SIR

उत्तराखंड में SIR: 8.26 लाख नाम कटे, ड्राफ्ट सूची में अब 71.33 लाख मतदाता
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है, जिसमें 8.26 लाख नाम काटे गए हैं और अब 71.33 लाख मतदाता शामिल हैं।
ड्राफ्ट मतदाता सूची में 71.33 लाख मतदाता शामिल

8.26 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए

आपत्तियां 13 अगस्त तक, अंतिम सूची 15 सितंबर को

देहरादून। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का पहला चरण पूरा होने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। सूची में 71,33,785 मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि 8,26,977 नाम काटे गए हैं।
वहीं, प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 11,733 से 12,543 कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए मंगलवार से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की हैं, 11 सितंबर तक इनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।

सचिवालय परिसर स्थित मीडिया सेंटर में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआइआर अभियान चलाया गया।

मैदानी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोग की वेबसाइट पर ड्राफ्ट रोल में दर्ज नाम देखे जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *