प्यू रिसर्च: 2070 तक भारत,पाक और बांग्लादेश में मुस्लिम होंगें एक अरब से ज्यादा,दुनिया में घटेगा ईसाई दबदबा

साल 2070 तक भारत में कितनी होगी हिंदुओं और मुसलमानों की आबादी, दुनिया का धार्मिक नक़्शा कैसे बदलेगा?
द‍िवाली

भारत में द‍िवाली एक महत्वपूर्ण त्‍योहार है

भारत आने वाले कई दशकों तक बहुसंख्‍यक हिंदू आबादी वाला देश बना रहेगा. हालांक‍ि, यहां की धार्मिक संरचना में धीरे-धीरे बदलाव आने का अनुमान है.

प्यू रिसर्च सेंटर
की 18 नवंबर 2026 को जारी जनसांख्यिकीय रिपोर्ट
The Future of World Religions: Population Growth Projections, 2020–2070 के अनुसार साल 2070 तक दुनिया की धार्मिक आबादी का अनुमान लगाया गया है. इसके मुताबिक़, साल 2070 तक भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 76 प्रतिशत होगी. साल 2020 में ये 79 प्रतिशत थी.

वहीं, इस बीच भारत में मुसलमान 15 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत हो जाएगें.

इस परिवर्तन की मुख्य कारण आयु और प्रजनन दर में अंतर है. भारत में मुसलमानों की औसत आयु हिंदुओं से कम है और उनमें औसतन ज़्यादा बच्चे पैदा होते हैं.

प्यू के अनुमानों के अनुसार, दक्षिण एशिया में हो रहे व्यापक जनसांख्यिकीय परिवर्तनों के केंद्र में भारत है.
दूसरी ओर, इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर पाकिस्तान के दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम जनसँख्या वाला देश बनने की आशा है. भारत दूसरे स्थान पर होगा.बांग्लादेश में भी मुस्लिम जनसंख्या में काफ़ी वृद्धि का अनुमान है.
इस अध्ययन में 201 देशों के आंकड़ों के आधार पर अगले 50 वर्षों में दुनिया की धार्मिक संरचना का अनुमान लगाया गया है. इसमें दुनिया की लगभग पूरी आबादी शामिल है.

दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद
इस अध्ययन में यह मानते हुए साल 2020 से 2070 के बीच सात धार्मिक समूहों की आबादी का आकलन किया गया है कि हाल के जनसांख्यिकीय रुझान आगे भी जारी रहेंगे.
जनगणना और सर्वेक्षणों के आंकड़ों के आधार पर इसमें साल 2020 में हर समूह की आबादी और उम्र संबंधी स्थिति का आकलन किया गया है. साथ ही, प्रजनन दर और धर्म बदलने के मामलों में अंतर को भी ध्यान में रखा गया है.

इस अध्ययन के निष्कर्ष दुनिया के बदलते धार्मिक परिदृश्य में भारत की अहम भूमिका को हाइलाइट करते हैं. अनुमान है कि साल 2070 तक पाकिस्तान के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश होगा.

अनुमान के मुताब‍िक़, तब भारत में मुसलमानों की आबादी लगभग 33.4 करोड़ होगी. पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी बढ़कर अनुमानित 46.1 करोड़ हो जाएगी और वह इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा.

हालांकि, इन अनुमानों से भारत की बदलती धार्मिक संरचना को लेकर कभी-कभी पेश किए जाने वाले दावों को ज़्यादा समर्थन नहीं मिलता.

रिपोर्ट के अनुसार, अगर जनसंख्या बढ़ने के मौजूदा रुझान जारी रहते हैं, तो साल 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ने की उम्मीद है. यही नहीं, देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी तीन-चौथाई से ज़्यादा बनी रहेगी.

भारत में कुल प्रजनन दर गिरने के बावजूद मुस्लिम महिलाएं अब भी औसतन हिंदू महिलाओं से ज़्यादा बच्चे पैदा करती हैं. इस परिवर्तन का मुख्य कारण जनसांख्यिकीय गति है.

साल 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत आयु 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत आयु 29 साल थी.

प्यू का अनुमान है कि साल 2025 से 2030 के बीच भारत में मुस्लिम महिलाएं औसतन 2.3 बच्चे पैदा करेंगी, जबकि हिंदू महिलाओं में यह आंकड़ा 1.8 होगा.

प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफ़नी क्रेमर ने बताया, “हमारा अनुमान है कि भारत में आस्थागत परिवर्तन का मुख्य कारण हिंदुओं और मुसलमानों में लंबे समय से चले आ रहे जनसांख्यिकीय अंतर होंगें. मुसलमानों की औसत आयु कम है और प्रजनन दर ज़्यादा है।
गुजरात में साबरमती नदी के किनारे छठ पर्व के मौक़े पर जुटीं मह‍िलाएं
स्टेफ़नी क्रेमर ने कहा, “प्रजनन दर का यह अंतर काफ़ी घटा है. साल 1992 में प्रति महिला एक से ज़्यादा बच्चे का अंतर था, जो हाल के वर्षों में घटकर लगभग आधा रह गया है. इसके आगे भी कम होते रहने की संभावना है.”

“लेकिन हिंदुओं की प्रजनन दर पहले ही प्रतिस्थापन स्तर (र‍िप्‍लेसमेंट लेवल) से नीचे जा चुकी है.दूसरी ओर, अनुमान है कि मुसलमानों की प्रजनन दर अगले दो दशकों तक इससे ऊपर बनी रहेगी.”

(प्रतिस्थापन स्तर वह प्रजनन दर है, जब पैदा होने वाले बच्चों की संख्या किसी आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए पर्याप्त होती है.)

प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के भारतीय जनसांख्यिकी विशेषज्ञ केएस जेम्स का कहना है कि ये अनुमान हैरान नहीं करते .

उन्होंने बताया,कि “मुसलमानों और हिंदुओं के बीच प्रजनन दर अंतर पहले से ही है. इसका मतलब है कि अगले कुछ दशकों तक मुसलमानों की जनसंख्या वृद्धि गति ज़्यादा रहेगी. लेकिन सभी पंथक समुदायों में प्रजनन दर घट रही है और यह अंतर आगे और कम होने की आशा है.”

उन्होंने कहा, कि “आख़िरकार दोनों की प्रजनन दर एक जैसी हो जाएगी.” उन्होंने यह भी कहा कि इन अनुमानों से भारत के जनसांख्यिकीय रुझान में किसी बड़े या नाटकीय परिवर्तन के संकेत नहीं मिलते.

जनसांख्यिकी विशेषज्ञ वे दावे निरस्त करते हैं, जो अक्सर हिंदू दक्षिणपंथी समूह करते हैं. इन दावों में कहा जाता है कि भविष्य में मुस्लिम जनसंख्या हिंदुओं से ज़्यादा होगी. उनका कहना है कि भारत में जनसंख्या परिवर्तन के पीछे बड़े पैमाने पर कनवर्जन का प्रमाण नहीं है. उनके अनुसार, ये अनुमान ऐसे “डरावने दावों” का समर्थन नहीं करते.

भारत के राष्ट्रीय स्तर के मुख्य अनुमान (2020–2070)

• कुल जनसंख्या: 2020 में भारत की कुल अनुमानित जनसंख्या 140 करोड़  थी, जो 2070 तक बढ़कर 170 करोड़ होने का अनुमान है।
• हिंदू जनसंख्या: भारत में हिंदुओं की संख्या 2020 के 111.3 करोड़ (79.4%) से बढ़कर 2070 में 128.9 करोड़ (75.8%) होने का अनुमान है। कुल जनसंख्या में प्रतिशत हिस्सेदारी घटने के बावजूद भारत में हिंदुओं की स्पष्ट बहुलता बनी रहेगी।
• मुस्लिम जनसंख्या: भारत में मुसलमानों की संख्या 2020 के 21.3 करोड़ (15.2%) से बढ़कर 2070 में 33.4 करोड़ (19.6% से 20%) तक पहुंच सकती है।
• अन्य पंथ: प्यू रिसर्च की भारत से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार, 2070 तक भारत दुनिया में सबसे अधिक हिंदू जनसंख्या वाला, दूसरा सबसे बड़ा मुस्लिम जनसंख्या वाला और आठवां सबसे बड़ा बौद्ध जनसंख्या वाला देश होगा। इसके अलावा, अन्य पंथों (सिख, जैन आदि) के अनुयायियों की कुल वैश्विक संख्या के मामले में भी भारत 2070 तक चीन को पीछे छोड़ देगा।

राज्यवार स्थिति को समझने के आधार

चूंकि प्यू रिसर्च राज्यों का अलग डेटा नहीं देता, इसलिए जनसांख्यिकी विशेषज्ञ राज्यों के रुझान समझने को मुख्य रूप से दो सरकारी स्रोतों का उपयोग करते हैं:
• भारत की जनगणना (Census 2011): यह देश के विभिन्न राज्यों में धार्मिक समुदायों की आबादी का सबसे विस्तृत आधिकारिक आधार है।
• राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-5): यह सर्वेक्षण अलग-अलग राज्यों और धार्मिक समूहों की प्रजनन दर (Fertility Rate) के आंकड़े प्रदान करता है, जो भविष्य की जनसंख्या वृद्धि को प्रभावित करने वाला मुख्य कारक है।

दिल्ली की जामा मस्जिद में ईद के दौरान कुछ बच्चे

भारत में राज्यवार प्रजनन दर 

भारत की जनगणना 2011 और राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (NFHS-5) के आंकड़े भारत के प्रमुख राज्यों में धार्मिक आबादी के वितरण और भविष्य की जनसंख्या वृद्धि को तय करने वाली प्रजनन दर (TFR) की स्पष्ट तस्वीर दिखाते हैं। 
प्रमुख राज्यों में धार्मिक आबादी (जनगणना 2011)
2011 की जनगणना के अनुसार, भारत की कुल आबादी में हिंदू 79.8% और मुस्लिम 14.2% हैं, जबकि ईसाई 2.3% और सिख 1.7% हैं। अधिकांश बड़े राज्यों में हिंदू बहुसंख्यक हैं। 
    • सबसे अधिक मुस्लिम प्रतिशत वाले राज्य और केंद्र शासित प्रदेश: लक्षद्वीप (96.58%) और जम्मू-कश्मीर (68.31%) मुस्लिम बहुल हैं। बड़े राज्यों में मुस्लिम हिस्सेदारी सबसे अधिक असम (34.22%), पश्चिम बंगाल (27.01%) और केरल (26.56%) में है। 
    • सबसे अधिक मुस्लिम आबादी (संख्या) वाले राज्य: कुल संख्या के लिहाज से भारत के सबसे अधिक मुस्लिम उत्तर प्रदेश (3.84 करोड़ या 19.26%), पश्चिम बंगाल (2.46 करोड़ या 27.01%) और बिहार (1.75 करोड़ या 16.87%) में रहते हैं। 
    • अन्य धर्मों की बहुलता वाले राज्य: उत्तर-पूर्व के तीन राज्यों—नगालैंड, मिजोरम और मेघालय—में ईसाई बहुसंख्यक हैं। पंजाब में सिख आबादी (लगभग 58%) बहुमत में है। 

प्रमुख राज्यों में कुल प्रजनन दर (NFHS-5: 2019–21)
जनसंख्या स्थिर रखने को प्रति महिला औसत 2.1 बच्चों की प्रजनन दर (Replacement Level TFR) आवश्यक मानी जाती है। NFHS-5 के अनुसार, भारत की राष्ट्रीय प्रजनन दर घटकर 2.0 पर आ गई है और देश के 31 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में यह 2.1 से नीचे है। 

राज्य हिंदू आबादी % (2011) मुस्लिम आबादी % (2011) कुल प्रजनन दर / TFR (NFHS-5)
बिहार 82.69% 16.87% 3.0 (देश में सर्वाधिक)
मेघालय 11.53% 4.40% 2.9 (ईसाई बहुल राज्य)
उत्तर प्रदेश 79.73% 19.26% 2.4
झारखंड 67.83% 14.53% 2.3
मणिपुर 41.39% 8.40% 2.2
मध्य प्रदेश 90.89% 6.57% 2.0
राजस्थान 88.49% 9.07% 2.0
असम 61.47% 34.22% 1.9
गुजरात 88.57% 9.67% 1.9
केरल 54.73% 26.56% 1.8
महाराष्ट्र 79.83% 11.54% 1.7
पश्चिम बंगाल 70.54% 27.01% 1.6

मुख्य जनसांख्यिकीय निष्कर्ष
    • केवल 5 राज्य 2.1 से ऊपर: पूरे देश में केवल बिहार (3.0), मेघालय (2.9), उत्तर प्रदेश (2.4), झारखंड (2.3) और मणिपुर (2.2) की प्रजनन दर ही प्रतिस्थापन स्तर (2.1) से ऊपर है। 
    • उच्च मुस्लिम आबादी वाले राज्यों में गिरावट: असम (1.9), केरल (1.8) और पश्चिम बंगाल (1.6) जैसे अधिक मुस्लिम हिस्सेदारी वाले राज्यों में भी कुल प्रजनन दर 2.1 से काफी नीचे आ चुकी है। 
    • समुदायों में घटता अंतर: प्यू रिसर्च के भारत विश्लेषण के अनुसार, भारत में विभिन्न धार्मिक समूहों की प्रजनन दर के बीच का अंतर पिछले दशकों में तेजी से कम हुआ है। 1992 में मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर हिंदू महिलाओं की तुलना में औसतन 1.1 बच्चे अधिक थी, जो अब घटकर 0.5 से भी कम रह गई है। 

 

 

 

 

 

रिपोर्ट के मुताबिक़, दक्षिण एशिया की व्यापक तस्वीर भी उतनी ही अहम है.

अनुमान है कि साल 2070 तक पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी दोगुने से भी ज़्यादा बढ़कर 46.1 करोड़ हो जाएगी और वह दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा. भारत 33.4 करोड़ मुसलमानों के साथ दूसरे स्थान पर रहेगा, जबकि बांग्लादेश में मुस्लिम आबादी बढ़कर 21.8 करोड़ हो जाएगी. इस बीच, भारत और नेपाल दुनिया के ऐसे दो देश बने रहेंगे जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं.

इन क्षेत्रीय बदलावों के पीछे दुनिया भर में हो रहा एक व्यापक बदलाव भी दिखाई देता है.

रिपोर्ट के मुताबिक़, साल 2035 तक मुसलमानों की जनसंख्या दुनिया में ईसाइयों की जनसंख्या से ज़्यादा हो जाने का अनुमान है. साल 2070 तक दुन‍िया में मुसलमानों की संख्या बढ़कर 364 करोड़ हो सकती है. यह संख्‍या साल 2020 में 202 करोड़ थी.

वहीं, ईसाई जनसंख्या तीन अरब से कुछ कम होगी. दुनिया की कुल जनसंख्या में मुसलमानों की हिस्सेदारी 36 %  होगी. आज यह 26%है.

लेकिन धार्मिक संरचना में सबसे बड़ा परिवर्तन दक्षिण एशिया से हज़ारों किलोमीटर पश्चिम में अफ़्रीका में हो सकता है.

ईसाई धर्म का केंद्र धीरे-धीरे यूरोप और अमेरिका से हटकर सहारा के दक्षिण में स्थित अफ़्रीका की ओर बढ़ रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक़, अगर हाल के रुझान जारी रहते हैं, तो साल 2070 तक दुनिया के आधे से ज़्यादा ईसाई इसी क्षेत्र में होंगे. साल 2020 में यह आंकड़ा 31 फ़ीसदी था. प्‍यू का अनुमान है कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य ईसाई आबादी के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ देगा और दुनिया में सबसे ज़्यादा ईसाई आबादी वाला देश बन जाएगा.

यूएन के अनुसार, भारत ने साल 2023 में जनसंख्या के में चीन को पीछे छोड़ दिया था
रिपोर्ट के अनुसार, यूरोप में ईसाई जनसंख्या में सबसे तेज़ गिरावट आ रही है. मौजूदा रुझान जारी रहते हैं, तो साल 2070 तक दुनिया की कुल ईसाई जनसँख्या में यूरोप की हिस्सेदारी घटकर 11% रह जाएगी. साल 2020 में यह 22 % थी.

अनुमान है कि साल 2065 तक अमेरिका में ईसाई आबादी घटेगी. इसके बावजूद साल 2070 में भी ईसाई देश का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बने रहेंगे.

इस बदलते धार्मिक परिदृश्य की एक वजह उन लोगों की बढ़ती संख्या है, जो ख़ुद को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते.

ब्रिटेन और फ़्रांस में साल 2070 तक ऐसे लोगों के बहुमत में आने का अनुमान है, जो ‘किसी धर्म से जुड़े नहीं’ हैं. दक्षिण कोरिया में भी ऐसा ही होने की उम्मीद है.

हालांकि, दुनिया की कुल आबादी में ऐसे लोगों की हिस्सेदारी 24 फ़ीसदी से घटकर 17 फ़ीसदी रहने का अनुमान है. इसकी मुख्य वजह चीन की आबादी में गिरावट है. रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में धर्म से असम्‍बद्ध बताने वाले दो-तिहाई लोग चीन में रहते हैं.

साल 2070 तक कुछ और अप्रत्याशित बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं.

अनुमान है कि अमेरिका हिंदू आबादी के मामले में दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा देश बन जाएगा. इसकी आबादी में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह प्रवासन होगा.

वहीं, ऑस्ट्रेलिया में धर्म से असंबद्ध लोगों की आबादी ईसाइयों से ज़्यादा हो जाएगी और वे देश का सबसे बड़ा समूह बन जाएंगे.

इस बीच, बौद्ध धर्म की आबादी पर जनसांख्यिकीय दबाव बढ़ने की आशंका है. चीन, जापान और दक्षिण कोरिया में बौद्ध आबादी आधे से भी ज़्यादा घट सकती है. इसकी वजह पूर्वी एशिया में आबादी का बूढ़ा होना और कुल आबादी में गिरावट है. अनुमान है क‍ि लाओस और मंगोलिया में भी बौद्ध बहुसंख्‍यक नहीं रहेंगे.

शिया मुसलमान 21 मार्च, 2026 को पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कार्दू में ईद अल-फितर की नमाज अदा करते हैं, जो इस्लामी पवित्र उपवास माह रमजान के अंत का प्रतीक है.

पाकिस्तान में ईद की नमाज अदा करते लोग
हालांकि, इन अनुमानों के साथ कुछ बातें ध्यान में रखना ज़रूरी है. ये जनसांख्यिकीय अनुमान हैं. भविष्य में होने वाली हर घटना की भविष्यवाणी नहीं. प्‍यू ने माना है कि हाल के वर्षों में प्रजनन दर, प्रवासन और धर्म बदलने यानी धर्मांतरण के जो रुझान देखे गए हैं, वे आगे भी जारी रहेंगे.

रिपोर्ट में स्वीकार किया गया है, “ऐसी कई घटनाएं हैं जो धार्मिक समूहों की आबादी को प्रभावित कर सकती हैं. इनमें युद्ध, प्राकृतिक आपदाएं, महामारियां और आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों में बदलाव शामिल हैं. इनका इस अध्ययन में विश्लेषण नहीं किया गया है.”

भारत के मामले में साल 2020 की धार्मिक संरचना का अनुमान लगाने के लिए साल 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करना पड़ा है. चूंक‍ि, इसके बाद होने वाली जनगणना अब तक नहीं हुई है.

इसके बावजूद, बदलाव की व्यापक दिशा साफ़ दिखाई देती है.

दुनिया के धार्मिक परिदृश्य में दक्षिण एशिया की अहम भूमिका बनी रहेगी. इसकी वजह सिर्फ़ भारत की विशाल हिंदू आबादी नहीं, बल्कि यहां की बढ़ती मुस्लिम आबादी का महत्व भी होगा. ईसाई धर्म का भविष्य तय करने में अफ़्रीका की भूमिका लगातार बढ़ेगी. दूसरी ओर, यूरोप और पूर्वी एशिया के कुछ हिस्सों में सेकुलरिज्म और बढ़ेगा.

साफ़ है कि साल 2070 तक दुनिया का धार्मिक परिदृश्य काफ़ी अलग हो सकता है. इसे पंथ परिवर्तन के बजाय जन्म, मृत्यु और प्रवासन के असमान आंकड़े ज़्यादा प्रभावित करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *