बदरीनाथ मंदिर गर्भगृह ले गया श्रद्धालु स्पाई कैमरा,पुलिस पकड़ में मांगी क्षमा
Badrinath Temple Sanctum Mumbai Jayaprakash Carrying Spy Glasses Police Action
बद्रीनाथ मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में ‘स्पाई चश्मा’ लेकर घुसा मुंबई का जयप्रकाश, चमोली पुलिस ने लिया एक्शन
बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए आए मुंबई के जयप्रकाश पांडे ने गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर दिया। उत्तराखंड पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।
चमोली: बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए आए यात्री ने गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद यात्री ने वीडियो जारी कर माफी मांगी और वीडियो का इस्तेमाल न करने की बात कही है। यात्री पर पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की है।
Badrinath
सांकेतिक तस्वीर (AI IMAGE)
मुंबई से आए यात्री जयप्रकाश पांडे को बद्रीनाथ के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के माध्यम से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड करना महंगा पड़ गया। मंदिर परिसर में रिकॉर्डिंग पर प्रतिबंध के बावजूद वह गुप्त कैमरे से वीडियोग्राफी कर रहे थे। जिस पर पुलिस ने एक्शन लिया है। मंदिर की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए उनके पास मौजूद गर्भगृह क्षेत्र से संबंधित सभी अवैध वीडियो और फोटो मौके पर ही डिलीट करवा दिए गए।
सुरक्षा मानकों का उल्लंघन
चमोली पुलिस ने बताया कि बद्रीनाथ धाम में एक व्यक्ति को मंदिर के गर्भगृह में अवैध रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान उक्त व्यक्ति की पहचान जयप्रकाश पांडे पुत्र श्रद्धा प्रसाद पांडे, निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। बताया गया कि वह मंदिर के गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के माध्यम से अवैध रूप से वीडियो एवं फोटो रिकॉर्डिंग कर रहा था, जो मंदिर की निर्धारित व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई।
साथ ही, मंदिर की गोपनीयता, सुरक्षा एवं धार्मिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए उसके पास से बरामद सभी अवैध वीडियो एवं फोटो को तत्काल प्रभाव से डिलीट करवाया गया। चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील जारी कर कहा कि मंदिर प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
