अग्निवीर
दीपावली पूर्व अग्निवीरों को बड़ा उपहार,75% अग्निवीरों को मिलेगा 2 वर्ष विस्तार,जानें क्या क्या बदला?
Agniveer Service Extension: अग्निपथ योजना में सेना में भर्ती अग्निवीरों के लिए बड़ी खुशखबरी है. चार वर्ष सेवा पूरी होने पर जिन लगभग 75 प्रतिशत अग्निवीरों को घर लौटना था,उन्हें अब दो साल और सेना में काम का अवसर मिलेगा.अब अग्निवीरों का सेवा कार्यकाल चार वर्ष से बढ़ाकर छह वर्ष कर दिया गया है हालांकि यह विस्तार लेना उनकी अपनी इच्छा पर निर्भर होगा.इसके बाद नियमित सेना में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों को तय चयन प्रक्रिया और योग्यता पूरी करनी होगी.अग्निपथ योजना के पहले बैच के लगभग 18,300 अग्निवीरों का कार्यकाल दिसंबर 2026 तक पूरा हो रहा है.
अग्निपथ योजना में भारतीय सशस्त्र बलों में भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर है.अब चार साल की सेवा पूरी होने के बाद उन्हें दो साल और सेना में काम करने का मौका मिलेगा यानी अग्निवीरों का कुल सेवा कार्यकाल चार साल से बढ़कर छह साल होगा.इसके अलावा 6 साल बाद भी वे इंडियन डिफेंस सर्विसेज को अप्लाई कर सकेंगें.केंद्रीय कैबिनेट के फैसले के बाद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने एक प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी.उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था में पहले बैच के लगभग 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा.
इस फैसले से उन अग्निवीरों को राहत मिलेगी जिन्हें चार वर्ष सेवा पूरी होने पर दिसंबर 2026 में सेना से बाहर होना था हालांकि दो वर्ष का यह एक्सटेंशन लेना पूरी तरह अग्निवीरों की इच्छा पर निर्भर होगा.किसी भी अग्निवीर को अतिरिक्त दो वर्ष सेवा जारी रखने को विवश नहीं किया जाएगा.इस अवधि के बाद जो अग्निवीर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल होना चाहेंगें और चयन के तय मापदंडों पर खरे उतरेंगें, उन्हें स्थायी कैडर में शामिल होने का मौका मिल सकता है.
18,300 अग्निवीरों का चार वर्ष कार्यकाल हो रहा पूरा
अग्निपथ योजना में भर्ती हुए पहले बैच के लगभग 18,300 अग्निवीरों का चार वर्ष का कार्यकाल दिसंबर 2026 तक पूरा हो रहा है.मौजूदा व्यवस्था के अनुसार इन अग्निवीरों को 31 दिसंबर 2026 तक सशस्त्र बलों से बाहर होना था.अब दो वर्ष के अतिरिक्त सेवा कार्यकाल की व्यवस्था से उनके सामने सेना में बने रहने का एक और विकल्प खुल सकता है.पहले बैच में थल सेना, वायुसेना और नौसेना मिलाकर कुल लगभग 24,400 अग्निवीर भर्ती हुए थे.इनमें लगभग 19,000 अग्निवीर थल सेना,2,850 वायुसेना और 2,550 नौसेना में शामिल हुए थे.योजना के शुरुआती नियमों के अनुसार इनमें से लगभग 75 प्रतिशत अग्निवीरों को चार वर्ष की सेवा पूरी होने पर वापस जाना था.अब इन्ही 75 प्रतिशत को दो वर्ष अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा.पहले बैच की सेवा अवधि तीनों सेनाओं में अलग-अलग तारीखों पर पूरी हो रही है.भारतीय नौसेना के अग्निवीरों का कार्यकाल 21 नवंबर 2026 है तो वहीं भारतीय वायुसेना के अग्निवीर 21 दिसंबर 2026 को सेवामुक्त होंगे.भारतीय थल सेना के अग्निवीर 31 दिसंबर 2026 को रिटायर होंगे.
दो वर्ष एक्सटेंशन लेने को नहीं होगा दबाव
नई व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दो वर्ष का सेवा विस्तार अनिवार्य नहीं होगा. अग्निवीर अपनी इच्छा के अनुसार तय कर सकेंगें कि वे चार साल की सेवा के बाद वापस जाना चाहते हैं या दो साल और सशस्त्र बलों में काम करना चाहते हैं यानी अतिरिक्त दो साल की सेवा का विकल्प अग्निवीरों को मिलेगा. इस अतिरिक्त अवधि के बाद नियमित सशस्त्र बलों में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों को चयन प्रक्रिया और निर्धारित मापदंडों पर खरा उतरना होगा. केवल दो वर्ष का एक्सटेंशन मिलने से कोई अग्निवीर अपने आप स्थायी सैनिक नहीं बन जाएगा. नियमित कैडर में शामिल होने को चयन जरूरी होगा.
चार वर्ष की सेवा के बाद क्या बदलेगा?
अग्निपथ योजना के मौजूदा नियमों में चार वर्ष की सेवा पूरी होने पर अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीर नियमित कैडर में शामिल हो सकते हैं.शेष 75 प्रतिशत अग्निवीर सेवा से मुक्त किये जाने थे लेकिन अब दो वर्ष के अतिरिक्त सेवा कार्यकाल का विकल्प मिलने से प्रक्रिया बदल गयी है.इस व्यवस्था में चार वर्ष पूरे करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष और सेवा करने का अवसर मिलेगा.इसके बाद जो अग्निवीर नियमित सैनिक बनना चाहेंगे उन्हें चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा.
ग्रेजुएशन और स्किल सर्टिफिकेट का भी मिलेगा लाभ
अग्निवीरों के चार वर्ष कार्यकाल में उनकी आगे की पढ़ाई और रोजगार की संभावनाओं पर भी ध्यान दिया गया है. सेवा में अग्निवीरों को ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने का अवसर दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें स्किल सर्टिफिकेट भी दिए गए हैं ताकि सेना से बाहर आने के बाद उन्हें दूसरे क्षेत्रों में नौकरी पाने में मदद मिल सके.इसके अलावा अग्निवीरों के लिए कई ब्रांचेज भी खोली गई हैं. इसका उद्देश्य उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने और अपने कौशल के हिसाब से आगे बढ़ने के अवसर देना है. दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल मिलने पर उन्हें डिफेंस फोर्सेज में काम जारी रखने का एक और मौका मिल सकता है.
पक्की नौकरी को कैसे परखे जाते हैं अग्निवीर, क्या हैं वो 6 मानक?
अग्निवीरों को परमानेंट नौकरी के लिए 4 साल में 4 बार परखा जाता है. इसको सेना ने 6 मानक तय कर रखे हैं. इसके अलावा असाधारण प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को प्रॉयरिटी और वेटेज नंबर भी दिए जाते हैं.
अग्निवीरों को दीपावली उपहार में पहले बैच में हर 4 में से 1 अग्निवीर को पक्की नौकरी दी गई है तो बाकी 75 प्रतिशत को दो साल का एक्सटेंशन दिया गया है. सबसे खास बात ये है कि ये अतिरिक्त दो साल ड्यूटी करना उनकी मजबूरी नहीं बल्कि इच्छा पर निर्भर है. अगर वह जाना चाहते हैं तो जा सकते हैं. मगर ऐसा करके वह सेना में पक्की नौकरी का चांस गंवा देंगे. दरअसल जिन जवानों को एक्सटेंशन दिया गया है उन्हें एक बार फिर सेना में पक्की नौकरी पाने का मौका दिया जाएगा.
Agniveer Salary : अग्निवीरों को सेवामुक्ति के बाद स्किल सर्टिफिकेट भी मिलता है.
अग्निपथ योजना में भर्ती अग्निवीरों का सेवाकाल 4 साल रखा गया है. पहले से तय शर्त के हिसाब से इनमें से 25 प्रतिशत को परमानेंट नौकरी दी जानी है. ये वे अग्निवीर होते हैं, जो सेना के तय मापदंड पर खरे उतरते हैं. इसके लिए सेना हर साल उनका मूल्यांकन अलग-अलग स्तरों पर करती है. हर साल मूल्यांकन के लिए सेना ने 6 मानक तय किए हैं. द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार इन मानकों के अलावा उन अग्निवीरों को पक्की नौकरी में प्रॉयरिटी दी जाती है, जिन्होंने किसी भी इंटरनेशनल इवेंट में हिस्सा लिया हो, सेना मेडल या उससे ऊपर किसी भी तरह का गैलेंट्री मेडल मिला हो.
चार साल में चार स्तरों पर असेस्मेंट
सेना में जो भी अग्निवीर शामिल होते हैं उन्हें सिर्फ सैन्य प्रशिक्षण नहीं दिया जाता, बल्कि उनके काम, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और तकनीकी दक्षता का भी आकलन किया जाता है. इसे परखने के लिए सेना चार साल में चार बार अग्निवीरों का असेस्मेंट करती है. इसमें पारदर्शिता रहे, इसके लिए असेस्मेंट की जिम्मेदारी अलग-अलग स्तरों पर बांटी गई है.
पहला असेस्मेंट नियुक्ति से 31 सप्ताह के अंदर होता है, जिसकी जिम्मेदारी रेजिमेंटल सेंटर को दी गई है. दूसरा और तीसरा असेस्मेंट क्रमश: 18 और 30 महीने में होता है जिसकी जिम्मेदारी संबंधित यूनिट की होती है. चौथा और अंतिम असेस्मेंट 42 महीने के बाद किया जाता है. जिसकी जिम्मेदारी कोर और कमांड स्तर पर अधिकारी करते हैं. सबसे खास बात ये है कि शुरुआत से लेकर आखिरी परीक्षण तक हर अग्निवीर की रिपोर्ट तैयार की जाती है.
हैं वे 6 मानक जिनके आधार पर परखा जाता है प्रदर्शन
अग्निवीरों की ऑपरेशनल क्षमता, यानी हालात के हिसाब से फैसले लेने की क्षमता.
फायरिंग में सटीकता, हथियारों के इस्तेमाल में कौशल.
फिजिकल फिटनेस यानी दौड़, शारीरिक क्षमता.
सैन्य अभ्यास, आदेशों का पालन और अनुशासन.
अपने ट्रेड और सैन्य काम से जुड़ी तकनीकी जानकारी.
जिम्मेदारी, टीमवर्क और सैन्य आचरण.
अलग-अलग वेटेज का सिस्टम
सेना ने अग्निवीरों के मूल्यांकन सिस्टम के बारे में 2023 में जानकारी दी थी. इसमें बताया गया था कि ऑपरेशन क्षमता को 39 प्रतिशत, शारीरिक फिटनेस, फायरिंग और ड्रिल का 36 प्रतिशत और लिखित और व्यावहानिक परीक्षा का 25 प्रतिशत वेटेज होगा. इसके अलावा सेना मेडल या उससे ऊपर का वीरता पुरस्कार पाने वाले को सीधे स्थायी सेवा में प्राथमिकता दिए जाने का नियम है.
इसके अलावा सेना प्रमुख, आर्मी कमांडर या कोर कमांडर से कमेंडेशन कार्ड पाने वालों को भी अतिरिक्त अंक देने की व्यवस्था है. अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले अग्निवीरों को स्थायी भर्ती में विशेष अवसर दिए जाने का प्रावधान है. राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर 10 और सर्विस स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर 6 अतिरिक्त अंक दिए जाते हैं.
चयनित अग्निवीरों को मिलता है 15 साल सेवा का मौका
चार साल पूरे होने पर अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल होने के लिए आवेदन करना होता है. उनके चार साल के प्रदर्शन और तय मानकों के आधार पर उनका चयन किया जाता है. जो चुने जाते हैं उन्हें 15 साल या उससे अधिक की नियमित सेवा करनी होती है. बाकी अग्निवीरों को अब तक सेवा मुक्त किए जाने का प्रावधान था. हालांकि पहले बैच का चार साल का समय पूरा होने से पहले ही सरकार ने इन्हें दो साल का एक्सटेंशन दे दिया है. अब अग्निवीर दो साल तक और सेना की सेवा करेंगे
क्विक आंसर्स
अग्निपथ योजना में अग्निवीरों के सेवा कार्यकाल को बढ़ाकर कुल कितने वर्ष करने का निर्णय लिया गया है?
केंद्र सरकार के नए निर्णय के अनुसार, चार साल की सेवा पूरी करने वाले लगभग 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा, जिससे कुल सेवा अवधि चार साल से बढ़कर छह साल हो जाएगी।
क्या दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार लेना सभी अग्निवीरों के लिए अनिवार्य होगा?
नहीं, दो साल का यह एक्सटेंशन पूरी तरह से अग्निवीरों की इच्छा पर निर्भर करेगा और किसी भी अग्निवीर को सेवा जारी रखने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
छह साल की कुल सेवा पूरी होने के बाद अग्निवीरों के लिए आगे क्या अवसर उपलब्ध होंगे?
छह साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद, जो अग्निवीर सेना में बने रहना चाहते हैं और निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करते हैं, वे स्थायी संवर्ग (परमानेंट कैडर) में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
क्विक आंसर्स
अग्निपथ योजना के तहत सेना में स्थायी नौकरी के लिए कौन से 6 मुख्य मानक तय किए गए हैं?
सेना में स्थायी नौकरी और चयन के लिए 6 मुख्य मानक तय किए गए हैं, जिनमें अग्निवीरों की ऑपरेशनल क्षमता, फायरिंग में सटीकता, शारीरिक फिटनेस, मिलिट्री ड्रिल और अनुशासन, ट्रेड से जुड़ा तकनीकी ज्ञान, और जिम्मेदारी व टीमवर्क शामिल हैं।
अग्निवीरों के काम का मूल्यांकन चार साल के कार्यकाल के दौरान कितने स्तरों पर किया जाता है?
अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों के काम, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का मूल्यांकन चार साल में चार अलग-अलग स्तरों पर किया जाता है, जिसकी शुरुआत 31 हफ्तों में रेजिमेंटल सेंटर द्वारा होती है।
अग्निवीरों की परफॉर्मेंस का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न श्रेणियों को कितना वेटेज दिया गया है?
सेना द्वारा 2023 में दी गई जानकारी के अनुसार, ऑपरेशनल क्षमता को 39 प्रतिशत, शारीरिक फिटनेस, फायरिंग और ड्रिल को 36 प्रतिशत, तथा लिखित व प्रैक्टिकल परीक्षा को 25 प्रतिशत वेटेज दिया गया है।

