मुंबई में बड़ा षड्यंत्र विफल… मुहर्रम में जहरीले कैप्सूल बांट रहा था फैयाज,उद्देश्य ढूंढने में उलझी पुलिस 

मुंबई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटते  फैयाज प्रेमजी को पकड़ा है।  पुलिस के अनुसार आरोपित फैयाज प्रेमजी ‘दर्द से राहत’ के नाम पर लोगों को जिंक फॉस्फाइड भरे कैप्सूल बांट रहा था.

पकड़ा गया आरोपित फैयाज पुणे का है.

दीपेश त्रिपाठी
मुंबई, 27 जून 2026, मुंबई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीले कैप्सूल बांटने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. पुलिस ने इस मामले में फैयाज प्रेमजी नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी बिना अनुमति के ‘दर्द से राहत’ के नाम पर लोगों को कैप्सूल बांट और बेच रहा था. मुंबई पुलिस के मुताबिक जेजे और भायखला इलाके से मोहर्रम का जुलूस गुजर रहा था, जहां आरोपी कथित तौर पर लोगों को कैप्सूल बांट रहा था. पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने फैयाज को कैप्सूल वितरित करते हुए देखा. शक होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसके पास मौजूद कैप्सूल जब्त कर लिए.

डीसीपी सेंट्रल रीजन जोन-1 जयंत मीणा ने बताया, ‘बीती रात भायखला पुलिस स्टेशन की सीमा में मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था. जुलूस के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति लोगों को कैप्सूल बांटता और बेचता हुआ दिखाई दिया. संदेह होने पर मुंबई पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उससे पूछताछ की और उसके पास से कैप्सूल का स्टॉक बरामद किया.’ पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने खासतौर पर मुहर्रम जुलूस को निशाना बनाया और इसमें शामिल होने वाले लोगों को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखता था.

फैयाज ने 50 KG जिंक फॉस्फाइड मंगाया था

डीसीपी जयंत मीणा ने कहा, कि ‘पूछताछ में आरोपित ने  बतायाहै कि उसने  30 हजार खाली कैप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने वाला जहरीला केमिकल) मंगवाया था, जो बेहद जहरीला पदार्थ है.’ पुलिस के  अनुसार आरोपित पुणे का फैयाज प्रेमजी निकला, जो पेंट कारोबारी और बीबीए ग्रेजुएट है. पूछताछ में यह भी आया कि उसने कई दिन अपने ठिकाने पर कैप्सूलों में जहर भरा. पुलिस का कहना है कि कैप्सूल लेने वाले सलमान सैयद की तबीयत बिगड़ गई थी. उसे पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद इलाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया.

जहर देने और हत्या के प्रयास का मुकदमा

भायखला पुलिस ने आरोपित के  पास से 14,900 जहरीले कैप्सूल मिले हैं. प्रत्येक कैप्सूल में एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड  था. जांच में यह भी आया है कि आरोपित  2025 में ईरान और इराक गया था. पुलिस सभी पक्षों से मामला जांच कर है. इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 में जहर देने और हत्या के प्रयास का मुकदमा लिखा गया है. पुलिस ने बताया कि फैयाज प्रेमजी शिया खोजा मुस्लिम समुदाय से है.

आरोपित एक साल में 19 बार ईरान-इराक गया

फैयाज की बहन ईरान में फिजियोथेरेपिस्ट है, जबकि उसकी मां भी ईरान में हैं. पत्नी से उसका तलाक हो चुका है. जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2019 से 2025 के बीच फैयाज कई बार ईरान और इराक यात्रा कर चुका है. पुलिस के अनुसार सालभर में ही वह 19 बार ईरान और इराक गया था. फैयाज प्रेमजी पुणे के विमान नगर इलाके में रहता है, जहां उसका पेंट कारोबार है. मुंबई आ वह डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस और डॉरमेट्री में ठहरा था.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी उन यात्राओं का उद्देश्य क्या था और क्या आरोपित किसी के प्रभाव में था या किसी बड़े षड्यंत्र की तैयारी कर रहा था. हालांकि, फिलहाल किसी आतंकी संगठन से उसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है. फिलहाल पुलिस आरोपित के मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और संपर्कों की गहन जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस षड्यंत्र में कोई अन्य व्यक्ति या संगठन शामिल था या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *