उत्तराखंड भाजपा 2022 में हाथ से निकली 23 सीटों को बना रही रणनीति
2022 में भाजपा के हाथ से निकली थी उत्तराखंड की 23 सीट, पुराने चेहरों के सामने चुनौती… बिछेगी नई बिसात
उत्तराखंड में भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी 23 हारी हुई सीटों पर जीत की रणनीति तैयार कर रही है।
देहरादून 29 नवंबर 2026। उत्तराखंड में सत्ता की हैट्रिक की तैयारी में जुटी भाजपा के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि जो सीटें 2022 में पार्टी हार गई थी, वहां इस बार जीत का रास्ता कैसे तैयार किया जाए।
भाजपा के सामने पिछले बार हाथ से निकली 23 सीटों को बचाने की चुनौती है। पिछले विस चुनाव में इन 23 सीटों पर कई बड़े चेहरे मात खा गए थे। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद (हरिद्वार ग्रामीण), महेंद्र भट्ट (बदरीनाथ), राजेश शुक्ला (किच्छा), पूरन सिंह फर्त्याल (लोहाघाट), चंद्रा पंत (पिथौरागढ़), डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल (जसपुर), डा. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला (हल्द्वानी) और सुरेश राठौर (ज्वालापुर) शामिल हैं। अब 2027 के चुनाव में दावेदारी के लिए इन नेताओं को भी अपनी राजनीतिक जमीन और जनस्वीकार्यता साबित करनी होगी।
पिछली बार दावेदारी नहीं होगा एकमात्र पैमाना
एक तरफ पुराने प्रत्याशी फिर से दावेदारी कर रहे हैं, दूसरी तरफ ऐसे तमाम नए चेहरे भी आ गए हैं, जो क्षेत्र में सक्रियता, सामाजिक समीकरणों और संगठन में पकड़ के आधार पर टिकट की दौड़ में जगह बनाने की कोशिश में हैं।
ऐसे में भाजपा पिछले चुनाव में हार के अंतर, चुनावी प्रदर्शन व क्षेत्र में सक्रियता, स्वीकार्यता और सांगठनिक तालमेल जैसे पहलू पर समीक्षा करेगी, लेकिन भाजपा ने यह तो तय कर लिया है कि पुराने चेहरे केवल पिछली बार दावेदारी के कारण अवसर नहीं पा सकेंगे। उन्हें यह भी दिखाना होगा कि बीते पांच वर्षों में उन्होंने अपनी राजनीतिक जमीन कितनी मजबूत की है।
वहीं, नए दावेदारों के लिए अवसर होगा कि वे संगठन व जनता के बीच अपनी सक्रियता को साबित कर विकल्प के रूप में जगह बनाएं।
सबसे कम अंतर से जीती सीटें भी चुनौती
विधानसभा सीट – विजेता – जीत का अंतर
श्रीनगर – डाॅक्टर धन सिंह रावत –587 वोट
टिहरी – किशोर उपाध्याय – 951 वोट
गदरपुर – अरविंद पांडेय – 1,120 वोट
देवप्रयाग – विनोद कंडारी 2,588 वोट



