दीपक जोशी उत्तराखंड सचिवालय संघ अध्यक्ष, राजेन्द्र रतूडी महासचिव
उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव परिणाम जारी, दीपक जोशी बने अध्यक्ष, 109 वोटों से प्रतिद्वंदी को हराया
Uttarakhand Secretariat Association
उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव परिणाम जारी
देहरादून 15 मई 2026: उत्तराखंड सचिवालय में पिछले कई दिनों से चल रहे दंगल का परिणाम घोषित हो गया है. विभिन्न पदों पर हुए चुनाव में जहां कई सचिवालय सेवा के कर्मियों को निराशा हाथ लगी है, तो वहीं जीत के साथ कई प्रत्याशियों के चेहरे भी चमक उठे हैं. इसमें सबसे बड़े खिलाड़ी के रूप में दीपक जोशी सामने आए हैं, जिन्होंने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल की है.
बता दें कि उत्तराखंड सचिवालय में पिछले कई दिनों से जारी चुनावी दंगल का आखिरकार परिणाम सामने आ गया है. सचिवालय संघ के द्विवार्षिक चुनाव में कर्मचारियों ने अपने नए प्रतिनिधियों का चयन कर लिया है. चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा.
दीपक जोशी की शानदार जीत: वहीं, कई चेहरे जीत के साथ नई जिम्मेदारी संभालने को तैयार दिखाई दे रहे हैं. सबसे महत्वपूर्ण अध्यक्ष पद पर दीपक जोशी ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ सिद्ध कर शानदार जीत पाई.
दरअसल, उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव को लेकर पिछले काफी समय से वातावरण पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा था. सचिवालय में अलग-अलग गुटों में बंटे कर्मचारी अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में खुलकर प्रचार कर रहे थे.
पुरानी कार्यकारिणी से जुड़े कई पदाधिकारी भी चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों को समर्थन देते दिखे. वहीं, दूसरी तरफ नए चेहरे भी कर्मचारियों में अपनी पकड़ मजबूत करने को लगातार सक्रिय रहे. सबसे ज्यादा निगाहें अध्यक्ष पद पर थीं.
दीपक जोशी और प्रदीप पपनै में हुआ मुकाबला: अध्यक्ष पद को दीपक जोशी और प्रदीप पपनै में सीधा मुकाबला था. प्रदीप पपनै को जहां पुराने पदाधिकारियों और एक बड़े समूह का समर्थन था, तो वहीं दीपक जोशी ने चुनाव प्रचार में आक्रामक रणनीति अपनाई और लगातार कर्मचारियों में सक्रिय बने रहे.
मतदान बाद परिणाम सामने आए तो दीपक जोशी ने शानदार जीत पा सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया. चुनाव में दीपक जोशी को 594 वोट मिले. जबकि, उनके प्रतिद्वंदी प्रदीप पपनै को 485 वोट मिले.
इस तरह दीपक जोशी ने 109 वोटों के बड़े अंतर से जीत सचिवालय संघ अध्यक्ष पद पर फिर कब्जा जमा लिया. उनकी जीत सचिवालय राजनीति में बड़ी वापसी और मजबूत जनसमर्थन के रूप में देखा जा रहा है. दीपक जोशी की जीत के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखा.
Uttarakhand Secretariat Association
ढोल पर थिरकते कर्मचारी
वहीं, चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाई दी. सचिवालय परिसर में पूरे दिन चुनावी चर्चा बनी रही. कर्मचारियों में यह भी चर्चा रही कि दीपक जोशी ने चुनाव प्रचार में जो विषय प्रमुखता से उठाये, उसका फायदा उन्हें मतदान में मिला.
अध्यक्ष पद के अलावा अन्य पदों पर भी कई दिलचस्प मुकाबले दिखे. वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद राकेश जोशी ने जीता . उन्होंने अभिनव भट्ट को कड़ी टक्कर देते हुए चुनाव अपने नाम किया. वहीं, उपाध्यक्ष पद चुनाव में भी कांटे की टक्कर रही. यह पद संजय कुमार शर्मा ने जीता. जगत सिंह डसीला और दिनेश उनियाल को हार का सामना करना पड़ा.
महिला उपाध्यक्ष पद पर प्रमिला टम्टा ने बड़ी जीत पाई. प्रमिला टम्टा को कुल 630 वोट मिले. जबकि, उनकी प्रतिद्वंदी रेनू भट्ट को केवल 451 वोट. इस तरह प्रमिला टम्टा ने बड़े अंतर से जीत कर महिला कर्मचारियों में अपनी लोकप्रियता सिद्ध की.
महासचिव पद भी काफी महत्वपूर्ण है जिस पर राजेंद्र रतूड़ी ने जीत पाई. उन्होंने विमल जोशी को बड़े अंतर से हराते हुए महासचिव पद अपने नाम किया. सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी में महासचिव पद को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. क्योंकि, संगठन की गतिविधियों और कर्मचारियों के मुद्दों को आगे बढ़ाने में इस पद की बड़ी भूमिका रहती है.
इसके अलावा सचिव पद के चुनाव में अतुल कुमार सिंह ने जीत हासिल की. उन्हें कुल 498 वोट मिले. उन्होंने अमित कुमार और पुष्कर सिंह नेगी को हराकर यह पद अपने नाम किया. सचिवालय संघ के अन्य पदों पर भी चुनावी मुकाबले हुए, जिनमें कई नए चेहरे उभरकर सामने आए हैं.
सचिवालय संघ के चुनाव को लेकर पिछले कई हफ्तों से कर्मचारियों के बीच जबरदस्त सरगर्मी बनी हुई थी. चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों ने कर्मचारियों से कई वादे किए. कर्मचारियों के हितों, पदोन्नति, सुविधाओं और कार्य परिस्थितियों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए. यही वजह रही कि इस बार चुनाव को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह दिखाई दिया.
अब चुनाव परिणाम आने के बाद सचिवालय में नई कार्यकारिणी का गठन हो चुका है और कर्मचारियों को अपने नए प्रतिनिधि मिल गए हैं. हालांकि, चुनाव खत्म होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई कार्यकारिणी चुनाव के दौरान किए गए वादों को किस हद तक पूरा कर पाएगी. सचिवालय कर्मचारियों की उम्मीदें नई टीम से काफी बढ़ गई हैं.
कर्मचारियों का मानना है कि नई कार्यकारिणी को केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहिए. बल्कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे. सचिवालय में लंबे समय से लंबित कई मुद्दे ऐसे हैं, जिन पर कर्मचारी लगातार आवाज उठाते रहे हैं. ऐसे में नई टीम के सामने अब कर्मचारियों का भरोसा बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी.
फिलहाल, सचिवालय संघ का चुनावी दंगल समाप्त हो चुका है और नई कार्यकारिणी के गठन के साथ सचिवालय की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई टीम कर्मचारियों के हितों के लिए कितना प्रभावी काम कर पाती है और चुनावी वादों को जमीन पर उतारने में कितनी सफल रहती है.
TAGGED:
उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव
DEEPAK JOSHI WIN ELECTION
UTTARAKHAND SECRETARIAT ASSOCIATION
सचिवालय संघ अध्यक्ष दीपक जोशी
UTTARAKHAND SECRETARIAT SANGH

