है?
तमिलनाडु का मामला सिर्फ एक राज्य की नीति तक सीमित नहीं है. यह पूरे देश में आरक्षण और आस्था परिवर्तन से जुड़े कानूनी ढांचे की परीक्षा भी है. अलग-अलग राज्यों में अलग नीतियां और अलग न्यायिक व्याख्याएं होने से कई बार समान परिस्थितियों में भी अलग परिणाम सामने आते हैं. संविधान अनुसूचित जातियों के मामले में स्पष्ट व्यवस्था देता है, लेकिन OBC कैटेगरी में राज्यों को कुछ हद तक नीति बनाने का अधिकार प्राप्त है. इसी से तमिलनाडु सरकार का तर्क है कि सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ापन आस्था बदलने से समाप्त नहीं होता, जबकि हाईकोर्ट का कहना है कि जन्म-आधारित BCM समुदायों में केवल आस्था परिवर्तन के आधार पर शामिल नहीं किया जा सकता. अब सुप्रीम कोर्ट का फैसला भविष्य की नीतियों को महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकता है.

सुप्रीम कोर्ट के बड़े फैसले और संवैधानिक आधार

आस्था परिवर्तन और आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट समय-समय पर महत्वपूर्ण टिप्पणियां करता रहा है. Constitution (Scheduled Castes) Order, 1950 में अनुसूचित जाति श्रेणी केवल हिंदू, बाद में संशोधन से सिख और बौद्ध पंथ के अनुयायियों तक सीमित की गयी.इसी आधार पर शीर्ष अदालत ने कई मामलों में कहा कि इस्लाम या ईसाई पंथ स्वीकारने पर SC कैटेगरी का संवैधानिक लाभ स्वतः समाप्त हो जाता है.

वहीं Indra Sawhney (1992) फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि OBC आरक्षण का आधार सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ापन है,न कि केवल आस्था. इसी कारण OBC कैटेगरी के मामलों में राज्यों को पिछड़ा वर्ग आयोग की सिफारिशों के आधार पर कुछ नीति संबंधी अधिकार प्राप्त हैं.हालांकि ऐसी नीतियां भी संविधान और न्यायिक समीक्षा के दायरे में रहती हैं. तमिलनाडु का वर्तमान मामला इसी सीमा की नई परीक्षा माना जा रहा है.

रंगनाथ मिश्रा आयोग की सिफारिशें क्यों चर्चा में रहती हैं?
आस्था परिवर्तन और आरक्षण की बहस में रंगनाथ मिश्रा आयोग (National Commission for Religious and Linguistic Minorities) का उल्लेख अक्सर होता है. आयोग ने सिफारिश की थी कि दलित ईसाइयों और दलित मुसलमानों को भी अनुसूचित जाति के समान आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, क्योंकि सामाजिक भेदभाव केवल आस्था बदलने से समाप्त नहीं होता.
हालांकि यें सिफारिशें अब तक लागू नहीं की गयी हैं. केंद्र सरकारों का तर्क रहा है कि ऐसा बदलाव केवल संसद से कानून या संवैधानिक संशोधन से ही संभव है. इसी से आज भी दलित ईसाई और दलित मुस्लिम समुदायों की मांग राजनीतिक और कानूनी बहस का हिस्सा बनी हुई है.

अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर क्यों टिकी हैं निगाहें?
तमिलनाडु सरकार की विशेष अनुमति याचिका (SLP) पर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. यदि शीर्ष अदालत राज्य सरकार के पक्ष में फैसला देती है तो OBC कैटेगरी में आस्था परिवर्तन के बाद आरक्षण संबंधी नीतियों को नया आधार मिल सकता है. वहीं यदि हाईकोर्ट का फैसला यथावत रखा जाता है तो यह स्पष्ट संदेश होगा कि केवल पंथ परिवर्तन के आधार पर किसी व्यक्ति को किसी विशेष आरक्षित समुदाय में शामिल नहीं किया जा सकता.

हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि यह मामला मुख्य रूप से बैकवर्ड क्लास मुस्लिम (BCM) कैटेगरी से जुड़ा है, इसलिए इसका सीधा असर अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण के संवैधानिक प्रावधानों पर नहीं पड़ेगा. फिर भी यह फैसला सामाजिक न्याय, समानता और राज्यों के अधिकारों के बीच संतुलन तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
क्या आस्था परिवर्तन के बाद व्यक्ति पूरी तरह अपनी पुरानी सामाजिक पहचान खो देता है?

सामाजिक और कानूनी पहचान हमेशा एक जैसी नहीं होती. कई समाजशास्त्रियों का मानना है कि आस्था बदलने के बाद भी व्यक्ति सामाजिक भेदभाव और आर्थिक पिछड़ेपन का सामना कर सकता है. लेकिन कानूनी रूप से आरक्षण का लाभ संविधान और संबंधित कानूनों के अनुसार तय होता है. इसलिए सामाजिक वास्तविकता और संवैधानिक व्यवस्था कई बार अलग-अलग परिणाम देती हैं. इसी से यह विषय लगातार न्यायालयों और नीति-निर्माताओं में चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
क्या संसद कानून बदलकर आस्था परिवर्तन के बाद आरक्षण के नियम बदल सकती है?
हां. यदि केंद्र सरकार चाहे तो संसद से संविधान (Scheduled Castes) Order, 1950 या संबंधित कानूनों में संशोधन कर सकती है. हालांकि ऐसा फैसला केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी अत्यंत संवेदनशील होगा. किसी भी बदलाव से पहले व्यापक राजनीतिक सहमति और संवैधानिक परीक्षण आवश्यक होगा.
क्या पूरे देश में इस विषय पर एक समान नियम लागू हो सकते हैं?
SC और ST आरक्षण के मामले में संवैधानिक व्यवस्था पूरे देश में समान है. लेकिन OBC सूची और उससे जुड़ी नीतियों में राज्यों की भूमिका अधिक होती है. इसलिए अलग-अलग राज्यों में अलग व्यवस्थाएं दिखती हैं. यदि भविष्य में सुप्रीम कोर्ट कोई व्यापक संवैधानिक सिद्धांत तय करता है या संसद नया कानून लाती है, तब पूरे देश में अधिक समानता संभव हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *