लोन को रिश्वत लेते बैंक ऑफ बडोदा मैनेजर तीन एजेंटों के साथ बंदी

Dehradun Bank of Baroda branch manager accused of demanding a bribe of 9 lakh CBI registers a case
देहरादून: बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा प्रबंधक पर नौ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, सीबीआई ने लिखा मुकदमा

देहरादून 19 नवंबर 2026। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और निजी व्यक्ति नरेंद्र, नीरज व अशरफ ने 1.80 करोड़ रुपये के लोन की मंजूरी और वितरण के बदले कुल रकम का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये रिश्वत मांगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में लोन मंजूर कराने और उसकी राशि जारी करने के नाम पर नौ लाख रुपये रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच देहरादून ने शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन समेत चार लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीबीआई ने मामले की जांच इंस्पेक्टर मनोज कुमार नेगी को सौंपी है।
सीबीआई में अंकित एफआईआर के अनुसार, क्लेमेंटटाउन निवासी आशीष बंबा ने 17 नवंबर 2026 को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और एजेंट नरेंद्र, नीरज व अशरफ ने 1.80 करोड़ रुपये लोन स्वीकारने और वितरण को कुल रकम का पांच प्रतिशत यानी नौ लाख रुपये रिश्वत मांगी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पहले IIFL बैंक से 1.20 करोड़ रुपये का लोन लिया था। इसकी ब्याज दर अधिक होने से वें लोन बैंक ऑफ बड़ौदा में ट्रांसफर कराकर टॉपअप लोन चाहते थे।

शिकायत में आरोप है कि लोन प्रक्रिया में आरोपितों ने  दो करोड़ रुपये के लोन स्वीकृति को 2.5 प्रतिशत कमीशन मांगा। बाद में शाखा प्रबंधक प्रेम रंजन और एजेंटों ने रिश्वत बढ़ाकर पांच प्रतिशत कर दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपितों को पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद दे चुके थे । 6.50 लाख रुपये और  मांगे जा रहे थे।

सीबीआई के अनुसार शिकायत स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में गोपनीय सत्यापन करायी गयी। इसमें प्रथम दृष्टया आरोप पुष्ट होने और रिश्वत मांगने से संबंधित तथ्य मिले तो 18 नवंबर को नियमित मुकदमा अंकित किया गया। एफआईआर में प्रेम रंजन, नरेंद्र, नीरज और अशरफ पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7(ए) के साथ बीएनएस की धारा 61(2) लगी है। मामले में आरोपों की विस्तृत जांच हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *